मुंबई. महाराष्ट्र कांग्रेस ने मंगलवार रात संजय झा को पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया है। झा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं। राजस्थान के सियासी ड्रामे के बीच हाल ही में संजय झा ने कुछ सुझाव दिए थे। झा ने एक समाचार पत्र में एक लेख लिखा था और मंगलवार को एक टीवी चैनल की डिबेट में कांग्रेस की आलोचना की थी।
अब कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि झा की पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासन तोड़ने के कारण कार्रवाई की गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख बाला साहेब थोराट ने भी बयान जारी किया।
कहा था- मैं सचिन के साथ हूं
डिबेट में संजय झा ने कहा कि मैं सचिन पायलट के साथ हूं। सच्चाई को देखिए...2013 के विधानसभा चुनाव में सीएम अशोक गहलोत थे। भाजपा को 163 और कांग्रेस को 21 सीट मिलीं। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 73 और कांग्रेस को 100 सीट हैं।
ट्विटर पर भी पायलट को सीएम बनाने की मांग की थी
मंगलवार को संजय झा ने ट्वीट के जरिए भी सुझाव दिया था कि राजस्थान में सचिन पायलट को सीएम बना देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि तीन बार सीएम रह चुके अशोक गहलोत को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए। गहलोत को ऐसे राज्यों की जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए जहां कांग्रेस कमजोर है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के लिए नया अध्यक्ष नियुक्त करना चाहिए।
पिछले महीने प्रवक्ता के पद से हटाया गया था
पिछले महीने जून में अंग्रेजी दैनिक में लेख सामने आने के तुरंत बाद कांग्रेस ने झा को पार्टी प्रवक्ता के पद से हटा दिया था। मंगलवार को एक टीवी डिबेट में कांग्रेस नेता संजय झा ने राजस्थान में जारी घमासान पर अपनी राय दी थी।
2013 से कांग्रेस के प्रवक्ता थे संजय झा
झा साल 2013 से कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता थे और टीवी डिबेट और पैनल चर्चा में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते थे। वह ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, महाराष्ट्र के अध्यक्ष हैं। झा भारत में डेल कार्नेगी ट्रेनिंग ऑपरेशंस के कार्यकारी निदेशक हैं।
Comment Now