रायपुर. राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को दोपहर बाद जमकर पानी बरसा। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई वहीं कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है शुक्रवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रदेश में मानसून आने के बाद से अब तक करीब 375 मिमी बारिश हो चुकी है। यह औसत से 26 फीसदी ज्यादा है।
जुलाई का पहला सप्ताह भी अब तक बारिश के लिहाज से अच्छा रहा है हालांकि पिछले दो दिनों से बारिश कम हो गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून द्रोणिका पूर्वी छोर हिमालय की तराई में चले जाने के कारण प्रदेश में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति बन गई थी। इस वजह से बारिश की मात्रा और क्षेत्र दोनों घट गया है। अभी एक द्रोणिका दक्षिण ओडिशा और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इस वजह से गुरुवार को दोपहर बाद राज्य के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। राजधानी में करीब 30 मिमी पानी बरस गया। पेंड्रारोड में 39, जगदलपुर में 26, दुर्ग में 18, राजनांदगांव में 14 मिमी पानी गिरा। दुर्ग, अंबिकापुर सहित कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। द्रोणिका के असर से शुक्रवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
राज्य में 26 फीसदी ज्यादा बारिश
प्रदेश में 1 जून से 9 जुलाई तक 374.6 मिमी पानी गिर चुका है। हालांकि इस दौरान औसत 297.8 मिमी पानी गिरना चाहिए। प्रदेश में कोंडागांव, महासमुंद और सूरजपुर में अब तक औसत से 89 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। सरगुजा में सबसे कम 29 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य के शेष हिस्सों में अब तक भारी और औसत के आसपास बारिश हो चुकी है।
Comment Now