भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोनावायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह 60 नए मामले सामने आए। नए मरीजों के साथ भोपाल में संक्रमितों की संख्या 3252 हो गई है। यहां अभी तक 105 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इंदौर में 4810 संक्रमित और 241 की मौत हो चुकी है। राज्य में 14 हजार 357 केस हो गए हैं। इस समय 2715 एक्टिव केस हैं। इनमें इंदौर के 874, भोपाल 462, मुरैना 341 और ग्वालियर के 143 मरीज हैं।
ग्वालियर-चंबल अंचल में शुक्रवार को कुल 1951 सैंपलों की रिपोर्ट आई, इनमें 123 पॉजिटिव निकले। सबसे ज्यादा 78 मरीज मुरैना में सामने आए। ग्वालियर में 31, शिवपुरी में 5, भिंड में 4, दतिया में 3 और श्योपुर में दो नए मरीज मिले।
मुरैना में डीआरडीई से आई 89 सैंपल की रिपोर्ट में से 22 पॉजिटिव आए। वहीं, जीआरएमसी से आई 265 सैंपल की रिपोर्ट में से 56 पॉजिटिव आए। इस तरह 354 सैंपल में से कुल 78 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें बुधवार-गुरुवार को सैंपल देने वाले 20 से ज्यादा व्यापारी, सबलगढ़ थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक, अंबाह बिजलीघर में पदस्थ मीटर रीडर और नगर निगम में पदस्थ हेल्थ ऑफिसर शामिल हैं। गंभीर बात यह है कि 3 दिन पहले नगर निगम एचओ ललित शर्मा की जांच रिपोर्ट जीआरएमसी से निगेटिव आई थी, लेकिन जब तकलीफ होने पर उन्होंने दूसरा सैंपल दिया तो रिपोर्ट डीआरडीओ से पॉजिटिव आई। मुरैना जिले में अब पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 620 पर पहुंच गया है।
ग्वालियर में 31 नए मरीज
ग्वालियर में शुक्रवार को रिकॉर्ड 31 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें भिंड में पदस्थ बिजली कंपनी का एई अवध शर्मा, सीसीटीवी कंट्रोल रूम में पदस्थ सिपाही राहुल शर्मा, बैंक में हेड कैशियर विजय गुप्ता, निगमकर्मी उमेश गुप्ता, कार्डियोलॉजी विभाग में वार्ड ब्वाय महेंद्र कुमार के नाम शामिल हैं। अधिकांश लोगों में बीमारी के लक्षण हैं। कुछ ऐसे भी हैं, जो संक्रमितों के संपर्क में आए थे। सावधानी बतौर उन्होंने सैंपल दिए थे। वहीं, धौलपुर निवासी कपूर चंद जैन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। उन्हें बुखार आ रहा था। गुरुवार को उनका जेएएच में निधन हो गया था। इसके बाद उनकी जांच की गई।
सागर: एमआर, बैंककर्मी, सेना के जवान समेत 10 पॉजिटिव मिले
सागर में शुक्रवार को 10 और नए केस मिले। जिले में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 400 के पार पहुंच गया। अब तक कुल 407 पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। इनमें से 345 पॉजिटिव शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। बाकी 62 पॉजिटिव जिले के अन्य 10 ब्लॉक से हैं। शुक्रवार को मिले मरीजों में 2 सदर कैंट निवासी हैं। जबकि सुभाष नगर, पथरिया जाट, रामपुरा, पंतनगर, श्रीराम नगर कॉलोनी और कृष्णगंज वार्ड निवासी हैं। इनमें सदर निवासी 25 वर्षीय पुरूष आईसीआई बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं और बैंक में ही काम करते समय इनके संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। सदर कैंट निवासी 21 वर्षीय सेना के जवान की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जो कि पूर्व में पॉजिटिव मिले साथी जवान के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
Comment Now