Friday, 30th May 2025

विरोध प्रदर्शन / कांग्रेस-भाजयुमो के प्रदर्शनों से सरगर्म रही राजधानी

Sat, Jul 4, 2020 5:36 PM

रायपुर. कांग्रेस और भाजपा दोनों ही राजनीतिक दलों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर शुक्रवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जहां पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में केन्द्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला तो वहीं भारतीय जनता पार्टी ने हरदेव सिन्हा के आत्महत्या की कोशिश के विरोध के बहाने बेरोजगारी के मुद्दे पर भूपेश सरकार का पुतला फूंका।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा
कांग्रेस पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में 4 जुलाई तक तहसील और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन कर रही है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज कांग्रेस नेताओं ने ब्लाक स्तर में विरोध प्रदर्शन किया। दरअसल पेट्रोल डीजल के बढतें दामों को लेकर कांग्रेस केन्द्र सरकार के खिलाफ आक्रमक तरीके से मैदान में उतरी है। 
शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा आज कोरोना जैसी वैश्विक महामारी का दौर चल रहा है जिसके कारण दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए भी लोगों  को सोचना पड़ रहा है इसके बाद भी केन्द्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर जनता पर दोहरा बोझ डाल रही है। शहर कांग्रेस के नेतृत्व में अब तक पं. जवाहर लाल नेहरू ,महंत लक्ष्मीनारायण दास, शहीद ब्रिगेडियर, गुरूघासी दास ब्लाक में प्रदर्शन किया जा चुका है। कांग्रेस प्रदर्शन में  प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, कन्हैया अग्रवाल, विकास तिवारी, सुमित दास, आशा चैहान, सुरेश चन्नावार, राजेश सिंह ठाकुर, दिलीप अग्रवाल आदि मौजूद थे। कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने भाजपा को समझाइश दी है कि वह युवाओं के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाना और राजनीतिक रोटी सेकना बंद कर दे।

भाजयुमो ने बेरोजगारी भत्ता को लेकर सरकार के तीन हजार पुतले फूंके

बेरोजगार हरदेव सिन्हा की आत्महत्या की कोशिश की घटना के विरोध में भाजयुमो ने शुक्रवार को जशपुर से सुकमा तक प्रदेश भर में 3000 से भी अधिक स्थानों में कांग्रेस सरकार का पुतला दहन किया। मोर्चा ने दावा किया कि इतनी अधिक संख्या में एक साथ युवाओं द्वारा जताया गया यह आक्रोश बताता है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार युवाओं को रोजगार देने के मामले में पूर्णता विफल साबित हुई है। इस प्रदर्शन का सोशल मीडिया में जो सीधा प्रसारण हुआ है। शुक्रवार को भाजयुमो महामंत्री संजूनारायण सिंह, भाजयुमो मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने पुरानी बस्ती, जिलाध्यक्ष राजेश पांडे ने नर्मदापारा (रायपुर), प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रांत सिंग ने वार्ड नं 3 खैरागढ़, प्रबलप्रताप जूदेव ने जशपुर निवास, जिलाध्यक्ष दिलीप पिद्दी ने सुकमा, रजनीश पाणिग्रही ने जगदलपुर, सुदीप ने नारायणपुर, निखिल राठौर ने भानुप्रतापपुर, आनंद यादव ने बलौदाबाजार, राजू महंत ने जांजगीर, रितेश गुप्ता ने सरगुजा, निश्चल सिंग ने अम्बिकापुर, संजय सिंग ने चिरमिरी स्थित अपने निवास में पुतला दहन किया। लगभग डेढ़ सौ ज़गहों पर पुलिस ने पहुंचकर पुतलादहन को रोकने की चेष्टा की। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि आज प्रदेशभर में 14 हज़ार शिक्षकों के पद रिक्त हैं। 22सौ आरक्षक भर्ती विलंबित है, सब इंस्पेक्टर, प्लाटून कमांडर के एग्जाम नहीं हुए हैं। सरकार वित्तीय संकट का बहाना कर युवाओं को 25 सौ रुपए  बेरोजगार प्रोत्साहन राशि देने से आनाकानी कर रही है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery