भोपाल. मध्यप्रदेश में ट्वीट को लेकर सियासत जोरों पर हैं। पहले दो मामलों में एफआईआर में नामजद आरोपी बनने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच में एक और शिकायत की गई है। इस बार भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और आईटी सेल के संयोजक शिवराज डाबी को लेकर एक ट्वीट को आधार बनाया है। उनका कहना है कि इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
एएसपी क्राइम ब्रांच निश्चय झारिया ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे भाजपा नेता ब्रजेश लूनावत समेत अन्य लोग आए थे। उन्होंने एक शिकायत आवेदन देते हुए दिग्विजय सिंह के ट्वीट की फोटोकॉपी भी दी है। उनका आरोप है कि दिग्विजय ने आईटी सेल के संयोजक शिवराज डाबी को लेकर भ्रम फैलाने वाला जो ट्वीट किया है, उससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। इसमें उन्होंने शिवराज को एफबीआई का मास्ट वांटेड बताया है। ऐसे में दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश लूनावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, शैलेन्द्र शर्मा और शिवराज सिंह डाबी ने शिकायत की।
पहली एफआईआर
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कूटरचित वीडियो वायरल करने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत 12 लोगों पर 14 जून को केस दर्ज किया था। पुलिस ने ये कार्रवाई भाजपा द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की थी। पुलिस ने एक एफआईआर में 11 लोगों को आरोपी बनाया है, जबकि दूसरी एफआईआर में दिग्विजय सिंह आरोपी हैं।
दिग्विजय पहुंचे शिवराज के खिलाफ शिकायत करने
मामला दर्ज होने के दो दिन बाद दिग्विजय 17 जून की सुबह क्राइम ब्रांच थाने में समर्थकों के साथ पहुंचे। दिग्विजय ने राहुल गांधी के एडिटेड वीडियो को शेयर करने को आधार बनाकर शिवराज सिंह के खिलाफ शिकायत की। दिग्विजय का कहना था कि अगर मेरे खिलाफ एफआईआर हुई है, तो शिवराज के खिलाफ भी मामला दर्ज होना चाहिए। अगर पुलिस केस दर्ज नहीं करती है, तो मैं इसके लिए कोर्ट जाऊंगा।
दूसरी एफआईआर
भोपाल में 25 जून को दिग्विजय के खिलाफ टीटी नगर पुलिस थाने में एफआईआर की गई। सिंह पर 11 दिन में यह दूसरा केस दर्ज किया गया था। उनके खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं करने को लेकर एफआईआर की गई। उसी दिन कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और भाजपा विधायक कृष्णा गौर पर भी एमपीनगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किए गए।
Comment Now