इंदौर. सोमवार रात 1588 सैंपल में से 54 नए पॉजिटिव मरीज मिले। 2 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ जिले में पॉजिटिव मरीजों की मौत का आंकड़ा 203 तक पहुंच गया है। अब तक 74389 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है, जिनमें 4427 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राहतभरी बात यह है कि 3278 लोग काेरोना को मात देकर अपने घर लौट चुके हैं। अभी जिले में 946 एक्टिव मरीज हैं, जिनका अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है। होटल और गार्डन में क्वारैंटाइन 4311 लोग भी अब अपने घर लौट चुके हैं।
200 मरीजों की जान गई
शहर में पहला पॉजिटिव मरीज 24 मार्च को सामने आया था और 54 दिन व 2470 मरीज पॉजिटिव आने पर सौ मरीजों की मौत हुई थी। वहीं, अगले सौ मरीजों की मौत केवल 36 दिन में और 1903 मरीज सामने आने पर दर्ज की गई। मौतों की दर चार से बढ़कर 5.25 फीसदी हो गई। पहले 50 मौत होने पर 20 से अधिक दिन लग रहे थे, लेकिन 150 से 200 मरीजों की मौत का आंकड़ा तो केवल 16 दिन में आया।
मास्क नहीं लगाने वालों पर स्पॉट फाइन कर मास्क भी देगा निगम
अब निगम छोटे व्यापारी, ठेले वालों के चालान नहीं बनाएगा। वहीं, सभी जोनल अधिकारी अपनी गाड़ियों में 100-100 मास्क रखेंगे। मास्क नहीं लगाने वालों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई कर उन्हें मास्क पहनाया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का फाइन भी अधिकतम 1000 रुपए से ज्यादा नहीं होगा। निगम द्वारा 14 दिन की कार्रवाई में 25 लाख के लगभग राशि शहरवासियों से स्पॉट फाइन के रूप में वसूल की गई है। इसका जनप्रतिनिधियों के साथ ही हर वर्ग द्वारा विरोध किया जा रहा है।
लॉकडाउन में वैसे ही लोगों के पास पैसे नहीं हैं
पूर्व पार्षद दिलीप शर्मा ने मांग की थी कि ऐसी कार्रवाई करने की बजाय निगम उन्हें मास्क बांट देता। तीन महीने के लॉकडाउन में वैसे ही लोगों के पास पैसे नहीं हैं और निगम फाइन लगा रहा है। इसके बाद निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह को कार्रवाई शिथिल करने के निर्देश दिए। इस पर देवेंद्र सिंह ने सोमवार को स्मार्ट सिटी ऑफिस में बैठक में कहा कि सभी विभाग प्रमुख, स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारी, सीएसआई निगम वाहनों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर अनाउंसमेंट करेंगे। सीधे स्पाॅट फाइन नहीं किया जाएगा। लगातार समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर स्पाॅट फाइन की कार्रवाई की जाएगी।
Comment Now