Sunday, 1st June 2025

बिहार: अनलॉक-1 का 18वां दिन / राज्य में 6993 संक्रमित, इनमें 4776 मरीज स्वस्थ्य हुए; राजद नेता रघुवंश प्रसाद कोरोना पॉजिटिव

Thu, Jun 18, 2020 7:53 PM

 

  • पिछले 24 घंटे में 205 संक्रमित कोरोनावायरस को हराने में सफल रहे
  • रघुवंश के संक्रमित होने पर उनके कौटिल्य नगर आवास का इलाका सील
 

पटना. बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6993 हो गई है। गुरुवार को 53 नए मरीज मिले। राज्य के 4776 मरीजों ने कोरोना को मात दी है और वे स्वस्थ्य हो गए हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 43 हो गई है। बुधवार को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव एक मरीज की मौत हो गई। मृतक सत्तन कामती (51) दरभंगा के निवासी थे। पिछले 24 घंटे में 205 संक्रमित कोरोना को हराने में सफल रहे। 

रघुवंश और पुतुल पॉजिटिव
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सर्दी-खांसी और निमोनिया की शिकायत पर उनको पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। वह बिहार के पहले बड़े नेता हैं, जो कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। पूर्व सांसद पुतुल कुमारी भी कोरोना से पीड़ित हैं। उनका इलाज दिल्ली एम्स में हो रहा है। 

पटना में मिले 9 कोरोना मरीज, 327 पर पहुंचा आंकड़ा
पटना में 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। नेहरूनगर के 33 साल और एक्जीबिशन रोड के 34 साल के दुकानदार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिहटा के एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। दिल्ली से लौटे खगौल के 38 साल के युवक और फुलवारीशरीफ के 24 साल के युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। 

फुलवारीशरीफ की रहने वाली 20 साल की युवती, धनरूआ का 32 साल का युवक, बिहटा के मोहम्मदपुर के 33 साल के मरीज और छह साल की एक बच्ची की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन दोनों के पिता पहले से संक्रमित हैं और उनका इलाज एनएमसीएच में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि पिता से ही तीनों को संक्रमण लगा है। पॉजिटिव आने पर दोनों को होटल पाटिलपुत्र अशोक में भर्ती कराया गया है। एक युवती पटना एम्स में भर्ती है। वह भी पटना की रहने वाली है। उसके मोहल्ले का पता नहीं चल पाया है। पटना में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 327 हो गई है। 

रघुवंश के कौटिल्य नगर आवास का इलाका सील
रघुवंश प्रसाद की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास समेत आसपास की गली को बांस-बल्ला लगाकर सील किया गया है। संबंधित इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। यहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक है। इस इलाके में जरूरी सामान की होम डिलिवरी होगी।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery