रायपुर. छत्तीसगढ़ में शनिवार देररात तक कोरोना संक्रमण के 106 नए मामले सामने आए हैं। इसमें रायपुर के एक डॉक्टर भी शामिल हैं। डॉक्टर की नियुक्ति माना के कोविड-19 अस्पताल में थी। वहीं बस्तर के दंतेवाड़ा में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां दो केस पहली बार मिले हैं। वहीं कोरबा में 13, बेमेतरा मे 10, बलौदाबाजार व राजनांदगांव में 13-13, बिलासपुर में 8, कवर्धा में 5, रायपुर में 15, महासमुंद में 8, दुर्ग में 6, जांजगीर-चांपा व बलरामपुर में 3-3, धमतरी में2, कोरिया व बेमेतरा में 1-1 मरीज मिला है।
जबकि 81 कोरोना संक्रमित मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। इनमें कवर्धा से 17, बालोद से 11, महासमुंद, रायगढ़, राजनांदगांव व रायपुर से 9-9, कोरबा व जशपुर से 5-5, गरियाबंद से 4, जांजगीर से 2 ओर बलौदाबाजार से 1 शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 888 हो गई है। जबकि कुल संक्रमित 1520 मामले सामने आ चुके हैं।
शराब दुकानें खोलने का समय बढ़ा
छत्तीसगढ़ में शराब दुकानें अब दो घंटे ज्यादा समय तक खुलेंगी। सरकार ने दुकानों के संचालन के लिए सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक करने की अनुमति दे दी है। इससे पहले शाम 7 बजे तक ही दुकानों को खोलने की अनुमति थी। आबकारी विभाग के विशेष सचिव एपी त्रिपाठी ने जिलों के कलेक्टर को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
पैरेंट्स की अनुमति तो बढ़ा सकेंगे स्कूल फीस
छत्तीसगढ़ में नए सत्र 2020-21 में प्राइवेट स्कूल फीस नहीं बढ़ा सकेंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने इस पर रोक लगा दी है। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग को निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, जहां पैरेंट्स की सहमति होगी ऐसे स्कूल फीस बढ़ा सकते हैं। आदेश नहीं मानने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने हर सत्र में 10 फीसदी तक फीस बढ़ाने का अधिकार निजी स्कूलों को दे रखा है।
धार्मिक स्थलों में भी कोरोना को लेकर नियम और निर्देशों का पालन किया जा रहा है। यह तस्वीर बिलासपुर स्थित जामा मस्जिद की है। यहां नमाज से पहले आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।
प्रदेश में मरीजों के डिस्चार्ज होने का औसत 6 से 16 दिन
कोरोना के मरीजों को अब अधिकतम 10 दिन में डिस्चार्ज किया जाएगा। अभी मरीजों के डिस्चार्ज होने का औसत 6 से 16 दिन रहा है। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण अब कुछ मरीजों को बिना रिपीट टेस्ट छुट्टी दी जा रही है। डाॅक्टरों का कहना है बिना लक्षण वाले मरीज जल्दी स्वस्थ होते हैं, क्योंकि उनके शरीर में वायरल लोड कम होता है। इसलिए वे जल्दी स्वस्थ भी हो रहे हैं। जिन मरीजों की मौत हुई है, वे गंभीर थे।
श्रमिकों की स्किल मैपिंग कर हुनर के आधार पर रोजगार
प्रवासी श्रमिक सहित प्रदेश के अन्य श्रमिकों के स्किल मैपिंग की जाएगी। इसके बाद उनके हुनर के अनुरूप रोजगार दिया जाएगा। इसको लेकर नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डाॅ. शिवकुमार डहरिया आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही श्रमिक कार्ड के लिए 90 दिन काम करने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। अब बिना रिपोर्ट आए क्वारैंटाइन सेंटर से किसी को छुट्टी नहीं मिलेगी। मंत्री डहरिया ने शहरी क्षेत्रों में पात्र गरीबों को पट्टे जल्द देने के निर्देश दिए हैं।
कोराेना अपडेट्स...
बिलासपुर : सिम्स ने किरन श्रीवास और वर्षा राय को प्रशिक्षण के लिए रायपुर भेजा था। वर्षा की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें लौटा दिया गया। उनकी जगह अजय सोनवानी को भेजा। लौटने के बाद कर्मचारियों की जांच नहीं कराई। कर्मचारियों का कहना है कि अगर गाइडलाइन में जांच करने का कोई नियम नहीं है तो इसकी जानकारी हम लोगों को पहले क्यों नहीं दी गई? डीन पीके पात्रा के अनुसार, कर्मचारी अगर बीमार हैं तो नौकरी से छुट्टी ले लें।
रायपुर एम्स के डॉ. अतुल जिंदल कोरोना वार्ड के प्रभारी हैं। मरीजों का इलाज करते हुए उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। स्वस्थ होकर डाॅ. जिंदल भिलाई स्थित कुबेर इनक्लेव अपार्टमेंट में अपने घर आए। परिवार की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस दौरान लोगों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया।
दुर्ग : जिला प्रशासन ने सैलून संचालकों को राहत देते हुए रविवार को भी दुकानें खोलने की अनुमति दी है। इसके तहत अवकाश वाले दिन सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक दुकानें खुल सकेंगी। इससे पहले सोमवार से शुक्रवार तक खोलने की अनुमति थी। इसके बाद सुबह 9 से शाम 4 बजे तक दुकानें खोलने का आदेश जारी हुआ। अब सेन समाज के लोगों ने कलेक्टर डा. सर्वेश्वर भूरे से रविवार को अवकाश वाले दिन भी दुकानें खोलने मांग की थी।
रायगढ़ : शहर के विजयपुर इलाके की कृष्णा वेली कॉलोनी में मां-बेटे के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पूरी कालोनी को सील कर दिया गया है। यहां 10 लोगों के सैंपल लिए गए थे, दो की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई थी, 8 की रिपोर्ट का इंतजार है। नागपुर से लौटे मां-बेटे को स्वास्थ्य विभाग ने विजयपुर कृष्णा वेली अपार्टमेंट में होम क्वारैंटाइन किया था। कॉलोनी में किसी भी बाहरी व्यक्ति काे प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
रायगढ़ के विजयपुर इलाके की कृष्णा वेली कॉलोनी का युवक 6 जून को नागपुर से लौटा था। उसे 14 दिनों तक होम क्वारैंटाइन किया गया, लेकिन उसके पिता सामान खरीदने बाहर निकले। घर के बच्चे भी बाहर खेलते रहे। परिवार में किसी बच्चे का पिछले दिनों बर्थडे भी था, तब छोटी सी पार्टी भी की। अब युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कॉलोनी को सील कर दिया गया है।
Comment Now