भोपाल. कांग्रेस के बनवारीलाल शर्मा के निधन के कारण रिक्त हुई मुरैना की जौरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव निर्धारित छह महीने की अवधि में नहीं हो पाएंगे। कोरोना से पैदा हुई परिस्थिति के कारण चुनाव आयोग ने यह निर्णय लिया है। वहीं आगरमालवा की खाली सीट के संबंध में अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग के लिए वर्तमान परिस्थिति में उपचुनाव कराना संभव नहीं है। देशभर में 5 जुलाई 2020 तक होने वाले सभी उपचुनाव परिस्थिति सुधरने पर करवाए जाएंगे। जौरा सीट 21 दिसंबर 2019 को खाली हुई थी। नियमानुसार 20 जून 2020 तक इस सीट के लिए उपचुनाव हो जाने थे।
वहीं, आगरमालवा सीट भाजपा के मनोहर ऊंटवाल के निधन के कारण 31 जनवरी 2020 को खाली हुई है। नियमानुसार वहां 30 जुलाई 2020 तक उपचुनाव होना चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए उसकी तारीख भी आगे बढ़ने की पूरी संभावना है। इनके अलावा प्रदेश में 22 अन्य सीटों पर भी उपचुनाव होना हैं।
Comment Now