रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर में आपसी विवाद के बाद एक युवक ने अपने दोस्त को चाकू मार दिया। चाकू युवक के गले में लगा है। उसे गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद आराेपी दोस्त भाग निकला है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र स्थित खारून नदी के किनारे की है। बुधवार शाम 6 दोस्त वहां पिकनिक मनाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके बीच मछली खाने को लेकर झगड़ा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सरस्वती नगर कोटा में किराए से रहने वाला सागर रात्रे एक होटल में मजदूरी करता है। वह गुरुवार को अपने दोस्तों मनोज ध्रुव, जोहान खान, पीतांबर, संतोष साहू और मोनू ध्रुव के साथ खारून नदी किनारे पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान नदी से मछली पकड़ी और पकाने के बाद सागर ने करीब 3 बजे अपने सभी दोस्तों को नहाकर खाना खाने के लिए बुलाया। साथ ही ये भी कहा कि जो नहीं नहाएगा, उसे खाना नहीं दिया जाएगा।
इसी बात से संतोष साहू भड़क गया। उसका और सागर का विवाद होने लगा। आरोप है कि संतोष ने कहा, तू खाना कैसे नहीं देगा। इसके बाद पास में रखा चाकू उठाकर सागर को मार दिया। गले में चाकू लगने से सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर बाकी दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी अौर उसे लेकर एम्स पहुंचे। यहां फिलहाल सागर की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद से संतोष फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Comment Now