नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 97 हजार 915 हो गई है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन 11 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े और रिकॉर्ड 393 लोगों की जान गई। ये आंकड़े covid19india.org के आधार पर हैं। इस बीच, दिल्ली हाईकोर्ट ने आज उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ाने की मांग की गई थी। इससे पहले,दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ाया नहीं जाएगा। हालांकि, एक दिन पहले राज्य सरकार ने कहा था कि दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इससे इनकार कर दिया था।
वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने भी लॉकडाउन नहीं बढ़ाने की बात कही है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों से अपील की है कि भीड़ में इकट्ठे न हों और नियमों का पालन करें। महाराष्ट्र में राकांपा नेता और उद्धव ठाकरे सरकार में कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस तरह, मुंडे ठाकरे सरकार में संक्रमित होने वाले तीसरे मंत्री हैं। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले मंत्री जितेंद्र आव्हाड और अशोक चाव्हाण संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, दोनों स्वस्थ्य हो गए हैं।
गुरुवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में सबसे ज्यादा मरीज मिले
covid19india.org के मुताबिक, गुरुवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले। महाराष्ट्र में 3607 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 152 ने जान गंवाई। वहीं दिल्ली में 1877 मरीज मिले और 101 मौते हुईं। दिल्ली में अब तक कोरोना से 1085 लोग दम तोड़ चुके हैं।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए
तारीख |
केस |
11 जून | 11128 |
10 जून | 11156 |
9 जून | 9979 |
8 जून | 8536 |
7 जून | 10882 |
कोरोना अपडेट्स
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: यहां गुरुवार को 192 नए मरीज सामने आए और 4 की मौत हुई। भोपाल में 85, इंदौर में 41 और उज्जैन में 14 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। प्रदेश में 10 हजार 241 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 2768 एक्टिव केस हैं। मध्यप्रदेश में सातवां ऐसा राज्य बन गया है, जहां सबसे ज्यादा केस हैं।
भोपाल में 75 दिन बाद गुरुवार को सब्जियों का थोक मार्केट खोला गया। यहां सुबह से लोगों की काफी भीड़ देखी गई।
उत्तरप्रदेश: राज्य में गुरुवार को 478 कोरोना संक्रमित मिले और 24 ने जान गंवाई। गौतमबुद्धनगर में 41, लखनऊ में 30, जौनपुर में 20, गाजियाबाद और हरदोई में 16-16 जबकि मेरठ में 18 मरीज मिले। प्रदेश में मृतकों का आंकड़ा 345 पहुंच गया है। यहां कुल 12 हजार 88 मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 4451 एक्टिव केस हैं।
यह फोटो लखनऊ की है। अमिताभ बच्चन ने प्रवासी मजदूरों के लिए स्पेशल फ्लाइट बुक कराई थी। इसके जरिए गुरुवार को प्रवासी मुंबई से लौटे।
महाराष्ट्र: यहां गुरुवार को 3607 नए कोरोना मरीज मिले और 152 की जान गई। यह दोनों आंकड़े एक दिन में सर्वाधिक हैं। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 94 हजार 648 हो गई, इनमें से 47 हजार 980 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 3590 हो गया है।
यह तस्वीर मुंबई के बांद्रा स्थित अस्थायी कोविड अस्पताल की है। शहर में अब तक 52 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। गुरुवार को 3607 मरीज बढ़े।
राजस्थान: यहां गुरुवार को कोरोना के 238 नए केस सामने आए और 6 मरीजों ने दम तोड़ा। जोधपुर में 62, अलवर में 44, जयपुर में 38, अजमेर में 14 और धौलपुर में 12 संक्रमित मिले। राज्य में अब मरीजों का आंकड़ा 11 हजार 838 पर पहुंच गया, इनमें से 2798 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में कोरोना से 265 मौतें हो चुकी हैं।
बिहार: प्रदेश में गुरुवार को 250 लोगों को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई और कोई मौत नहीं हुई। सीवान में 60, मुंगेर में 36, औरंगाबाद में 19, भागलपुर और कैमूर में 10-10 जबकि मधेपुरा में 16 मरीज मिले। संक्रमितों की कुल संख्या 5948 हो गई, इनमें से 2828 एक्टिव केस हैं। बिहार में कोरोना से 34 लोगों की जान गई है।
यह तस्वीर पटना के अस्थायी अस्पताल की है। राज्य में संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखकर इसे तैयार किया गया है। पिछले तीन दिन में राज्य में 700 से ज्यादा मरीज बढ़े।
Comment Now