रायपुर. अनलॉक 1 के बाद से छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमित मरीजों का सिलसिला दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को रायपुर स्थित एम्स में इलाज के दौरान दो मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। शनिवार को मरने वालों में एक जगदलपुर की 19 वर्षीय युवती व दूसरा बिलासपुर का 34 वर्षीय युवक है। नए मरीजों में एम्स के कोरोना वार्ड प्रभारी डॉक्टर, वार्डब्वाय व लैब टेक्नीशियन भी पॉजिटिव मिले हैं। दूसरी ओर 11 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी जरूर दी गई, लेकिन रायपुर में 15 मिलाकर प्रदेश में कोरोना के 84 नए मरीज मिल गए हैं। जबकि एक्टिव केस 710 हैं। जगदलपुर की युवती को ब्लड कैंसर था। एक जून को कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद उसे लालपुर के एक निजी अस्पताल से एम्स रिफर किया गया। वह उसी समय से वेंटिलेटर पर थी, जबकि बिलासपुर के युवक को एचआईवी पॉजीटिव बताया जा रहा है। उसे मई में एम्स रिफर किया गया था। एम्स के डायरेक्टर डॉ. नितिन एम नागरकर ने मौत की पुष्टि की है। इसके पहले 29 मई को बिरगांव के युवक की मौत कमल विहार स्थित निजी अस्पताल में हुई थी। 2 जून को बिलासपुर में नौ साल की मासूम की मौत हो गई थी। मासूम को सिम्स से जबरिया डिस्चार्ज किए जाने का आरोप है। इसी दिन चरोदा भिलाई की 64 वर्षीय महिला ने एम्स में दम तोड़ा था। एम्स में अब तक तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। रायपुर जिले में जो मरीज मिले हैं, वे मोवा, धरसींवा, सकरी व अभनपुर के रहने वाले हैं। मोवा का रहने वाला युवक स्वास्थ्य विभाग का लैब टेकनीशियन है। उसकी एम्स में ड्यूटी लगाई गई थी। रायपुर में जिन 4 मरीजों की पुष्टि हुई है, उनमें एक एम्स में पहले से भर्ती है। एम्स में पहले भी नर्सिंग स्टाफ कोरोना का मरीज निकल चुका है। यही नहीं सर्जरी व यूरो सर्जरी विभाग में दो मरीजों को ऑपरेशन के पहले कोरोना की पुष्टि हुई थी। धरसींवा में मिला कोरोना का मरीज हाल में हरियाणा से लौटा है। अभनपुर के मरीज हिस्ट्री रायगढ़ से लौटने की है। नए मरीजों को एम्स समेत दूसरे अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। जबकि उनके संपर्क में आने वालों की जांच कर सैंपल लिया जा रहा है।
प्रदेश में 986 संक्रमित मरीज हुए
इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। वहीं शनिवार रात तक प्रदेश में 87 और पॉजिटिव मिले हैं। इनमें रायपुर में 5 साल के बच्चे सहित 15 और केस हैं। जबकि बलौदाबाजार से 14, कवर्धा से 28, कोरबा से 10, दुर्ग से 9, रायगढ़ व बिलासपुर से 3-3, मुुंगेली से 2 और जशपुर, कांकेर व सूरजपुर से 1-1 मरीज मिला है। वहीं 22 मरीजों को स्वस्थ होने के उपरांत बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
रद्द हुए अपॉइंटमेंट रजिस्ट्री कराने फिर लेने होंगे
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ लोगों की सुविधा को देखते हुए शनिवार से अब हर आधे घंटे में रजिस्ट्री कराने के लिए तीन अपॉइंटमेंट मिलेंगे। दस्तावेजों के पंजीयन की संख्या में वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं 6 जून या इसके बाद की तिथि में लिए गए अपॉइंटमेंट निरस्त माना जाएगा। ऐसे पक्षकारों को एसएमएस भेजकर नई व्यवस्था में अपॉइंटमेंट प्राप्त करने के लिए सूचित करेगा। उन्हें फिर से अपॉइंटमेंट लेना होगा।
रायपुर के मंदिर हसौद थाने को सील कर दिया गया है। थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी के पॉजिटिव आने के बाद कार्रवाई की गई। थानेदार समेत पूरे स्टाफ को परिसर में ही बने मकान में क्वारैंटाइन किया गया है। तब तक इलाके की जिम्मेदारी पड़ोसी विधानसभा थाने को सौंपी गई है। (ये तस्वीर काफी दूर से ली गई है। जिसमें पुलिसकर्मियों को दवाई दी जा रही है। इसके चलते साफ नहीं है।)
हाईकोर्ट 8 जून से खुलेगा, ऑनलाइन व खुली कोर्ट में होगी सुनवाई
बिलासपुर हाईकोर्ट को 8 जून से खोले जाने का निर्णय लिया गया है। आदेश के मुताबिक जमानत के मामले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सोमवार से गुरुवार तक और अधिवक्ताओं के विशेष निवेदन पर खुली कोर्ट में शुक्रवार को सुने जाएंगे। नए प्रस्तुत होने वाली रिट याचिकाएं और आवश्यक याचिकाएं वीडियो कांफ्रेंसिंग से 1.30 बजे से पहले सुनी जाएंगी। 5 साल से पुराने मामले की अंतिम सुनवाई 1.30 बजे के बाद खुली अदालत में होगी।
72 दिन से कर्नाटक में फंसे मजदूर ट्रेन से पहुंचेंगे दुर्ग
कर्नाटक में फंसे मजदूरों के लिए शनिवार को विशेष ट्रेन बेंगलुरु से दुर्ग के लिए चलेगी। छत्तीसगढ़ के श्रमिक वहां करीब 72 दिनों से फंसे हुए हैं। इस खबर को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद छत्तीसगढ़ व कर्नाटक सरकार हरकत में आई। श्रमिकों को क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। प्रदेश में 20 हजार से अधिक क्वारैंटाइन सेंटर में अभी 3.50 लाख लोग रखे गए हैं। जबकि 2 लाख से अधिक श्रमिकों के आने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में अपडेट
महासमुंद : कोरोना संदिग्ध व संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए तहसील मुख्यालय सरायपाली व बसना में अलग से क्वारैंटाइन सेंटर बनाया गया है। इस सेंटर में गर्भवती महिलाओं के लिए 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सेंटर में चिकित्सक के अलावा महिला स्वास्थ्यकर्ता हमेशा रहेेंगी। ये समय-समय पर महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। सेंटरों में गर्भवती महिलाओं की बिगड़ती स्थित को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
महासमुंद में में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने 1800 लीटर हैंड सैनिटाइजर बनाया। इसकी 3000 बोतलें तैयार की हैं। इसमें से 750 बोतलों का वितरण किया गया है। इसके निर्माण के साथ महिलाएं अपने लिए आर्थिक संबल के साथ स्व रोजगार के रास्ते खोल रही हैं।
दुर्ग : जिले में शुक्रवार को कोरोना के 6 नए मरीज मिले। इन सभी 6 मरीजों को कोविड अस्पताल में देर रात तक शिफ्ट किया गया। इनमें से बीएसएफ जवान सहित 5 प्रवासी मजदूर हैं। धमधा में मिले प्रवासी मजदूर क्वारैंटाइन सेंटर छोड़कर जामुल के पास खेरथा गांव में घूमने पहुंच गए। वहीं फरीदनगर में मिला पॉजिटिव होम क्वारैंटाइन के दौरान 28 मई को मैय्यत में शरीक होने गया था। अब इन इलाकों को सील करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
बिलासपुर : शहर से लगे ग्राम तुर्काडीह के स्कूल को क्वॉरैंटाइन सेंटर बनाया गया है। शुक्रवार को यहां 22-23 साल का मजदूर अचानक हंगामा करने लगा। खाना खाने से मना कर दिया। उसने नशे की गोलियां खा ली थीं, जिसे अपने बैग में छिपाकर रखा था। मजदूर काफी समय से सोया हुआ था। इससे नशे की आशंका हुई। मेडिकल टीम को भी बुला लिया गया था। उसकी मां को बुलाया गया। बेटे के लिए मां घर से अंडा करी बनाकर लाई तो वह शांत हुआ।
ये बिलासपुर स्थित सिम्स के कोरोना वॉरियर हैं। इनकी ड्यूटी लगातार कोरोना वार्ड में लगी हुई है। सिम्स में अब तक जूनियर डॉक्टर और नर्स भी संक्रमित हो चुके हैं। बावजूद इसके ये अपनी ड्यूटी पर लगे हुए हैं।
Comment Now