Thursday, 29th May 2025

महाराष्ट्र: अनलॉक-1 का छठा दिन / बाजार खुलने के बाद मुंबई-पुणे में 72 दिन बाद लौटी रौनक, 20 दिन में राज्य में संक्रमण से 1700 से ज्यादा की गई जान

Sat, Jun 6, 2020 6:33 PM

 

  • मुंबई में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर लगभग पूरे शहर में ऑड-ईवन सिस्टम के तहत दुकानें खुलीं
  • राज्य में अब तक 2849 की मौत हुई है, इनमें से 1714 मरीजों की जान बीते 20 दिनों में गई है
 

मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को राज्य में संक्रमण से सबसे ज्यादा 139 मरीजों की मौत हुई। इससे पहले गुरुवार को 123 की जान गई थी। अब तक कुल 2849 की मौत हुई है। राज्य में पिछले 20 दिन में 1714 मरीजों की जान गई है। 

सबसे चिंताजनक स्थिति मुंबई की है। यहां 24 घंटे में 93 कोरोना मरीजों की मौत हुई। अब तक यहां 1519 लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार तक मुंबई में 1099 नए केस भी मिले। वहीं, यहां कुल केस की संख्या 46,080 हैं। इनमें से 25,768 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा, राज्य में शुक्रवार को 2,436 पॉजिटिव केस मिले। इसके बाद प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 80,229 पहुंच गई। इसमें एक्टिव मरीजों की संख्या 42,215 है।

72 दिन बाद मुंबई में फिर लौटी रौनक

कोरोना संकट से जूझ रही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 72 दिन बाद आर्थिक गतिविधियां शुरू हुईं। बीएमसी की गाइडलाइन के मुताबिक, कंटेनमेंट जोन को छोड़कर लगभग पूरी मुंबई में ऑड-ईवन सिस्टम के तहत दुकानें खुलीं। बाजार खुलने के पहले दिन इलेक्ट्रॉनिक्स, जूते-चप्पलों व अन्य सामान और बर्तनों की दुकानें खुलीं। इसके अलावा, गार्डन खुले, तो लंबे अरसे से घरों में बंद लोगों, खासकर बच्चों ने वहां पहुंचकर सुहाने मौसम का लुत्फ उठाया। दिन भर मुंबई की सड़कों पर ट्रैफिक नजर आया। इससे कोरोना के डर के बावजूद जिंदगी पटरी पर लौटती नजर आई।

मुंबई में फिर से बाजार खुलने के बाद हर दिन सड़कों पर इस तरह की लंबी-लंबी कतार नजर आ रही है।

महाराष्ट्र: कोरोना अपडेट्स

  • राज्य में अब तक कुल 35,156 लोग कोरोना मुक्त हो चुके है। राज्य में 5,22,946 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। बुखार,सर्दी, बदन दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने पर तत्काल करीबी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने को कहा गया है।
  • मुंबई में शुक्रवार को 54, गुरुवार को 48 और बुधवार को 49 मरीजों की मौत हुई। राज्य में कुल 2,849 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 1,519 मौतें मुंबई में हुईं। कोरोना की चपेट में आने के कारण पिछले 3 दिनों में महाराष्ट्र में 384 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान सबसे अधिक 151 मौतें मुंबई में हुई हैं।
  • ठाणे शहर के अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों को सात-आठ दिनों के बाद बिना जांच किए छोड़े जाने का मामला सामने आया है। महापौर नरेश महस्के ने निजी अस्पतालों की इस लापरवाही को गंभीर मामला बताया है। उन्होंने मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर ऐसे अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

छह पालतू जानवरों के लिए बुक किया प्राइवेट जेट

मुंबई में रहने वाली 25 साल की दीपिका सिंह ने दिल्ली में फंसे पालतू जानवरों को उनके मालिकों से दोबारा मिलाने के लिए एक निजी जेट बुक किया है। विमान जून के मध्य में दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरेगा। इसे बुक करने का खर्च 9.6 लाख रुपए आया है। यानी एक सीट के लिए 1.6 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर दीपिका ने कहा, ‘अभी तक चार लोगों ने इस विमान से अपने पालतू जानवरों को घर लाने के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए हैं। हमारी कोशिश है कि दो और ऐसे लोग मिल जाएं ताकि सभी पर आने वाला खर्च कम हो जाए। यदि लोग नहीं मिलते हैं तो चार सीटों का खर्च और बढ़ जाएगा।’

 यह तस्वीर औरंगाबाद की है। यहां लॉकडाउन में मिली छूट के बाद अब तक 400 लोगों पर बिना मास्क लगाकर बाहर घूमने में कार्रवाई की गई है।

बाहर जाने की इच्छा रखने वाले सभी श्रमिकों को उनके घर भेजा
शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में राज्य सरकार ने प्रवासी श्रमिकों को लेकर अपना पक्ष रखा। सरकार ने कहा कि राज्य में प्रवासी श्रमिकों की ओर से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के लिए एक भी मांग लंबित नहीं है। यानि अब राज्य से कोई भी श्रमिक बाहर जाने वाला नहीं है। सरकार की तरफ से दाखिल हलफनामे में कहा गया कि एक जून तक राज्य से 822 ट्रेनों के जरिए 11 लाख 87 हजार 150 प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य पहुंचाया गया।

भिवंडी में क्वारैंटाइन सेंटर में भ्रष्टाचार का आरोप
भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं नगरसेवक श्याम अग्रवाल ने भिवंडी महानगर पालिका के इंस्टिट्यूशनल क्वारैंटाइन में कोरोना के संदिग्ध मरीजों से वसूली करने, उन्हें भरपेट खाना न देने, खाने में कीड़े निकलने और क्वारैंटाइन सेंटर में गंदगी पसरे होने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद विधान परिषद के नेता प्रवीण दरेकर ने पुलिस उपायुक्त राजकुमार शिंदे को तुरंत एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।

राज्य सरकार के मिशन बिगन अगेंन के तहत धुले में फिर 72 दिन बाद दुकानें खुली। महापालिका आयुक्त अजीज शेख ने बाजार जाकर दुकानदारों से बात की।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery