कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के 5 जवान घायल हो गए। इनमें 3 की हालत गंभीर है। सभी जवानों को रेफर किया जा रहा है। हादसा अंतागढ़ क्षेत्र में जवानों से भरे वाहन के पलटने से हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, टाटा सूमो वाहन शुक्रवार काे तुमापाल कैंप से एसएसबी मुख्यालय कूहचे जा रहा था। वाहन में 5 जवान सवार थे। अंतागढ़ नारायणपुर मुख्य मार्ग पर गोंडबिनापाल गांव के पास एक ट्रक को साइड दे रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और चार-पांच बार पलटी खाते हुए पेड़ से जा टकराया।
वाहन में 28वीं बटालियन के जवान थे। हादसे में हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह व बिस्वकर्मा तिवारी, कांस्टेबल सागर अशाक लहरे व राशिद अहमद और एसएसबी का चालक विक्रम घायल हो गए। विक्रम सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई है। उन्हें भिलाई रेफर किया गया है। बाकी जवानों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
Comment Now