Thursday, 5th June 2025

कोरोना देश में LIVE / सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा से कहा- एनसीआर में आवाजाही के लिए कॉमन पॉलिसी बनाएं; देश में अब तक 2 लाख 17 हजार 299 केस

Thu, Jun 4, 2020 9:00 PM

 

  • देश में अब तक 6088 की मौत, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 2587 की जान गई
  • बुधवार को सबसे ज्यादा 2,560 संक्रमित महाराष्ट्र मिले, दिल्ली में यह संख्या 1513 रही
 

नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 2 लाख 17 हजार 299 हो गई। दिल्ली-एनसीआर बॉर्डर सील मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने आज सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि सभी के लिए एक कॉमन पास बने, जिसकी हरियाणा, यूपी और दिल्ली तीनों राज्यों में मान्यता हो। कोर्ट ने कहा कि तीनों राज्यों के प्रतिनिधियों/अफसरों को बैठक करनी चाहिए और इस मुद्दे को जल्द समाधान निकालना चाहिए। 

लॉकडाउन के दौरान पहले उत्तर प्रदेश ने नोएडा और गाजियाबाद के बॉर्डर सील किए थे। इन्हें बीच में खोला गया, लेकिन फिर सील किया गया। इसी तरह हरियाणा ने गुड़गांव और फरीदाबाद के सारे बॉर्डर सील किए। बीच में इन्हें भी खोला गया लेकिन फिर सील किया गया। फिर जब एक जून से हरियाणा ने ढील देने की बात कही तो दिल्ली ने 8 जून तक के लिए यूपी और हरियाणा बॉर्डर सील कर दिए। इसी को लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी।

उधर, Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को एक दिन में 9638 संक्रमित मिले। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 8789 मरीज 31 मई को मिले थे। महाराष्ट्र में बुधवार को 2560 संक्रमित सामने आए। यह छठवां दिन था, जब देश में 200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई। अकेले महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 122 लोगों ने दम तोड़ा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 9,304 नए मामले सामने आए हैं और 260 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2 लाख 16 हजार 919 हो गई है, जिनमें से 1 लाख 06 हजार 737 सक्रिय मामले हैं। 1 लाख 4 हजार 107 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक 6,075 मरीजों की जान जा चुकी है। 

संक्रमण 28 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेश में फैला

कोरोनावायरस संक्रमण 28 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादरा एवं नगर हवेली शामिल हैं।

5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए

तारीख

केस
3 जून 9638
2 जून 8,820 
31 मई 8789
30 मई 8364
29 मई 8138
28 मई 7254

कोरोना अपडेट्स 

  • स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक सर्कुलर जारी कर कहा है कि मंत्रालय के कई अफसर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ऐसे में एहतियात के तहत अब से बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होंगी। 
  • देश के रक्षा सचिव अजय कुमार भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए। बुधवार देर रात उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय में अब कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। अजय कुमार और उनके साथ काम करने वाले 35 अफसरों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि पिछले अब तक 42 लाख 42 हजार 718 सैंपल की जांच हो चुकी है। वहीं, पिछले 24 घंटे में एक लाख 39 हजार 485 टेस्ट हो चुके हैं। 

पांच राज्यों का हाल

मध्य प्रदेश: राज्य में गुरुवार को 52 पॉजिटिव मिले। ये सभी भोपाल से हैं। इनमें कोटरा सुल्तानाबाद में 10, हॉटस्पॉट ऐशबाग में 9, 25वीं बटालियन में 3, बुधवारा और बरखेड़ी में 2-2 और बैरागढ़ मच्छी मार्केट में एक संक्रमित मिला। भोपाल में संक्रमितों की संख्या 1624 हो गई। जबकि 61 की मौत हो चुकी है। उधर, राज्य में संक्रमितों की संख्या 8640 हो गई है।

अनलॉक-1 के दौरान जबलपुर में रेस्त्रां खुल गए हैं, लेकिन वे फूड की होम डिलीवरी ही कर सकते हैं।

महाराष्ट्र: राज्य में पिछले 24 घंटे में 2,560 नए मामले सामने आए। इसके साथ कुल मरीजों की संख्या 74,860 तक पहुंच गई।

उत्तर प्रदेश: राज्य में राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटे के भीतर 141 नए केस सामने आए। इसके पहले लगातार दो दिन से 300 से ज्यादा कोरोना केस मिल रहे थे। इन नए केसों में 62 प्रवासी श्रमिक हैं। अब तक 2466 प्रवासी श्रमिक संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 8,888 हो गया है।

यह तस्वीर प्रयागराज की है। उत्तर प्रदेश बेसिक एजुकेशन के तहत हाल में नियुक्त हुए शिक्षकों की बुधवार को काउंसलिंग हुई। 

बिहार: राज्य में बुधवार को 230 पॉजिटिव मरीज मिले। इसमें खगड़िया में 85, सीतामढ़ी में 14, समस्तीपुर में 14, भागलपुर 10, दरभंगा 11, सहरसा में 4 और राजधानी पटना में 2 संक्रमित मिले। अब तक 25 मरीजों की मौत हो चुकी है। 

बिहार में दूसरे राज्यों से प्रवासी लोगों के आने का सिलसिला जारी है। बुधवार को 10 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें पटना पहुंचीं।

राजस्थान: राज्य में गुरुवार को 68 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें भरतपुर में 16, जयपुर, जोधपुर और चूरू में 12-12, कोटा में 7, झुंझुनू में 5, बाड़मेर में 2, सवाई माधोपुर और नागौर में 1-1 पॉजिटिव मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 9720 हो गई है।

यह तस्वीर ब्यावर की है। बुधवार को एक परिवार जुगाड़ की तीन पहिया गाड़ी से उत्तरप्रदेश से यहां पहुंचा।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery