Friday, 6th June 2025

महाराष्ट्र: अनलॉक- 1 का दूसरा दिन / महीनेभर में धारावी में 380% मरीज बढ़े, 12 लाख श्रमिकों को घर भेजा गया; बीएमसी के हॉस्पिटलों में काम पर सिर्फ 50% नर्सिंग स्टाफ

Tue, Jun 2, 2020 6:00 PM

 

  • अप्रैल महीने में धारावी में कुल 369 केस सामने आए थे, मई के अंत में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,771 हो गई
  • बीएमसी के अस्पतालों में महज 50 फीसदी नर्स और 33 फीसदी वार्डब्वाय के सहारे ही कोरोना से जंग लड़ी जा रही
 

मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 70 हजार पार कर गई है। इनमें से 40 हजार से ज्यादा केस सिर्फ मुंबई में मिले हैं। यहां कुल 40,877 संक्रमित हो गए हैं। सोमवार को राज्य में कोरोना के 2,361 नए केस सामने आए। मुंबई में 1,413 नए मरीज मिले। महाराष्ट्र में कुल मरीजों की संख्या 70,013 तक पहुंच गई है।

सोमवार को 76 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई। मरने वालों की कुल संख्या 2,362 हो गई है। सबसे अधिक 40 मौतें मुंबई में हुईं। यहां कोरोना के कारण 1,319 लोगों की जान गई। सोमवार को मुंबई के बाद पुणे में सबसे ज्यादा 8, मीरा भाईंदर और नवी मुंबई में 6-6, वसई विरार और औरंगाबाद में 3-3, रायगढ़ और डोंबिवली में 2-2, ठाणे, नासिक, पिपरी चिंचव, जालना, बीड और नागपुर में 1-1 मरीज की मौत हुई।

यह तस्वीर धारावी के मुकुंद नगर की है। संदिग्ध लोगों के कोरोना जांच के लिए बीएमसी के स्वास्थ्यकर्मी सैंपल ले रहे हैं। यहां अब तक 1700 से ज्यादा केस सामने आए हैं।

मई महीने में धारावी में बढ़े 380 प्रतिशत मरीज
एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्तियों में से एक धारावी में मई महीने में कोरोनावायरस के करीब 1,400 नए केस मिले। यह संक्रमितों की संख्या अप्रैल के मुकाबले 380 प्रतिशत ज्यादा है जिससे यहां के लोगों की चिंता बढ़ गई है। अप्रैल महीने में धारावी में कुल 369 मामले सामने आए थे जो मई के अंत में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,771 हो गई। मुंबई में सामने आए कुल संक्रमितों में अकेले 4.4 प्रतिशत धारावी में आए हैं।

पश्चिम बंगाल के वर्दमान में मुंबई से गई एक प्रवासी महिला अपनी बच्ची के साथ घर की ओर जाती हुई।

बीएमसी के हॉस्पिटलों में सिर्फ 50 प्रतिशत नर्सें ही काम कर रही हैं 
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अस्पतालों में महज 50 फीसदी नर्स और 33 फीसदी वार्डब्वाय के सहारे ही कोरोना से जंग लड़ी जा रही है। केईएम अस्पताल से 250 नर्सें नदारद हैं। लेकिन, केईएम प्रशासन ने इनके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि नर्सों की गैरहाजिरी से अन्य कर्मचारियों पर भारी दबाव है। नर्स की ड्यूटी 6 घंटे से बढ़ाकर 7 घंटे की गई है और उसमें भी दो शिफ्ट में काम करना पड़ रहा है। ऐसे ही कुछ हाल मुंबई के अन्य हॉस्पिटल्स में भी है।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच धारावी के इलाकों में लगातार स्क्रीनिंग जारी है।

मॉर्च्युरी हाउस बंद होने की नौबत
केईएम अस्पताल के मॉर्च्युरी हाउस के सभी कर्मचारी पॉजिटिव आने के बाद इसे अब बंद करने की नौबत आ गई है। जबकि मॉर्च्युरी हाउस लाशों से भरा पड़ा है। 30 से 40 लाशें पास में बिखरी पड़ी रहती हैं। हालांकि, केईएम अस्पताल के डीन हेमंत देशमुख ने कहा कि मॉर्च्युरी हाउस बंद नहीं होगा। कुछ स्वास्थ्य कर्मी जरूर कोरोना पॉजिटिव हैं। लेकिन अन्य कर्मचारी 24 घंटे यहां कार्यरत हैं।

एक महीने में करीब 12 लाख श्रमिकों को घर भेजा गया 
महाराष्ट्र में, विशेष रूप से मुंबई से अब तक 1 मई से 1 जून के दौरान करीब 11 लाख 86 हजार 212 प्रवासी श्रमिकों को उनके घरों में वापस भेजा गया। गृहमंत्री अनिल देशमुख ने यह जानकारी दी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से 822 विशेष श्रमिक गाड़ियां चलाई गई हैं।

अनलॉक 1 के बीच ठाणे में आज भी कई इलाकों में दुकानें बंद रहीं। इन जगहों पर 3 जून से अनलॉक शुरू हो रहा है। यह तस्वीर सोमवार शाम की है।


शिवसेना की युवा शाखा की मांग- बिना परीक्षा के पास किए जाएं छात्र
महाराष्ट्र सरकार ने सभी यूनिवर्सिटी में अंतिम वर्ष के छात्रों की सेमेस्टर परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है। इसके बाद शिवसेना की युवा शाखा ने देश के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि महाराष्ट्र की तरह बाकी राज्य भी इस तरह का फैसला लें। राजस्थान के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में युवा सेना ने कहा- "यूजीसी ने अंतिम सेमेस्टर को छोड़कर सभी छात्रों को पास करने के निर्देश जारी किया है। हमारा मानना ​​है कि मानव जीवन को अन्य चीजों की तुलना में प्राथमिकता देनी चाहिए और इसलिए हमने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया था कि स्थिति के सामान्य होने को लेकर बनी अनिश्चितता को देखते हुए अंतिम वर्ष के सभी छात्रों को पास कर दें।’

देश में 200 ट्रेनों का संचालन सोमवार से हुआ है। इसी कड़ी में सीएसटीएम स्टेशन से भी कई ट्रेनें सोमवार को रवाना हुईं। हालांकि, यात्री स्टेशन के बाहर कतार में नजर आए।

घर खरीद में सिर्फ 10 दिन में 18 करोड़ की कमाई
लॉकडाउन के दौरान प्रशासन के लिए घरों की खरीदी जारी रखने का फैसला फायदेमंद साबित हुआ है। घरों की बिक्री के जरिए केवल 10 दिन में ही सरकार को 18 करोड़ 15 लाख 55 हजार 785 रुपये की कमाई हुई है। 18 मई से 29 मई के दौरान मुंबई शहर और उपनगर में 264 प्रॉपर्टीज के रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इनमें मुंबई में 33 और उपनगर में 231 प्रॉपर्टीज के रजिस्ट्रेशन हुए। 

कोरोना अपडेट्स:

  • कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ठाणे महानगर पालिका ने घर-घर स्क्रीनिंग का काम शुरू किया है। यदि कोई संदिग्ध पाया जाता है, तो उसे सीधे क्वारैंटाइन किया जा रहा है।
  • 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालतें इस पूरे महीने भी ई-अदालतों के रूप में ही काम करेंगी। कई जगह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मामलों में सुनवाई हो रही है।
  • सोमवार देर शाम ठाणे ग्रामीण पुलिस के सहयोग से मणिपुर राज्य के सैकड़ों प्रवासी श्रमिक ट्रेन से अपने राज्य के लिए रवाना हुए। ये लोग मुंबई के अलावा मीरा-भाईंदर, नायगांव, वसई और नालासोपारा के क्षेत्रों में रहते हैं।

मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे में अगले दो दिन के दौरान भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसी कड़ी में मंगलवार को दोनों शहरों के कई हिस्सों में बारिश हुई।

मुंबई और पुणे में अगले 2 दिन भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे के आसपास के इलाकों में 2 और 3 जून को तेज बारिश की आशंका व्यक्त की है। मंगलवार तड़के भी पुणे में झमाझम बारिश हुई। मुंबई में जून के दूसरे हफ्ते में मानसून दस्तक देता है, लेकिन कुछ मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान के मुताबिक महाराष्ट्र और राजधानी मुंबई में 2-5 जून तक भारी बारिश की संभावना है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery