अमेरिका / अश्वेत की मौत पर प्रदर्शन और झड़प के बाद व्हाइट हाउस को बंद किया गया, मिनीपोलिस शहर में एक पुलिस स्टेशन में आग लगाई
Sat, May 30, 2020 7:27 PM
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जॉर्ज फ्लॉयड के परिवार से बात की, इस घटना को बेहद भयावह बताया
- मिनीपोलिस में 26 मई को फ्लॉयड को पुलिस ने धोखाधड़ी के मामूली आरोप में गिरफ्तार किया था
मिनेसोटा. अमेरिका में अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद पूरे अमेरिका में प्रदर्शन हो रहे हैं। वॉशिंगटन स्थित व्हाइट हाउस के बाहर भी शुक्रवार को करीब सैंकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद व्हाइट हाउस को बंद कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मिनीपोलिस में 26 मई को फ्लॉयड को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इससे पहले एक पुलिस अफसर ने फ्लॉयड को सड़क पर दबोचा था और अपने घुटने से उसकी गर्दन को करीब आठ मिनट तक दबाए रखा था। फ्लॉयड के हाथों में हथकड़ी थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें 40 साल का जॉर्ज लगातार पुलिस अफसर से घुटना हटाने की गुहार लगाता रहा। उसने, 'आपका घुटना मेरे गर्दन पर है। मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं... ।’’ धीरे-धीरे उसकी हरकत बंद हो जाती है। इसके बाद अफसर कहते हैं ‘उठो और कार में बैठो’ तब भी उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आती। इस दौरान आस-पास काफी भीड़ जमा होती है। उसे अस्पताल ले जाया जाता है, जहां उसकी मौत हो जाती है।
वीडियो वायरल होने के बाद जगह-जगह प्रदर्शन जारी
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूयॉर्क, कैलिफोर्निया और मिनेसोटा में भी शुक्रवार को प्रदर्शन हुए। कई जगह पुलिस से झड़प भी हुई। वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के बाहर लोगों को काबू करने के लिए प्रदर्शनकारियों पर टियर गैस छोड़नी पड़ी।
- मिनेसोटा राज्य के मिनीपोलिस शहर में दंगे भड़क गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन को तोड़फोड़ के बाद आग के हवाले कर दिया। कुछ जगहों पर लूटपाट हुई। हालात बिगड़ते देख गवर्नर टिम वॉल्ज ने इमरजेंसी लगा दी। न्यूयॉर्क में पुलिस विरोधी प्रदर्शन हुए। इस दौरान कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दंगाइयों को चेतावनी दी। कहा- अगर लूटपाट हुई तो हमारी तरफ से गोलियां चलेंगी।
ट्रम्प ने फ्लॉयड के परिवार से बात की
- ट्रम्प ने शुक्रवार को अमेरिकी बिजनेसमैन के साथ राउंडटेबल मीटिंग के दौरान कहा, ‘‘मैंने फ्लॉयड के परिवार से बात की है। इस घटना को लेकर मैंने दुख जताया। यह बेहद भयावह था। यह एक ऐसी घटना थी, जिसके लिए कोई बहाना नहीं था।’’
- ट्रम्प के दंगाइयों को लेकर किए गए ट्वीट पर एक बार फिर ट्वीटर ने आपत्ति जताई है। ट्विटर ने चार दिन में दूसरी बार उनके ट्वीट को रेड फ्लैग किया है। ट्विटर ने उनके ट्वीट को दंगा को प्रोत्साहित करने वाला बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के चेतावनी के बाद व्हाइट हाउस ने इसे रीट्वीट भी किया है। उनके ट्वीट को ब्लाॉक नहीं किया गया है। हालांकि, उस पर वर्किंग नोटिस लगा दिया गया है। अब उनके ट्वीट पर कमेंट या इसे रीट्वीट नहीं किया जा सकेगा।
यूएन ने कड़े कदम उठाने की मांग की
यूनाइटेड नेशंस (यूएन) की मानवाधिकार उच्चायुक्त मिशेल बैचलेट ने अमेरिका से पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। बैचलेट ने कहा कि अमेरिकी पुलिस अधिकारी काफी लंबे समय से अफ्रीकन-अमेरिकन लोगों की हत्या करते रहे हैं। यह घटना नई नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को दोषी ठहराने और सजा देनी की मांग की हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी कई मामलों में ऐसी हत्याओं पर जांच तो हुई है, लेकिन परिणाम कभी सही नहीं आए हैं।
Comment Now