रायपुर. कोरोनावायरस संक्रमण से बचाने के लिए बाहर से अाए श्रमिकों काे क्वारैंटाइन किया जा रहा है, लेकिन अब वही सेंटर उनकी मौत का कारण बनने लगे हैं। पिछले 15 दिनों में छत्तीसगढ़ के क्वारैंटाइन सेंटर में 3 बच्चों सहित 10 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 3 जहां हादसे का शिकार हुए, वहीं 2 ने आत्महत्या कर ली। इसके अतिरिक्त 3 बच्चों सहित 5 लोग श्रमिक बीमारी के कारण दम तोड़ चुके हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस पर नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने सुरक्षा के उपाय बढ़ाने और असुरक्षित सेंटर शिफ्ट करने के साथ ही खाने की गुणवत्ता और सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
ये तस्वीर जशपुर में बनाए गए एक क्वारैंटाइन सेंटर की है। क्वारैंटाइन सेंटरों में प्रवासी मजदूरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को सबसे अधिक संख्या में एक साथ 410 प्रवासी मजदूरों का जिले में प्रवेश हुआ। जिन्हें उनके गांव के नजदीकी क्वारेंटाइन सेेंटरों में भेजा गया है। इस तरह के जिले के कुल 648 सेंटरों मेें अब तक 3832 प्रवासी मजदूर पहुंच चुके हैं।
क्वारैंटाइन सेंटर में गर्भवती महिलाओं सहित बच्चों की मौत
छत्तीसगढ़ के क्वारैंटाइन सेंटर में बीमारी से लोग दम तोड़ रहे हैं। इसके अतिरिक्त एक की मौत करंट की चपेट में आने से, दो की सांप काटने और दो ने आत्महत्या कर ली।
क्वारैंटाइन सेंटर की निगरानी के लिए अब जोनल व प्रभारी अधिकारी
राज्य सरकार ने अब क्वारैंटाइन सेंटरों की निगरानी के लिए जोनल अधिकारी नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। वहीं प्रत्येक क्वारैंटाइन संेटर के लिए प्रभारी अधिकारी रखा जाएगा। जो वहां उपलब्ध सुविधाओं के साथ-साथ सेंटर में रहने वाले की स्वास्थ्य जांच और कोरोना टेस्ट की निगरानी करेंगे। इन निर्देशों के पालन के लिए प्रभारी अधिकारी जिम्मेदार होंगे। इन कार्यों में ग्राम पंचायत सचिव और स्थानीय लोगों की सहायता ली जा सकती है। इसके साथ ही नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बिलासपुर के ग्राम पंचायत देवरी में खराब खाने केा लेकर मजदूरों ने जमकर हंगामा किया। मजदूरों का आरोप था कि उन्हें अधपका और कच्चा खाना दिया जा रहा है।
श्रमिकों की होगी स्किल मैपिंग, किया जाएगा श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन
क्वारैंटाइन सेंटर में रुके श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उनकी स्किल मैपिंग की जाएगी। इनमें से बहुत से श्रमिकों के कौशल के बारे में जानकारी रजिस्ट्रेशन के समय दी गई है। इस संबंध में श्रम, कौशल विकास विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सचिव की ओर से कार्यवाही की जाएगी। श्रम विभाग अपंजीकृत सभी श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन करेगा। श्रमिकों का मनरेगा कार्ड, राशन कार्ड, श्रमिक कार्ड बनाए जाएंगे। जिला पंचायतों में मनरेगा के तहत पक्के चबूतरे का निर्माण सहित अन्य कार्य बढ़ाने के लिए कहा गया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा रोजगार दिया जा सके।
छत्तीसगढ़ में कोरोना
छत्तीसगढ़ में गुरुवार को 29 नए पॉजिटिव मिले हैं। इसमें मुंगेली से 11, जशपुर से 8, बिलासपुर से 4, कांकेर से 3, रायगढ़ से 2 और कोरिया से 1 की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 315 पहुंच गई है। इससे पहले बुधवार को संक्रमण के 8 नए मामले सामने आए थे। इनमें जगदलपुर का 24 वर्षीय छात्र भी है। छात्र राजस्थान के सीकर से लौटा था। इसे इंटर्न डॉक्टर बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर व बलौदाबाजार में 1-1 और जशपुर में 5 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद प्रदेश में एक्टिस केस की संख्या 2816 हो गई है। जबकि कुल मरीजों का आंकड़ा 369 पर पहुंच गया है।
398 संक्रमित मिले : मुंगेली 81, बिलासपुर 47, कोरबा 41, राजनांदगांव 35, जांजगीर 15, बालोद 24, बलौदाबाजार 20, कवर्धा 13, कांकेर 15, दुर्ग-10, रायगढ़ -13, रायपुर-9, बलरामपुर-9, सूरजुपर-8, कोरिया-9, सरगुजा 7, गरियाबंद 5, बेमेतरा 3, गौरेला 3, पेंड्रा 3, मरवाही 3, जशपुर 8, धमतरी-2, जगदलपुर-1
एक जुलाई से खुल सकते हैं स्कूल, शिफ्ट होंगे सेंटर
श्रमिकों के बच्चों के स्कूली शिक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। यह भी प्रस्तावित किया गया है कि स्कूलों को एक जुलाई से शुरू किया जाए। इसे देखते हुए स्कूल खुलने के पहले वहां बनाए गए क्वारैंटाइन सेंटर को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। स्कूल भवनों को सैनिटाइज करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी।
बिलासपुर : कालिका नगर वार्ड क्रमांक 7 तिफरा में रहने वाले 52 साल के शिक्षक की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर लगाई गई है। वे दूसरे राज्यों से घर लौट रहे मजदूरों को मास्क और सैनिटाइजर बांट रहे थे। इसी बीच किसी के संपर्क में आ गए। उन्हें अंदर से ऐसा फील हुआ तो उन्होंने 26 मई को अपनी कोरोना जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजा। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो जिला प्रशासन और स्टेशन पर ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अब शिक्षक के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
बिलासपुर में कोरोना संक्रमण के गुरुवार को 4 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक शिक्षक भी है। उनकी ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर मास्क बांटने के लिए लगाई गई थी। देर रात शिक्षक सहित दो मरीजों को कोविड-19 अस्पताल में एंबुलेंस से लाया गया।
रायगढ़ : जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गुरुवार को जिले में दो नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें 10 दिन पहले 17 मई को दिल्ली से एक और दूसरा ओडिशा से लौटा युवक संक्रमित मिला है। दिल्ली से लौटा युवक सीधे घर चला गया था। वह अपने परिवार के सात लोगों से संपर्क में आया था। उन्हें भी क्वारैंटाइन कर सैंपल लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब सेकेंडरी कॉन्टेक्ट का पता लगा रही है। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 13 हो गई है। कोविड-19 हॉस्पिटल में रायगढ़-जशपुर जिले के कुल 27 मरीज हो गए हैं।
बालोद : डौंडीलोहारा में बाहरी राज्यों से लोगों के आने का सिलसिला जारी है। बुधवार को 60 व गुरुवार को 8 लोग गुजरात, हैदराबाद, पटना, पुणे,जयपुर, चेन्नई, मुंबई से लौटे। अब तक 4160 लोग अा चुके हैं। ब्लॉक के ग्राम बड़गांव से एक युवक के क्वारैंटाइन सेंटर से भागने का मामला सामने आया। हालांकि उसके क्वारैंटाइन के 14 दिन पूरे हो गए थे। जनपद सीईओ दीपक ठाकुर ने बताया कि चूंकि क्वारैंटाइन सेंटर में रेड जोन मुंबई के और लोग आए हैं, इसलिए उसे 14 दिन होने के बाद भी नहीं छोड़ा जा रहा है। सरपंच व सचिव को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने निर्देशित किया गया है।
Comment Now