वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक 57 लाख 88 हजार 782 लोग संक्रमित हैं। 24 लाख 97 हजार 593 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 57 हजार 425 हो गया है। उधर, खाड़ी देशों में संक्रमण का आंकड़ा दो लाख के पार हो गया है। यहां सऊदी अरब में सबसे ज्यादा 78 हजार 541 मामले सामने आए हैं, जबकि 425 लोगों की मौत हो चुकी है। सऊदी में सरकार ने प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी है। खाड़ी देशों में कुवैत, कतर, बहरीन, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश हैं।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 17,45,803 | 1,02,107 | 4,90,130 |
ब्राजील | 4,14,661 | 25,697 | 1,66,647 |
रूस | 3,70,680 | 3,968 | 1,42,208 |
स्पेन | 2,83,849 | 27,118 | 1,96,958 |
ब्रिटेन | 2,67,240 | 37,460 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,31,139 | 33,072 | 1,47,101 |
फ्रांस | 1,82,913 | 28,596 | 66,584 |
जर्मनी | 1,81,895 | 8,533 | 1,62,800 |
तुर्की | 1,59,797 | 4,534 | 1,22,793 |
भारत | 1,58,086 | 4,522 | 67,749 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: 24 घंटे में करीब 1500 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में लगभग 1500 मौतें हुई हैं, जबकि 20 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। यहां मौतों का आंकड़ा एक लाख 2 हजार से ज्यादा हो गया है। वियतनाम, इराक, अफगानिस्तान और कोरिया की 44 साल की लड़ाई में जितनी जान गई, 3 महीने में करीब उतनी ही मौतें अमरिका में हुई हैं। वॉशिंगटन डीसी में शुक्रवार से स्टे-ऐट-होम ऑर्डर हटाया लिया जाएगा। मेयर म्युरियल बॉउजर ने बुधवार को इसकी घोषण की।
न्यूयॉर्क के ग्रीन वुड कब्रिस्तान के बाहर टहलते लोग। यहां कोरोना से जान गंवानों वालों की याद में मैसेज लिखे गए हैं।
अमेरिका रूस को 150 वेंटिलेंटर और भेजेगा
अमेरिका रूस को शनिवार को 150 वेंटिलेटर्स और भेजेगा। वाययर मेडिकल कंपनी के प्रतिनिधि पैट्रिक ओ'कॉनर ने इसकी जानकारी दी। कॉनर ने बताया कि 150 और एलटीवी 2200 वेंटिलेटर्स शनिवार को भेजे जाएंगे। पिछले हफ्ते अमेरिका ने 50 वेंटिलेटर्स भेजे थे। अमेरिका रूस को कुल 50 लाख 60 हजार डॉलर के उपकरण भेजेगा।
ब्राजील: 4.14 लाख संक्रमित
ब्राजील में 24 घंटे में 1086 लोगों ने दम तोड़ा है। यहां मौतों का आंकड़ा 25 हजार 687 हो गया है, जबकि मरीजों की संख्या 4 लाख 14 हजार से ज्यादा हो गई है। यह अमेरिका के बाद दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश है।
ब्राजील के मनौस शहर में नगर निगम का स्वास्थ्यकर्मी एक व्यक्ति का सैंपल लेने उसके घर गया। यह अमेरिका के बाद दूसरा सबसे संक्रमित देश है।
चीन: बिना लक्षण वाले 23 नए मरीज मिले
चीन में बिना लक्षण (एसिम्प्टमैटिक) वाले 23 नए मरीज मिले हैं। इनमें से ज्यादातर चीन में महामारी का एपिसेंटर रहे वुहान शहर के हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, दो मामले विदेशी नागरिकों के हैं। इनमें से एक केस शंघाई और दूसरा फुजियान प्रांत का है। वहीं, 23 एसिम्प्टमैटिक केस में से 19 वुहान शहर के हैं। चीन में मिले 413 एसिम्प्टमैटिक केस में से 344 वुहान के हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
शंघाई में बुधवार को मास्क पहनकर घूमते लोग। चीन में अब तक 82 हजार 995 केस मिल चुके हैं।
जापान: 41 नए केस मिले
जापान में बुधवार को संक्रमण के 41 नए केस मिले हैं और 9 लोगों की मौत हुई है। वहीं, टोक्यो में 11 नए केस मिले, जबकि चार लोगों की मौत हुई है। सरकार ने कुछ दिनों पहले ही पूरे देश से इमरजेंसी हटाई है। उधर, किताकुशु के महापौर केनजी कीताशी भी जापान में संक्रमण की दूसरी लहर को लेकर चेतावनी जारी कर चुके हैं।
तुर्की: 1035 मामले सामने आए
तुर्की में 1035 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 59 हजार 797 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री फाहरेतिन कोजा ने बुधवार को बताया कि 24 घंटे में 34 लोगों की मौत हुई है। अब तक यहां 4431 लोग जान गंवा चुके हैं। 24 घंटे में 1286 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। एक दिन में यहां कोरोना के 21,043 टेस्ट किए गए हैं। अब तक कुल 18 लाख 94 हजार 650 टेस्ट हो चुके हैं।
अंकारा में अपने बच्चों के साथ बाहर निकली महिलाएं। यहां 14 साल से कम उम्र के बच्चे अपने माता-पिता के साथ बाहर जा सकते हैं।
अल सल्वाडोर: राष्ट्रपति नायब बुकेले हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन ले रहे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बाद अब अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले भी हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन ले रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा कि महामारी को फैलने से रोकने के लिए वे इसका सेवन कर रहे हैं। डब्ल्यूएचओ की सिफारिशों के बाद वे इसका प्रचार नहीं कर रहे। हालांकि, अगर लोग चाहे तो इसका सेवन कर सकते हैं।
मिस्र: लगभग 20 हजार मामले
मिस्र में संक्रमण के 910 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या 19,666 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने खालीद मुगाहेद ने बताया कि 24 घंटे में 910 नए मामले सामने आए हैं और 19 लोगों की मौत हुई है। अब तक यहां 816 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। 5205 लोग स्वस्थ्य हुए हैं।
वेटनरी क्लिनिक ने महामारी के बीच अपने पालतू जानवरों को न छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। तस्वीर में अरबी में लिखा हुआ है- मैं कोरोनावायरस को प्रसारित नहीं करता। मुझसे डरो नहीं।
चिली: 82,289 संक्रमित
चिली में अब तक 82,289 मामले सामने आए हैं और यहां 841 लोगों की मौत हुई है। 24 घंटे में 4328 मरीज मिले, जबकि 35 लोगों की जान जा चुकी है। अब तक यहां 33,540 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। मामले बढ़ने के कारण स्वास्थ्य मंत्री जेमी मनालिच ने राजधानी सैंटियागो और महानगर क्षेत्र में लॉकडाउन 29 मई से आगे बढ़ाने की घोषणा की।
महामारी के बीच चीली की राजधानी सैंटियागो में एयरपोर्ट पर कस्टमर का इंतजार करते मास्क पहने टैक्सी ड्राइवर्स।
मैक्सिको: 8,597 मौतें
मैक्सिको में 24 घंटे में 463 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों की संख्या 8,597 हो गई है। महामारी विज्ञान मंत्रालय के निदेशक जोस लुइस अलोमिया ने बताया कि यहां 3,463 नए मामले सामने आए हैं। अब तक कुल 78,023 लोग संक्रमित हो चुके हैं। एक दिन पहले यहां 3455 नए मामले सामने आए थे और 501 लोगों की मौत हुई थी।
Comment Now