इंदौर. लॉकडाउन के कारण लंदन में फंसे इंदौर और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के 93 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान रविवार सुबह मुंबई होते हुए इंदौर एयरपोर्ट पर उतरा। केंद्र सरकार द्वारा वंदे भारत मिशन के तहत विदेश में फंसे भारतीयों की वतन वापसी करवाई जा रही है। इसी कड़ी में यह विमान यात्रियों को लेकर इंदौर पहुंचा। सभी यात्रियों की एयरपोर्ट पर मेडिकल जांच की गई। सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर एडीएम बीबीएस तोमर यात्रियों की सुविधा और प्रशासनिक समन्वय के लिए मौजूद रहे।
यात्रियों को एक दिन के लिए इंदौर में होटल में क्वारैंटाइन किया गया है। इसके बाद इन्हें उनके जिले में 14 दिन क्वारैंटाइन रहना है।
मिली जानकारी अनुसार वंदे भारत योजना के तहत भारत सरकार द्वारा विशेष विमान से विदेश में रह रहे भारतीयों को देश लाने का कार्यक्रम जारी है। इसी कड़ी में लंदन से भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट ने अहमदाबाद होते हुए रविवार सुबह 7 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड किया। इससे 93 यात्री उतरे। इनमें इंदौर सहित मप्र के अन्य जिलों सहित अन्य प्रदेशों के यात्री भी शामिल हैं। फ्लाइट कुछ देर रुकने के बाद मुंबई रवाना हो गई।
दूसरे जिले के रहने वालों के लिए एयरपोर्ट पर बस और टैक्सी की व्यवस्था प्रशासन द्वारा करवाई गई।
जानकारी अनुसार लंदन से आए यात्रियों को 14 दिन क्वारैंटाइन सेंटर और इसके बाद फिर 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना अनिवार्य है। जिला मुख्यालय पहुंचने पर इन सभी यात्रियों को 14 दिन क्वारैंटाइन में रहना है। जो यात्री इंदौर में 14 दिन क्वॉरैंटाइन होना चाह रहे हैं, उसके लिए एबी रोड पर होटल की व्यवस्था की गई है। इसके लिए होटल का चार्ज उन्हें खुद वहन करना है। इन होटलों के लिए विशेष रियायती पैकेज भी प्रशासन ने उपलब्ध कराया है। अन्य जिले के यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर बस और टैक्सी की व्यवस्था प्रशासन द्वारा करवाई गई।
फ्लाइट से उतरने के बाद एक-एक कर सभी की जांच कर उन्हें रवाना किया गया।
Comment Now