भोपाल. कोरोनावायरस का संक्रमण प्रदेश के 52 में से 44 जिलों तक पहुंच गया है। जिन नए जिलों में मरीज मिल रहे हैं। उनकी ट्रेवल हिस्ट्री है। कोई गुजरात से तो कोई दिल्ली और महाराष्ट्र से आया है। दूसरे प्रदेशों में फंसे प्रदेश कामगार और अन्य लोगों के आने का सिलसिला जारी है। करीब 10 दिन तक ये स्थिति बनी रह सकती है। जिन जिलों में नए मरीज मिल रहे हैं। वहां अभी सैंपल लेने के संशाधन पर्याप्त मात्रा में नहीं हैं। जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ेगा नए मरीजों के सामने आने की आशंका है। प्रदेश में शुक्रवार रात तक संक्रमित मरीजों की संख्या 4656 पर पहुंच गई है। सबसे अधिक इंदौर 2299, भोपाल 961, उज्जैन 284, जबलपुर 168, बुरहानपुर में 122 मरीज हो चुके हैं। 240 की मौत हो चुकी है और 2399 संक्रमित ठीक होकर घर जा चुके हैं।
मध्यप्रदेश में कोविड-19 सैंपल की संख्या गुरुवार को एक लाख पार हो गई है। अब तक कुल 1 लाख 273 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है, इसमें से 93 हजार 894 लोगों की रिपोर्ट सामने आ चुकी है। वहीं लगभग 4 हजार सैंपल अब तक रिजेक्ट हुए हैं। बाकी सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। राजधानी भोपाल में कुल सैंपल की संख्या 32439 और इंदौर में 22694 पहुंच गई है। प्रति एक लाख आबादी पर प्रदेश में 103.8 लोगों की सैंपलिंग की गई है। वहीं भोपाल में प्रति एक लाख पर 968 और इंदौर में 462.5 लोगों की सैंपलिंग हुई है।
भोपाल-विदिशा हाईवे पर मुबारकपुर में पलायन करते हजारों लोग रोज नजर आ रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के मजदूर जान जोखिम में डाल इस तरह से सफर करने मजबूर हैं।
भोपाल में कंटेनमेंट एरिया में अब सर्वे व स्क्रीनिंग सुबह, सैंपलिंग शाम को होगी
जहांगीराबाद, मंगलवारा, टीला जमालपुरा, सुभाष नगर समेत शहर के 200 से ज्यादा कंटेनमेंट एरिया में हेल्थ सर्वे, स्क्रीनिंग और सैंपलिंग का शेड्यूल शुक्रवार को बदल दिया गया। शनिवार से कंटेनमेंट एरिया में हेल्थ सर्वे और स्क्रीनिंग सुबह की पारी में होगी। जबकि कोरोना संदिग्धों की सैंपलिंग शाम को होगी। जिला प्रशासन ने यह बदलाव गर्मी के कारण स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की बिगड़ रही सेहत के मद्देनजर लिया है। जेपी अस्पताल, हमीदिया अस्पताल सहित दूसरे अस्पतालों में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के सुआब के नमूने ओपीडी के दौरान ही लिए जाएंगे। जिला प्रशासन के अफसरों ने बताया कि कंटेनमेंट एरिया में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आशा- अांगनबाड़ी कार्यकर्ता हेल्थ सर्वे करेंगी। जबकि नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टॉफ कंटेनमेंट एरिया में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग। इस दौरान जिन रहवासियों की पॉजिटिव मरीज से कांटेक्ट हिस्ट्री अथवा उसमें कोरोना के लक्षण मिलेंगे? उस व्यक्ति के सुआब के नमूने लिए जाएंगे। लेकिन, यह सैंपल दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे के बीच जीएमसी, जेपी हॉस्पिटल के डॉक्टर्स और लैब टेक्नीशियन वाली टीम लेगी।
भोपाल-विदिशा हाईवे सुबह से शाम तक इस तरह के नजारे देखे जा सकते हैं। महाराष्ट्र से लोग अपनी बाइक से परिवार सहित उत्तरप्रदेश और बिहार जा रहे हैं।
इंदौर में मल्हारगंज की एक मल्टी में 31 पॉजिटिव, इनमें 70 फीसदी मरीज तीसरी मंजिल के
मल्हारगंज थाने के ठीक पास महंत कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को एक ही दिन में 21 पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। पहले यहां 10 मरीज मिल चुके हैं। 340 लोगों की मल्टी में 31 लोग संक्रमित हो गए हैं। मरीजों में एक 12 साल की बच्ची भी शामिल है। इसमें भी 70 फीसदी मरीज तीसरी मंजिल पर रहने वाले हैं। न्यू पलासिया में भी 40 सदस्यों वाले जैन परिवार के एक सदस्य संक्रमित हो गए हैं। परिवार में 2 डॉक्टर हैं, लिहाजा उन्हें होम क्वारेंटाइन कर इलाज किया जा रहा है। न्यू पलासिया के एक अन्य परिवार की महिला भी चोइथराम में भर्ती हैं। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के बिजासन नगर में 7 लोग तो कुम्हारखाड़ी में भी 5 मरीज मिले हैं।
आजकल भोपाल-विदिशा हाईवे पर मुंबई की लोकल टैक्सी भी नजर आ रही हैं। लोग इन टैक्सी से बिहार और उत्तरप्रदेश जा रहे हैं। हालांकि इन टैक्सियों को मुंबई से बाहर चलने की इजाजत नहीं है।
कोरोना अपडेट्स
54 दिन में... 4,360 केस यानी हर दिन 80 केस दर्ज : भोपाल पुलिस ने 54 दिनों में 4360 केस दर्ज किए हैं। यानी औसतन 80 केस रोजाना। बीते 24 घंटे में भोपाल में 159 केस दर्ज किए गए हैं। इनमें ज्यादातर बेवजह दो पहिया और चार पहिया वाहनों से घूमने के मामले शामिल हैं। ड्रोन कैमरों से मॉनीटरिंग कर 130 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किए हैं। बिना मास्क घर से बाहर निकलने वाले 370 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है।
भोपाल। बिहार और उत्तरप्रदेश के मजदूर ट्रकों में छमता से अधिक संख्या में सफर कर रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा और बढ़ रहा है।
कुल संक्रमित मरीज 4656:
इंदौर 2299, भोपाल 961, उज्जैन 284, जबलपुर 168, बुरहानपुर 122, खरगौन 99, धार 96, खंडवा 81, रायसेन 65, देवास 58 मंदसौर 57 नीमच 49, होशंगाबाद 37, ग्वालियर 54, रतलाम 28, बड़वानी 26, मुरैना 27, सागर 17, विदिशा 14, आगरमालवा 13, भिंड 16, रीवा 11, शाजापुर 8, सतना 8, झाबुआ 7, छिंदवाड़ा 5, सीहोर 5, श्योपुर 4, सीधी 4, अलीराजपुर 3, अनूपपुर 3, हरदा 3, शहडोल 3, शिवपुरी 4, टीकमगढ़ 3, दतिया 4, अशोकनगर 2, डिंडोरी 2, बैतूल 1, गुना 1, मंडला 1, पन्ना 1, सिवनी 1, दमोह में एक मरीज।
Comment Now