वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 46 लाख 26 हजार 487 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 17 लाख 57 हजार 282 ठीक हो चुके हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 08 हजार 610 हो गया है। ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो से लॉकडाउन को लेकर मतभेदों के बीच एक महीने में दूसरे स्वास्थ्य मंत्री ने इस्तीफा दे दिया। उधर, इटली 3 जून से अंतरराष्ट्रीय यात्रा से प्रतिबंध हटा रहा है। लोग अब इटली में दूसरे देश से आ-जा सकेंगे। उसी दिन से देश के अंदर फ्री ट्रैवल को भी अनुमति दी जाएगी।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 14,84,285 | 88,507 | 3,26,242 |
स्पेन | 2,74,367 | 27,459 | 1,88,967 |
रूस | 2,62,843 | 2,418 | 58,226 |
ब्रिटेन | 2,36,711 | 33,998 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,23,885 | 31,670 | 1,20,205 |
ब्राजील | 2,20,291 | 14,962 | 84,970 |
फ्रांस | 1,79,506 | 27,529 | 60,448 |
जर्मनी | 1,75,699 | 8,001 | 1,51,700 |
तुर्की | 1,46,457 | 4,055 | 1,06,133 |
ईरान | 1,16,635 | 6,902 | 91,836 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: 24 घंटे में 1680 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में 1680 लोगों की मौत हो गई। देश में मरने वालों की संख्या 88 हजार से ज्यादा हो चुकी है। वहीं, 14 लाख 84 हजार 285 लोग संक्रमित हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में 27 हजार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि तीन लाख 56 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। राज्य में 13 जून तक स्टे-ऐट-होम ऑर्डर जारी किया गया है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्लानिंग एंड प्रिजर्वेशन के छात्र ग्रेजुएशन सेरेमनी से पहले अपना कैप उछालते हुए। महामारी की वजह से कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन होगा।
ब्राजील: संक्रमण के 15,305 नए मामले
लैटिन अमेरिकी देश ब्राजील में भी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 15,305 मामले सामने आए हैं। देश में 2 लाख 18 हजार से ज्यादा मरीज हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक एक दिन में 824 लोगों की मौत हो गई। अब मृतकों की संख्या 14 हजार 817 हो गई है। एक दिन पहले देश में 13 हजार 944 नए मामले मिले थे। इस बीच ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने सोमवार को लॉकडाउन के नियमों में ढील देते हुए जिम, ब्यूटी पार्लर और नाई की दुकानों को खोलने की छूट दी है।
लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन करते लोगों का समर्थन करते ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो।
ब्रिटेन: मामलों में कमी
ब्रिटन अमेरिका, स्पेन और रूस के बाद चौथा सबसे प्रभावित देश है। यहां एक दिन 3560 केस मिले हैं और 384 लोगों की जान गई है। देश में अब तक लगभग 34 हजार लोगों की मौत हो चुकी है और 2.36 लाख लोग संक्रमित हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने बताया है कि देश में मरने वालों की संख्या में कमी आ रही है। नर्सिंग होम्स के कर्मचारियों का टेस्ट जून के पहले हफ्ते में करा लिया जाएगा।
एनएचएस कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन और उनकी गर्लफ्रेंड कैरी सायमंड्स।
इटली: अब तक 31,610 लोगों की मौत
इटली में अब तक 31 हजार 610 लोगों की मौत हो गई है। दो लाख 23 हजार 885 संक्रमित हैं। दुनिया में अमेरिका और ब्रिटेन के बाद सबसे ज्यादा मौतें यही हुई हैं। इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख एंजेलो बोरेली ने शुक्रवार को बताया कि 24 घंटे में 242 लोगों की जान गई है और 700 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। 18 मई से देश में सभी गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इटली में 21 फरवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था।
इटली में एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी दो टेबल के बीच की दूरी मापते। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए यहां रेस्टोरेंट खोलने की इजाजत दी गई है।
रूस: एंटीबॉडिज के लिए लोगों की स्क्रीनिंग शुरू
रूस में एंटीबॉडिज के लिए बड़े स्तर पर लोगों की स्क्रीनिंग शूरू कर दी गई है। इसके लिए अलग-अलग उम्र के लोगों को मॉस्को के अस्पताल में बुलाया जा रहा है। लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लैबों में भेजे जा रहे हैं। इस पर 30 से ज्यादा क्लिनिक काम कर रहे हैं। देश में अब तक दो लाख 62 हजार 843 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 2418 की जान जा चुकी है।
पेरु: चीन से ज्यादा मामले
पेरु दुनिया का 11वां सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन गया है। यहां चीन से भी ज्यादा संक्रमण के मामले हो गए हैं। देश में अब तक 84 हजार 495 मरीज मिल चुके हैं। वहीं, 2392 मरीजों की मौत हो चुकी है।
चीन: 21 नए केस मिले
चीन में 21 नए सामने आए हैं। इनमें 13 वैसे केस हैं, जिनके लक्षण पहले नजर नहीं आए। वहीं, वुहान के 1.1 करोड़ लोगों की टेस्टिंग की जाएगी। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, शुक्रवार को मिले आठ केस में से 6 बाहर से आए मामले थे। देश में अब तक 82 हजार 941 मामले हो चुके हैं, जबकि 4633 लोगों की जान जा चुकी है।
Comment Now