पुलिस ने बताया कि मजदूर चूने से भरे एक ट्रक में सवार थे। चिरूहली क्षेत्र के पास पहले से खड़े ट्रक से यह ट्रक टकरा गया।
औरैया. उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार तड़के 3:30 बजे हाईवे पर एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। इसमें 24 मजदूरों की मौत हो गई। कानपुर रेंज के आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया है कि 35 लोग जख्मी हुए हैं। इनमें से 20 को जिला अस्पताल, जबकि गंभीर रूप से जख्मी 15 लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है।
जो लोग चाय पीने ट्रक से उतरे थे उनकी जान बच गई
हादसा औरैया के पास चिरूहली क्षेत्र में एक ढाबे के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों ट्रक में मजदूर सवार थे। दिल्ली से आया ट्रक ढाबे के पास रुका था। कुछ लोग चाय पी रहे थे। तभी राजस्थान से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। इसमें चूना भरा हुआ था और 30 मजदूर सवार थे। जो लोग चाय पीने ट्रक से उतरे थे उनकी जान बच गई। चश्मदीदों ने बताया कि हादसा राजस्थान से आ रहे ट्रक ड्राइवर की झपकी लगने से हुआ। टक्कर के बाद दोनों ट्रक पलट गए। चूने की बोरियों में मजदूर दब गए।
यह तस्वीर उस ट्रक की है जिसमें चूने की बोरियां भरी थीं। बताया जा रहा है कि इसमें 30 लोग सवार थे।
मारे गए लोगों में सबसे ज्यादा झारखंड से
प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त कर सूची जारी की है। अब तक 15 मृतकों की पहचान हो पाई है। इनमें सबसे ज्यादा झारखंड से हैं। इनकी संख्या सात है। वहीं, पश्चिम बंगाल के रहने वाले 4 लोग हैं। इसके अलावा, बिहार और उत्तर प्रदेश से दो-दो मृतक हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं।
पुलिस को दबे मजदूरों को निकालने में दो घंटे लग गए। कुछ की मौत दम घुटने से हुई।
हादसा एक ढाबे के पास हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों ट्रक में सवार लोगों के सामान एक जगह जमा किए।
टक्कर के बाद दोनों ट्रक गड्ढे में पलट गए। लाशों को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चूना से लदा ट्रक राजस्थान से पश्चिम बंगाल के लिए निकला था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
यह तस्वीर उस ढाबे की है, जहां हादसा हुआ।
हादसे में घायल करीब 15 लोगों को सैफई रैफर किया गया है।
जख्मी मजदूर ने बताया कि हमारी नींद जोर के झटके से खुली। शुक्र है हम बच गए।
इससे पहले 8 दिन में चार बड़े हादसे, 32 मजदूरों की मौत
बुधवार रात मध्य प्रदेश के गुना में बस और कंटेनर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत हुई। 54 जख्मी हो गए। सभी लोग उत्तरप्रदेश के उन्नाव जा रहे थे। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार देर रात ही रोडवेज की बस ने 6 मजदूरों को कुचल दिया। वहीं, बिहार में भी प्रवासियों की बस ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।
Comment Now