मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। राज्य में बुधवार को 1,495 नए पॉजिटिव मिले। यह एक दिन में पॉजिटिव मिले मरीजों का सबसे बड़ा आकड़ा है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में राज्य में संक्रमण से 54 मौतें भी हुईं हैं। इनमें मुंबई में 40 की जान गई। राज्य में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 25,922 पहुंच गई है। वहीं संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 975 पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक 5,547 मरीज कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं।
‘टोसिलिजुमैब’ नाम की नई दवाई का इस्तेमाल शुरू
मुंबई में बीएमसी के हॉस्पिटल में गंभीर रूप से बीमार चल रहे कोरोना मरीजों को ‘टोसिलिजुमैब’ ( Tocilizumab ) नाम की दवा का इंजेक्शन लगाया जा रहा है। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि इससे मरीजों की स्थिति में सुधार भी देखने को मिला है। बीएमसी के मुताबिक, मुंबई के बीएमसी मेडिकल कॉलेज, सायन अस्पताल, नायर अस्पताल, केइएम और सेवन हिल्स अस्पताल में टोसिलिजुमैब इंजेक्शन का इस्तेमाल शुरू कर दिया गया है। अब तक कुल 40 मरीजों पर इसका इस्तेमाल किया गया, जो इस वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित थे और इनमें से 30 से ज्यादा मरीजों में उत्साहजनक परिणाम भी देखने को मिले हैं।
मंदिर ट्रस्ट के पास पड़े सोने को कब्जे में लेना चाहिये: अशोक चव्हाण
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने केंद्र सरकार से मांग की है कि राष्ट्र को आर्थिक संकट से उबारने के लिए देशभर के मंदिर ट्रस्टों के पास रखे हुए सोने के भंडार को सरकार अपने कब्जे में ले। चव्हाण ने कहा कि यह सोना राष्ट्र की संपत्ति है और राष्ट्र के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार को यह भी सुझाव दिया कि अगर केंद्र सरकार चाहे तो 1 या 2% ब्याज पर यह सोना मंदिर ट्रस्टों से ले सकती है। इस संदर्भ में चव्हाण ने अंतरराष्ट्रीय संस्था वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का हवाला देते हुए कहा कि देश के मंदिर ट्रस्टों के पास लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थात 75 लाख करोड़ रुपए मूल्य का सोना है।
महाराष्ट्र में ग्राम सभाओं पर अगले आदेश तक रोक
महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुशरिफ ने बताया कि राज्य सरकार ने गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित करने पर अगले आदेश तक अस्थायी रोक लगाने का निर्णय किया है। मुशरिफ ने कहा कि गांवों में इस महीने अनिवार्य रूप से होने वाली ग्राम सभाएं अब आयोजित नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि नियम है कि एक वित्तीय वर्ष में कम से कम चार ग्राम सभाओं का आयोजन करना अनिवार्य है। ऐसा करने में असफल रहने पर सरपंच, उप सरपंच या ग्राम सेवक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर ट्रेन शुरू होने की जानकारी मिलते ही हजारों की संख्या में लोग यहां पहुंचे थे। महिलाओं और बच्चों को कड़ी धुप में कतार में लगना पड़ा।
महाराष्ट्र: प्रवासी मजदूरों को घर भेजने के लिए राज्य सरकार देगी 54.7 करोड़
मुंबई में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कैथोलिक जिमखाना क्लब में गत्तों से बने बेड लगाकार क्वारैंटाइन कक्ष का निर्माण किया गया है।
संजय राउत ने की मुंबई को अलग से आर्थिक पैकेज देने की मांग
शिवसेना के नेता संजय राउत ने कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित मुंबई के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की है। राउत ने कहा, "कामगार शहर छोड़कर जा रहे हैं, क्योंकि उनके पास यहां काम नहीं बचा है। देश की आर्थिक राजधानी के तौर पर मुंबई की महत्ता बनी रहनी चाहिए। केंद्र को मुंबई तथा नौकरियां पैदा करने वाले अन्य शहरों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि शिवसेना ने, मोदी की 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज संबंधी घोषणा का स्वागत किया है।
Comment Now