वॉशिंगटन. दुनिया में करोनावायरस से अब तक 44 लाख 28 हजार 236 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 16 लाख 57 हजार 905 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, मौतों का आंकड़ा तीन लाख के करीब हो गया है। अमेरिका में सबसे ज्यादा 85 हजार लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद ब्रिटेन में 33 हजार लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, दुनिया के 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में अब चीन नहीं है।
कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 14,30,348 | 85,197 | 3,10,259 |
स्पेन | 2,71,095 | 27,104 | 1,83,227 |
रूस | 2,42,271 | 2,212 | 48,003 |
ब्रिटेन | 2,29,705 | 33,186 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,22,104 | 31,106 | 1,12,541 |
ब्राजील | 1,89,157 | 13,158 | 78,424 |
फ्रांस | 1,78,060 | 27,074 | 58,673 |
जर्मनी | 1,74,098 | 7,861 | 1,48,700 |
तुर्की | 1,43,114 | 3,952 | 1,01,715 |
ईरान | 1,12,725 | 6,783 | 89,428 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: 24 घंटे में 1813 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में 1813 लोगों की मौत हुई है और 21 हजार 712 संक्रमित मिले हैं। इस समय देश में 14 लाख 30 हजार 348 लोग संक्रमित हैं। वहीं, 85 हजार 197 लोगों की जान जा चुकी है। देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में तीन लाख 50 हजार से ज्यादा केस मिल चुके हैं, जबकि 27 हजार मौत हो चुकी है। उधर, राष्ट्रपति ट्रम्प लॉकडाउन हटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे संक्रमक रोग विशेषज्ञ एंथनी फॉसी के पक्ष में नहीं हैं। फॉसी ने कहा था कि अर्थव्यवस्था खोलने से संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है। ट्रम्प ने कहा कि मैं उनसे सहमत नहीं हूं।
अमेरिका के ऑस्टिन शहर में बारबर शॉप में जाने से पहले युवक का तापमान चेक करती महिला।
जल्द ही 1 करोड़ टस्ट कर लिया जाएगा: ट्रम्प
अमेरिका ने टेस्ट की क्षमता को बढ़ा दिया है और जल्द ही यह संख्या एक करोड़ के पार जा सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार की शाम कहा, “हम एक करोड़ परीक्षण करने के बेहद करीब है और कुछ दिनों में हमें इसे पूरा करने में लगेंगे।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात का जिक्र किया कि जैसा कि आंकड़ों से पता चलता है कि किसी भी अन्य देश की तुलना में अमेरिकियों के परीक्षण का दर ज्यादा है।
राष्ट्रपति ट्रम्प बुधवार को नॉर्थ डकोटा और क्लोराडो के गवर्नर से महामारी पर बात करते हुए।
चीन कोरोना से जुड़ी रिसर्च हैक कर रहा: अमेरिका
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि चीन से जुड़े हैकर्स कोरोनावायरस पर रिसर्च कर रहे संगठनों को निशाना बना रहे हैं। बीबीसी ने गुरुवार को एफबीआई के हवाले से कहा, "जांच एजेंसी ने वैक्सीन, इलाज और परीक्षण पर रिसर्च कर रहे अमेरिकी समूहों पर हैकिंग के प्रयासों को देखा है।" अमेरिका लंबे समय से चीन की सरकार पर साइबर जासूसी का आरोप लगाता आया है और बीजिंग ने हमेशा इससे इनकार किया है।
न्यूजीलैंड: लगातार तीसरे दिन कोई नया केस नहीं
न्यूजीलैंड में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन कोई नया केस नहीं मिला। अर्थव्यवस्था को खोलने के लिए बुधवार आधी रात से दश में प्रतिबंधों में राहत देते हुए लॉकडाउन का लेनल 2 कर दिया गया। देश में संक्रमण के 1497 मामले सामने आए हैं। इनमें 1411 ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक 21 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने के लिए कहा गया है।
न्यूजीलैंड में मास्क पहनकर स्कूल जाते बच्चे। यहां 11 मई से स्कूल खोल दिया गया। वहीं, बुधवार आधी रात से लॉकडाउन का लेवल 2 कर दिया गया है।
इटली: 31 हजार मौतें
इटली में अब तक 31 हजार लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका और ब्रिटेन के बाद यहां सबसे ज्यादा मौत हुई है। वहीं, दो लाख 22 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां बुधवार को 195 लोगों की मौत हुई।
इटली में एक चर्च को डिसइन्फेक्ट करता सफाईकर्मी। बुधवार को यहां 195 लोगों की मौत हुई।
इटली में 55 अरब यूरो के पैकेज का प्रस्ताव पारित
इटली सरकार ने गुरुवार को अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए 55 अरब यूरो (59.6 अरब डॉलर) के आर्थिक पैकेज का प्रस्ताव पारित किया। प्रधानमंत्री गिउसेप कोंजे ने कहा, “यह वित्तीय पैकेज दो बजट घोषणाओं के बराबर है। हम जानते हैं कि देश इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा था।” इसकी घोषणा अप्रैल के अंत में की गई थी, लेकिन गठबंधन सहयोगियों में चल रहे तनाव के कारण इसमें देरी हुई।
रूस: मॉस्को में 1290 मौतें
मॉस्को में 24 घंटे में 58 नई मौतें सामने आई हैं। यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 1290 हो गई है। मॉस्को के कोरोनावायरस केंद्र ने गुरुवार को ये जानकारी दी। इस बीमारी से रूस में कुल 2 लाख 42 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में मरने वालों की संख्या 2200 हो गई है, जबकि 48 हजार मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
रूस के एक कब्रिस्तान में शव को दफन करते लोग। देश में 11 दिनों से हर दिन 10 हजार स ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका: मई के अंत तक लॉकडाउन में ढील
दक्षिण अफ्रीका लॉकडाउन में इस महीने के अंत में कुछ ढील देने की तैयारी कर रहा है। राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने गुरुवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा, “हम अब लॉकडाउन में ढील देने और अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे खोलने की तैयारी कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि मई के अंत तक देश के ज्यादातर हिस्से को पांच-स्तर से कम कर अलर्ट स्तर तीन पर रखा जाएगा। हालांकि, सबसे ज्यादा संक्रमण वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जून में भी अलर्ट स्तर चार बने रहने की संभावना है। यहां अब तक 12 हजार 74 संक्रमित हैं, जबकि 219 की जान जा चुकी है।
देश में लगे लॉकडाउन के दौरान केपटाउन में लोगों क डॉक्यूमेंट चेक करता सुरक्षाकर्मी।
मैक्सिको: 18 मई से लॉकडाउन में ढील
मैक्सिको में दो महीने से जारी लॉकडाउन में 18 मई से ढील दी जाएगी। वित्त मंत्री ग्रैसिएला मार्केज ने गुरुवार को कहा कि ‘द न्यू नॉर्मल’ शीर्षक वाली योजना के तहत तीन चरणों में प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी। पहले चरण में कुल 32 में से 15 राज्यों में उन जगहों पर आर्थिक गतिविधियां फिर से शुरू की जाएंगी, जहां मामले नहीं है या कम है। दूसरे चरण में 18 से 31 मई तक कुछ आर्थिक क्षेत्रों में निर्माण, खनन समेत मोटर वाहन निर्माण की गतिविधियों को फिर से शुरू किया जाएगा। तीसरे चरण की शुरुआत एक जून से होगी। यहां 38,324 केस और 3926 मौतों की पुष्टि हो चुकी है।
बुल्गारिया: आपातकाल 14 जून तक बढ़ा
यूरोपीय देश बुल्गारिया की सरकार ने आपातकाल 14 जून तक बढ़ा दिया है। महामारी के कारण बुल्गारिया में 13 मार्च को आपातकाल लागू किया गया था। बाद में इसे बढ़ाकर 14 मई किया गया। अभी के हालात को देखते हुए सरकार ने इसे 14 जून तक बढ़ा दिया है। बुल्गारिया में संक्रमण के अब तक 2069 मामले सामने आए हैं जबकि 96 लोगों की मौत हो चुकी है।
Comment Now