नई दिल्ली. लॉकडाउन के बीच स्पेशल ट्रेनें शुरू करने के बाद अब हवाई यात्रा शुरू करने की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। न्यूज एजेंसी की खबर के मुताबिक अगले हफ्ते से एयर इंडिया स्पेशल डोमेस्टिक फ्लाइट शुरू कर सकती है। हालांकि ये फ्लाइट केवल उन लोगों के लिए होगी जिन्हें वंदे भारत मिशन के जरिए विदेशों से लाया जा रहा है। मिशन के पहले फेज में 64 फ्लाइट से करीब 14 हजार भारतीयों को लाया जा चुका है। वंदे भारत मिशन का पहला फेज 7 मई को शुरू हुआ था।
सीमित रूट पर होंगी उड़ानें
प्रस्ताव के मुताबिक ये उड़ानें कुछ सीमित रूट पर ही होंगी। मसलन दिल्ली से कोलकाता, मुंबई, लखनऊ, जयपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, कोच्चि, अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए हो सकती है। एयर इंडिया के सूत्रों के अनुसार वंदे भारत मिशन के जरिए जो भारतीय लाए जा रहे हैं उन्हें दिल्ली या कुछ सीमित जगह तक पहुंचाया जा रहा है। वहां से अपने घर जाने के लिए ऐसे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में ये स्पेशल डोमेस्टिक फ्लाइट यात्रियों को राहत देगी।
16 मई से शुरू होगा वंदे भारत मिशन फेज-2
कोरोना की वजह से विदेशों में फंसे भारतीयों की वतन वापसी के मिशन वंदे भारत का दूसरा फेज 16 मई से शुरू होगा। यह फेज सात दिन यानी 22 मई तक चलेगा। इस दौरान 31 देशों से 149 फ्लाइट्स आएंगी। सबसे ज्यादा 13 फ्लाइट अमेरिका से आएंगी।
दूसरे फेज में इन देशों से लाए जाएंगे भारतीय
अमेरिका, यूएई, कनाडा, सऊदी अरब, ब्रिटेन, मलेशिया, ओमान, कजाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, यूक्रेन, कतर, इंडोनेशिया, रूस, फिलीपींस, फ्रांस, सिंगापुर, आयरलैंड, किर्गिस्तान, कुवैत, जापान, जॉर्जिया, जर्मनी, तजाकिस्तान, बहरीन, अर्मेनिया, थाईलैंड, इटली, नेपाल, बेलारूस, नाइजीरिया, बांग्लादेश।
इन 5 देशों से सबसे ज्यादा फ्लाइट आएंगी
देश | फ्लाइट |
अमेरिका | 13 |
यूएई | 11 |
कनाडा | 10 |
सऊदी अरब | 9 |
ब्रिटेन | 9 |
Comment Now