वॉशिंगटन. दुनिया में करोनावायरस से अब तक 43 लाख 40 हजार 58 लोग संक्रमित हो चुके हैं। दो लाख 92 हजार मौतें हो चुकी हैं, जबकि 16 लाख दो हजार 155 लोग ठीक हो चुके हैं। अमेरिका और चीन के बीच टकराव अभी और बढ़ सकता है। बीबीसी के मुताबिक, सीनेट में चीन पर बैन लगाने का प्रस्ताव लाया गया है। रिपब्लिकन सांसदों ने मंगलवार को ऐसा कानून लाने का प्रस्ताव रखा, जिससे डोनाल्ड ट्रम्प को चीन पर बैन लगाने की ताकत मिले। सांसदों ने कहा कि चीन शुरू से ही हमें धोखा दे रहा है, जिसकी वजह से कई जिंदगियां खत्म हो गईं।
सिएटल स्थित इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन ने बुधवार को कहा कि अमेरिका में अगस्त की शुरुआत तक 1 लाख 47 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो सकती है। पहले के अनुमान से यह 10 हजार ज्यादा है।
कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 14,08,636 | 83,425 | 2,96,746 |
स्पेन | 2,69,520 | 26,920 | 1,80,470 |
रूस | 2,32,243 | 2,116 | 43,512 |
ब्रिटेन | 2,26,463 | 32,692 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,21,216 | 30,911 | 1,09,039 |
फ्रांस | 1,78,225 | 26,991 | 57,785 |
ब्राजील | 1,77,602 | 12,404 | 72,597 |
जर्मनी | 1,73,171 | 7,738 | 1,47,200 |
तुर्की | 1,41,475 | 3,894 | 98,889 |
ईरान | 1,10,767 | 6,733 | 88,357 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
ट्विटर: हमेशा घर से काम करने की अनुमति
ट्विटर के कर्मचारी न केवल महामारी के दौरान बल्कि इसके बाद भी अगर वे चाहे तो हमेशा के लिए अपने घर से काम कर सकते हैं। ट्विटर ने मंगलवार को कहा, “अगर हमारे कर्मचारी घर से काम करने की स्थिति में हैं और वे ऐसा हमेशा के लिए चाहते हैं तो हम इसे पूरा करने का प्रयास करेंगे।” इसके अलावा कंपनी के कार्यालयों में काम करने का विकल्प खुला रहेगा। बयान के अनुसार ट्विटर सितंबर के पहले अपना कार्यालय नहीं खोलेगा और उसके पहले कुछ अपवादों को छोड़ किसी भी तरह की व्यापारिक यात्रा नहीं होगी।
अमेरिका में लॉकडाउन हटाने को लेकर चेतावनी
अमेरिका की कोरोना टास्क फोर्स के सदस्य डॉ. एंथनी फॉसी ने अमेरिकी राज्यों से लॉकडाउन हटाने को लेकर चेतावनी दी है। अगर महामारी को काबू में करने की क्षमता विकसित किए जाने से पहले राज्यों को राहत दी जाती है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दोबारा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं।
न्यूयॉर्क के ब्रूकलिन में एक महिला स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह बढ़ाती। राज्य में 15 मई के बाद प्रतिबंधों में राहत दी जा सकती है।
रूस: तीसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश
अमेरिका (14.08 लाख) और स्पेन (2.69 लाख) के बाद रूस तीसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन गया है। यहां अब तक 2 लाख 32 हजार 243 मरीज मिल चुके हैं। यहां लगभग 10 दिनों से हर दिन 10 हजार से ज्यादा केस मिल रहे हैं। वहीं, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमीत्री पेस्कोव भी संक्रमित पाए गए हैं।
रूस में एक मरीज को अस्पताल ले जाते स्वास्थ्यकर्मी। संक्रमण के मामले यहां 2.32 लाख हो गए हैं।
2.83 लाख से ज्यादा की मौत पार: डब्ल्यूएचओ
24 घंटे में दुनियाभर से 4261 मौतें सामने आई हैं। कुल मौतों का आंकड़ा 2.83 लाख हो गया है। डब्ल्यूएचओ ने बुधवार को कहा कि दुनिया भर में कुल संक्रमितों की संख्या 40 लाख 88 हजार 848 हो गई है। 24 घंटे में 82,591 मामले सामने आए हैं। ज्यादातर मामले यूरोप में दर्ज किए गए हैं, जहां इनकी संख्या 17 लाख 55 हजार 790 है। यहां कुल 1 लाख 57 हजार 880 मौतें हुई हैं।
चीन: जिलिन शहर में और नए केस मिले
चीन में बुधवार को सात नए केस मिले हैं। एक दिन पहले यहां 6 मरीज मिले थे। सात में से 6 स्थानीय लोगों के हैं, जो उत्तर-पूर्व जिलिन प्रांत के हैं। यहां संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। जिलिन के शुलान शहर में ज्यादा मामले मिलने के बाद यहां लॉकडाउन लगा दिया गया है। यहां एक महिला में संक्रमण का मामला सामने आया था। उसका कोई ट्रैवल रिकॉर्ड नहीं है। उसने अपने पति, तीन हनों और परिवार के अन्य लोगों को संक्रमित कर दिया।
वुहान के टोंग्जी अस्पताल में इंटरनेशनल नर्स डे मनातीं स्वास्थ्यकर्मी।
फ्रांस: 27 हजार मौतें
फ्रांस में 24 घंटे में 348 नई मौतें सामने आई हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर बुधवार को 27 हजार के पार हो गई। इसी के साथ अमेरिका, ब्रिटेन और इटली के बाद फ्रांस कोरोना से बुरी तरह प्रभावित देशों में चौथे नबंर पर आ गया। यहां अब तक 1 लाख 40 हजार 227 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि अब तक 57,785 लोग ठीक हो चुके हैं।
फ्रांस में एक डिपार्टमेंटल स्टोर में जाने के लिए इंतजार करती महिलाएं। सरकार ने यहां प्रतिबंधों में थोड़ी ढील दी है।
लेबनान: टोटल लॉकडाउन
लेबनान में अब तक 870 मरीज मिल चुके हैं, जबकि 26 लोगों की जान जा चुकी है। यहां सरकार ने संक्रमण के खतरों को देखते हुए टेटल लॉकडउन की घोषणा की है। चार दिनों पहले ही पाबंदियों में राहत दी गई थी, जिसके बाद केस अचानक बढ़ने लगे। मंगलवार को यहां 11 नए मामले सामने आए।
मिस्र: 347 नए मामले
मिस्र में मंगलवार को कोरोना के 347 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,093 हो गई है। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता खालिद मेगाहेद ने मंगलवार को बताया कि मंगलवार को 11 मरीजों की मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 544 हो गई है। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मेगाहेद ने महामारी के खिलाफ जंग लड़ रही मिस्र की नर्सों के प्रयासों और बलिदानों की प्रशंसा की और उन्हें ‘मिस्र की सफेद सेना’ कहा।
Comment Now