Friday, 23rd May 2025

कोरोना दुनिया में LIVE / अब तक 41.80 लाख संक्रमित: अमेरिका में 24 घंटे में 776 की जान गई और 20 हजार से ज्यादा केस मिले

Mon, May 11, 2020 5:59 PM

 

  • अमेरिका में अब तक 80 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं, जबकि 13 लाख लोग संक्रमित हैं
  • जर्मनी में संक्रमण के अब तक 1.71 लाख मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 7569 लोगों की मौत हो चुकी है
 

वॉशिंगटन. दुनिया में संक्रमितों की संख्या 41 लाख 80 हजार 137 हो गई है। 2 लाख 83 हजार 852 की मौत हुई है। इसी दौरान 14 लाख 90 लाख हजार 590 स्वस्थ भी हुए हैं।अमेरिका में 24 घंटे में 776 लोगों की जान गई है, जबकि 20 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले मिले हैं। देश में मरने वालों की संख्या 80 हजार से ज्यादा हो गई है, जबकि 13 लाख से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 13,67,638 80,787 2,56,336
स्पेन 2,64,663 26,621 1,76,439
ब्रिटेन 2,19,183 31,855 उपलब्ध नहीं
इटली 2,19,070 30,560 1,05,186
रूस 2,09,688 1,915 34,306
फ्रांस 1,76,970 26,380 56,038
जर्मनी 1,71,879 7,569 1,44,400
ब्राजील 1,62,699 11,123 64,957
तुर्की 1,38,657 3,786 92,691
ईरान 1,07,603 6,640 86,143

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं। 

जर्मनी: संक्रमण का आंकड़ा बढ़ा

लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील देने के बाद जर्मनी में संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। रॉबर्ट कोच इंस्टीट्यूट के मुताबिक, जर्मनी में संक्रमण का रीप्रोडक्शन रेट फिलहाल 1 से बढ़कर 1.3 हो गई है यानी एक संक्रमित व्यक्ति ज्यादा लोगों को बीमार कर सकता है। लॉकडाउन हटाने की मांग को लेकर शनिवार को हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया था। इससे पहले, जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने बुधवार को 16 राज्यों के नेताओं से बातचीत करने के बाद लॉकडाउन में छूट की घोषणा की थी। यहां एक लाख 71 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं, जबकि 7569 की मौत हो चुकी है।

जर्मनी में लॉकडाउन में छूट के बाद चर्च भी खोल दिए गए। बर्लिन के कैथेड्रल में लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैठे नजर आए।

अमेरिका: उपराष्ट्रपति क्वारैंटाइन नहीं होंगे

अमेरिकी उपराष्ट्रपति के कार्यालय ने रविवार को कहा कि वे 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन नहीं होंगे। शुक्रवार को उनकी प्रवक्ता कोरोना पॉजिटिव मिली थी। इसके बाद पेंस की भी जांच की गई थी, लेकिन उनका टेस्ट निगेटिव आया था। वहीं, व्हाइट हाउस में ट्रम्प के सैन्य सहयोगी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद टास्क फोर्स में शामिल डॉ. एंथनी फॉसी भी शनिवार को सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए।

  • डेमोक्रेटिक गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने कहा- न्यूयॉर्क के केयर होम्स में हफ्ते में दो बार कोरोनावायरस का टेस्ट किया जाना चाहिए।
  • अमेरिका में करीब 25 हजार मौतें केयर होम्स में हुई हैं, जिसमें 5300 केवल न्यूयॉर्क में हुई।
  • न्यूयॉर्क और आस-पास के इलाकों में 15 मई के बाद बिजनेस खोले जा सकते हैं।
  • न्यूयॉर्क अमेरिका में महामारी को एपिसेंटर बना हुआ है। यहां 26,670 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि तीन लाख 35 हजार 395 केस मिल चुके हैं।

ब्रिटेन: 31 हजार से ज्यादा मौतें

ब्रिटेन में अब तक 31 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। यहां अब तक दो लाख 19 हजार 183 लोग संक्रमित हैं। यह दुनिया का तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लॉकडाउन 1 जून तक बढ़ा दिया है। हालांकि, इस दौरान ज्यादा कड़े नियम नहीं रहेंगे। पीएम ने अब ‘स्टे होम’ की जगह ‘स्टे अलर्ट’ नारा दिया है। उन्होंने कहा कि पब्लिक प्लेस 1 जुलाई से खोले जा सकेंगे।

कोरोनावायरस प्रकोप के बीच लंदन में एक दीवार पर मास्क पहने युवक का चित्र बनाया गया है। ब्रिटेन दुनिया का तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है।

चीन: शुलान शहर में लॉकडाउन लगा

बीबीसी के मुताबिक, चीन के शुलान शहर में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया है। एक दिन पहले यहां 11 नए मामले सामने आए थे। बताया जाता है कि सभी मामले एक कपड़े धोने वाली महिला के संपर्क में आने के बाद बढ़े। महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। लोगों से घर में रहने की अपील की गई है। सार्वजनिक जगहों को बंद कर दिया गया है। देश में अब तक 82 हजार 918 केस मिल चुके हैं, जबकि 4633 की मौत हो चुकी है।

प्रतिबंध हटने के बाद बीजिंग के एम्यूजमेंट पार्क में झूला का आनंद उठाते लोग।

इटली: 24 घंटे में सबसे कम मामले दर्ज
इटली में 24 घंटे में 802 नए मामले सामने आए हैं। इससे यहां 165 और लोगों की मौत हुई है। पिछले दो महीनों में यहां एक दिन में सबसे कम मामले दर्ज किए गए हैं। इटली में अब तक 30,560 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कुल 2 लाख 19 हजार 70 संक्रमित हैं।

इटली की सिल्विया रोमानो रोम के सियाम्पिनो सैन्य हवाई अड्डे पर अपने परिवार से मिलती। उनका 18 महीने पहले केन्या में बंदूकधारियों ने अपहरण कर लिया था।

ब्राजील: 1.6 लाख संक्रमित

ब्राजील में मामले बढ़कर 1 लाख 62 हजार 699 हो गए हैं। मरने वालों का आंकड़ा 11 हजार के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 24 घंटे में 6760 नए मामले सामने आए हैं और 496 लोगों की मौत हुई है। शनिवार को यहां 10 हजार 611 नए मामले सामने आए थे और 730 लोगों की मौत हुई थी। यहां अब तक  61 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। शनिवार को ब्राजील की संसद ने कोरोना से मरने वाले मरीजों की याद में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी।

ब्राजील में मदर्स डे के मौके पर ड्राइवरों पर होली वॉटर छिड़कते प्रिस्ट। देश में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

तुर्की: 1.38 लाख संक्रमित
तुर्की में 24 घंटे में 1542 नए मामले सामने आए हैं और 47 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्री फाहरेतिन कोजा ने बताया कि तुर्की में अब तक कोरोना के 1 लाख 38 हजार 657 मामले सामने आए हैं। इससे 3786 लोगों की मौत हुई है। यहां 24 घंटे में 36 हजार 187 टेस्ट हुए हैं। अब तक कुल 13 लाख 70 हजार से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं। तुर्की में 11 मार्च के कोरोना का पहला मामला सामने आया था।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery