मप्र: लॉकडाउन फेज-3 का छठवां दिन / 3341 संक्रमित, 200 लोगों की मौत, इंदौर में 1780 और भोपाल में 703 कोरोना पॉजिटिव; दोपहर बाद 16 मजदूरों का अंतिम संस्कार होगा
Sat, May 9, 2020 5:42 PM
- शुक्रवार को महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रेल हादसे से मरने वालों के शव विशेष ट्रेन से जबलपुर लाए जा रहे
- जबलपुर से शवों को शहडोल और उमरिया भेजा जाएगा, दोपहर बाद सभी का अंतिम संस्कार होगा
भोपाल. कोरोना पॉजिटिव मरीजों का बढ़ता आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। मध्य प्रदेश में शुक्रवार रात तक 3341 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 200 लोगों की मौत हो चुकी है। इंदौर में 1780 और भोपाल में 703 कोरोना पॉजिटिव हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रेल हादसे में मरने वाले श्रमिकों के शव विशेष ट्रेन से जबलपुर लाए जा रहे हैं। यहां से शवों को शहडोल और उमरिया के लिए भेजा जाएगा। दोपहर बाद सभी का अंतिम संस्कार होगा।
मरने वालों में शहडोल के 11 और उमरिया के 5 श्रमिक हैं। शहडोल के अंतौली गांव में एक साथ 11 लोगों की चिताएं जलेंगी। मृतक आपस में चार चचेरे भाई, चाचा-भतीजा समेत 9 लोग सगे-संबंधी हैं। यह लोग एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। पूरे गांव में मातम पसरा है। अंतौली गांव में रहने वाले रामनिरंजन के तीन बेटे थे। इनमें दो रावेंद्र और निर्वेश स्टील कंपनी में काम करने गए थे। दोनों हादसे का शिकार हो गए। इसी तरह गजराज सिंह के दो बेटे और दो बेटियां थीं। गजराज के दोनों बेटे बुद्घराज सिंह और शिवदयाल सिंह भी हादसे का शिकार हुए हैं। वहीं, चाचा धन सिंह के साथ काम करने गया दीपक सिंह भी हादसे का शिकार हो गया। रामनिरंजन और गजराज सिंह भी रिश्ते में दूर के भाई लगते हैं।

औरंगाबाद से शुक्रवार शाम मजदूरों के शव जबलपुर के लिए विशेष ट्रेन से भेजे गए।
32400 मजदूरों को गुजरात और महाराष्ट्र से लाएंगी 27 ट्रेन
लॉकडाउन में गुजरात और महाराष्ट्र में फंसे मध्यप्रदेश के मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए सरकार ने तैयारी की है। अकेले मई में 27 श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलेंगी, जो 32400 मजदूरों को लेकर आएंगी। 15 ट्रेन चलना तय हो चुका है। बाकी 12 भी 4- 5 दिन में फाइनल हो जाएंगी। एंट्री पाॅइंट रतलाम के अलावा रेलवे इन्हें मेघनगर, उज्जैन, शुजालपुर और मक्सी तक चला सकता है। मजदूरों से रेलवे किराया नहीं लेगा, क्योंकि मध्यप्रदेश सरकार ने किराए के एक करोड़ रुपए (दूरी के हिसाब से प्रति ट्रेन 4 से 7 लाख) एडवांस में रेलवे को जमा करा दिए हैं। इसके बदले रेलवे हर ट्रेन से आने वाले मजदूरों के टिकट प्रिंट करके सरकार तक पहुंचा रही है।

अशोकनगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोनावायरस के संदिग्ध मरीजों के सैंपल ले रही है।
कोरोना अपडेट्स
- भोपाल में 24 मौत, इसमें 19 गैस पीड़ित: राजधानी में कोरोना से 32 दिन में अब तक 24 मौत हो चुकी हैं। इनमें 19 गैस पीड़ित थे। 17 पुरुष थे, जबकि 2 महिलाओं की मौत हुई। ज्यादातर मरने वालों की उम्र 35 से ऊपर थी। अधिकतर पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे। बड़ा सवाल यह है कि इन मरने वाले 19 लोग कोरोना से कैसे संक्रमित हुए, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर सोर्स का पता लगाने में जुटे हैं।
- इंदौर में डॉक्टरों पर थूकने और काटने की धमकी: कोविड अस्पताल एमटीएच में मरीजों द्वारा बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। डॉक्टर्स के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती मरीज नौशाद (43) ने जूनियर डॉक्टर और स्टाफ को अपशब्द कहे। उन्हें काटने और थूकने की धमकी दी। इसकी शिकायत डॉक्टर्स ने अधीक्षक डॉ. वीपी पांडे से की। इससे पहले अस्पताल में कुछ मरीजों ने खाने को लेकर विवाद किया।
- चंदन नगर में फिर पुलिस पर हमला: इंदौर के चंदन नगर में पुलिस पर दूसरी बार हमले का मामला सामने आया है। पहले दिन अधिकारी मामला छिपाते रहे, लेकिन जब सिपाहियों ने इसका विरोध किया तो अगले दिन उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज किया। इसमें तीन लोगों को हिरासत में लिया। विवाद एक स्कूटी पर जा रहे तीन लोगों को रोकने को लेकर हुआ था। घटना बुधवार की है।
- 160 इंडस्ट्री को परिवहन की मंजूरी, 317 को पहले ही मिल चुकी: इंदौर जिला प्रशासन और एमपीआईडीसी ने 317 इंडस्ट्री को उनके गोदामों से माल परिवहन की अनुमति जारी करने के बाद 160 और इंडस्ट्री को मंजूरी जारी कर दी। इससे 100 करोड़ से अधिक का माल परिवहन हो सकेगा। इन सभी उद्योगपतियों को यह अनुमति कलेक्टर मनीष सिंह के हस्ताक्षर के बाद एमपीआईडीसी के रीजनल डायरेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने एआईएमपी को सौंपे।
- बिना सूचना दिए खरगोन पहुंचे अधिकारी, कलेक्टर ने नोटिस दिया : इंदौर से बिना ई-पास से खरगोन गए पीआईयू के कार्यपालन यंत्री एसएन पंवार को खरगोन कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने शोकॉज नोटिस दिया है। कलेक्टर ने कहा कि बिना पास और सूचना के इंदौर जैसे रेड जोन एरिया से सफर करना प्रतिबंधित है। ऐसे लोगों को बिना 14 दिन क्वारैंटाइन के नहीं रहने दिया जा सकता है। कलेक्टर ने पंवार को क्वारैंटाइन करने के आदेश दिए हैं। इंदौर में लोगों की आवाजाही पर अभी काफी सख्ती बरती जा रही है।

भोपाल में मंत्रालय पहुंच रहे कर्मचारियों को दफ्तर के गेट पर हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर दिया जा रहा है।
- स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 3341 संक्रमित : इंदौर 1727, भोपाल 679, उज्जैन 220, जबलपुर 116, खरगोन 80, धार 78, रायसेन 64, खंडवा 52, होशंगाबाद 36, मंदसौर 51, बुरहानपुर 42, बड़वानी-26, देवास 32, मुरैना 22, रतलाम 23, विदिशा 13, आगर मालवा 13, ग्वालियर 12, शाजापुर 8, नीमच, सागर और छिंदवाड़ा 5-5, श्योपुर 4, हरदा-अलीराजपुर-शहडोल-टीकमगढ़-अनूपपुर-शिवपुरी में 3-3, रीवा 2, सीहोर, बैतूल, डिंडोरी, अशोकनगर, पन्ना-निवाड़ी, सतना में एक-एक संक्रमित मिला। अन्य राज्य के 2 मरीज हैं।
- अब तक 200 की मौत : इंदौर 86, उज्जैन 43, भोपाल 24, खरगोन 8, देवास में 7, खंडवा 7, बुरहानपुर-मंदसौर 4-4, जबलपुर 5, होशंगाबाद-रायसेन में 3-3, धार, आगर मालवा, शाजापुर, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, सागर और सतना में एक-एक की मौत हो गई। (स्वास्थ्य विभाग द्वारा 8 मई को शाम 6 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार)
Comment Now