Sunday, 3rd August 2025

वंदे भारत मिशन का तीसरा दिन / 7 देशों से 8 विमानों में भारतीयों की वापसी होगी; पहली फ्लाइट दोपहर 3 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद

Sat, May 9, 2020 5:30 PM

 

  • मिशन के पहले दो दिन में 7 फ्लाइट आईं, सबसे ज्यादा 4 विमान केरल पहुंचे
  • ऑपरेशन समुद्र सेतु के पहले फेज में मालदीव से 698 भारतीय लाए जा रहे
 

नई दिल्ली. कोरोना वायरस की वजह से विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के मिशन वंदे भारत का आज तीसरा दिन है। आज 7 देशों से 8 फ्लाइट आएंगी। ढाका से दिल्ली आने वाली फ्लाइट के सबसे पहले दोपहर 3 बजे लैंड होने की उम्मीद है। किस फ्लाइट में कितने लोग आएंगे, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। इससे पहले मिशन के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को 5 उड़ानों से भारतीयों की वापसी हुई।

आज की 8 फ्लाइट कहां-कहां से आएंगी?

कहां से आएगी कहां पहुंचेगी पहुंचने का समय
ढाका दिल्ली दोपहर 3 बजे
कुवैत हैदराबाद शाम 6.30 बजे
मस्कट कोच्चि रात 8.50 बजे
शारजाह लखनऊ रात 8.50 बजे
कुवैत कोच्चि रात 9.15 बजे
कुआलालंपुर त्रिची रात 9.40 बजे
लंदन मुंबई रात 1.30 बजे
दोहा कोच्चि रात 1.40 बजे

8 मई को 5 उड़ानों से लोग भारत लौटे
वंदे भारत मिशन के दूसरे दिन यानी 8 मई को पहली फ्लाइट दोपहर 12 बजे दिल्ली पहुंची। इस फ्लाइट में सिंगापुर से 234 लोग आए। दूसरी फ्लाइट ढाका से 167 मेडिकल स्टूडेंट को लेकर श्रीनगर आई। तीसरी फ्लाइट रियाद से कोझिकोड पहुंची। इसमें आने वाले लोगों की संख्या पता नहीं चल पाई। बहरीन से कोच्चि और दुबई से चेन्नई आई उड़ानों में 182-182 लोग आए।

वंदे भारत मिशन के तहत आ रहे भारतीयों को एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद 14 दिन के सेल्फ क्वारैंटाइन में भेजा जा रहा है।

7 मई को दो उड़ानें आईं
मिशन के पहले दिन यानी 7 मई को पहली फ्लाइट अबू धाबी से 181 भारतीयों को लेकर कोच्चि पहुंची। इनमें से 5 लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण दिखने पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। दूसरी फ्लाइट दुबई से 182 यात्रियों को लेकर कोझिकोड आई।

वतन वापसी के मिशन में सरकार बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता दे रही है।

दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा
पहले फेज में 14 मई तक 12 देशों से 14 हजार 800 भारतीयों को लाने का प्लान है। मिशन का दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा। इस फेज में सेंट्रल एशिया और यूरोपीय देशों जैसे- कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, रूस, जर्मनी, स्पेन और थाईलैंड से भारतीयों को लाया जाएगा।

मालदीव से 698 लोग समुद्र के रास्ते आ रहे
विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सरकार ने ऑपरेशन समुद्र सेतु भी शुरू किया है। इसके पहले फेज में नेवी का जहाज आईएनएस जलाश्व मालदीव से 698 लोगों को लेकर शुक्रवार को रवाना हो चुका है। इसके 10 मई को कोच्चि पहुंचने की उम्मीद है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery