Friday, 23rd May 2025

कोरोना दुनिया में LIVE / अब तक 2.65 लाख जान गई: अमेरिका में 24 घंटे में 2073 लोगों की जान गई और 25 हजार 459 केस मिले

Thu, May 7, 2020 5:15 PM

 

  • इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने टास्क फोर्स खत्म कर अर्थव्यवस्था खोलने वाला ग्रुप बनाने की बात कही थी
  • दुनियाभर में अब तक 38.21 लाख संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 12.99 लाख लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है
 

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक दो लाख 65 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 38 लाख 21 हजार 687 लोग संक्रमित हैं, जबकि 12 लाख 99 हजार 417 ठीक हो चुके हैं। अमेरिका में 24 घंटे में 2073 लोगों की जान गई और 25 हजार 459 केस मिले। यहां मृतकों की संख्या 75 हजार के करीब हो गई है। वहीं, 12 लाख 63 हजार से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 12,63,092 74,799 2,12,981
स्पेन 2,53,682 25,857 1,59,359
इटली  2,14,457 29,684 93,245
ब्रिटेन 2,01,101 30,076 उपलब्ध नहीं
फ्रांस 1,74,191 25,809 53,972
जर्मनी 1,68,162 7,275 1,37,696
रूस 1,65,929 1,537 21,327
तुर्की 1,31,744 3,584 78,202
ब्राजील 1,26,611 8,588 51,370
ईरान 1,01,650 6,418 81,587

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अमेरिका: न्यूयॉर्क में एक दिन में 232 जान गई
न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने बुधवार को बताया कि राज्य में एक दिन में 232 लोगों ने जान गंवाई है। इनमें 207 की मौत हॉस्पिटल में और 24 की नर्सिंग होम में हुई है। अब यहां संक्रमण और मौतों में कमी आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि व्हाइट हाउस कोरोना टास्क फोर्स खत्म नहीं किया जाएगा। एक दिन पहले उन्होंने और उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने इसे खत्म कर अर्थव्यवस्था खोलने वाला ग्रुप बनाने की बात कही थी। लेकिन अब यह पैनल वक्सीन बनाने पर ध्यान केंद्रीत करेगा।

न्यूयॉर्क में लोगों ने स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए तालियां बजाईं। राज्य में एक दिन में 232 लोगों की जान गई है।

कोरोना अब तक सबसे बुरा हमला: ट्रम्प
ट्रम्प ने बुधवार को कोरोना संक्रमण की तुलना पर्ल हार्बर पर हुए हमले से की। उन्होंने कहा कि यह अब तक देश पर हुआ सबसे बुरा हमला है। अगर चीन समय रहते कदम उठा लेता तो यह महामारी पूरी दुनिया को अपने चपेट में नहीं लेती। 7 दिसंबर 1941 को हुए इस हमले में करीब ढाई हजार अमेरिकियों की जान गई थी।

ब्रिटेन: 2 लाख से ज्यादा संक्रमित
ब्रिटेन में एक दिन में 649 लोगों की मौत हुई है और करीब पाांच हजार नए केस मिले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या दो लाख से ज्यादा हो गई है। साथ ही 30 हजार 76 लोगों की जान जा चुकी है। देश में सोमवार से प्रतिबंधों में ढील दी जा सकती है। पीएम बोरिस जॉनसन ने संक्रमण से ठीक होने के बाद पहली बार संसद में कहा कि हर व्यक्ति की मौत त्रासदीपूर्ण है। 

लॉकडाउन के बीच लदन की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। इस बीच एक युवक मास्क पहनकर सड़क से गुजरता हुआ।

इटली: मृतकों में लगातार कमी
इटली में 24 घंटे के दौरान 369 लोगों की मौत हुई है। नागरिक सुरक्षा विभाग ने बुधवार को कहा कि छह मई तक देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 लाख 14 हजार 457 हो गई है। इटली यूरोप में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक है। वहीं, सबसे ज्यादा मौत ब्रिटेन में हुई है।

इटली में रेस्टोरेंट और बार खोलने की मांग को लेकर खाली कुर्सियों रखकर प्रदर्शन किया गया।

दक्षिण कोरिया: संक्रमितों की संख्या 10,810
दक्षिण कोरिया में एक दिन में चार मरीज मिले। अब तक 10 हजार 810 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (केसीडीसी) ने गुरुवार को बताया कि 24 घंटे के दौरान इस महामारी से केवल एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतकों की संख्या 256 हो गई है। द. कोरिया में संक्रमण के प्रसार में काफी कमी आई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों में कुछ ढील देने की घोषणा की है। देश में अब तक 6 लख 30 हजार लोगों की कोरोना जांच की गई है।

दक्षिण कोरिया में बेसबॉल मैच के दौरान चीयरलीडर्स भी मास्क पहने नजर आईं।

आरोप लगाने के बजाए महामारी पर ध्यान दे अमेरिका: चीन
अमेरिका में चीनी राजदूत सुई तीआंकी ने अमेरिकी सरकार को आरोप-प्रत्यारोप लगाने का खेल बंद कर महामारी से निपटने की सलाह दी। उन्होंने कहा- चीन पर आरोप लगाना सही नहीं होगा, क्योंकि इससे महामारी के खिलाफ लड़ाई कमजोर होगी। हमेशा चीन को कोसने की प्रवृति राजनितिक लाभ के लिए की जाने वाली गंदी राजनीति है। महामारी से चीन सबसे पहले पीड़ित होने वाला देश था, इसलिए जिम्मेदार ठहराने का सवाल ही नहीं होता। यदि चीन को कोरोना से हुए नुकसान की भरपाई करनी होगी तो अमेरिका को भी 2008 में हुए वित्तीय संकट के लिए भरपाई करनी चाहिए।

सीरिया: प्रतिबंधों को हटाएगा
सीरिया प्रतिबंधों को हटाएगा। 10 मई से राज्यों में सार्वजनिक परिवहन की अनुमति दी जाएगी। स्कूल 31 मई से खोले जाएंगे। सरकार के कोरोना प्रतिक्रिया केंद्र ने बुधवार को बयान जारी कर कहा, "देश के सभी प्रांतों में सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में सभी प्रकार के सार्वजनिक परिवहन के संचालन को फिर से शुरू किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जाएगा। सीरिया पश्चिमी एशिया में सबसे कम प्रभावित देशों में से एक है। यहां अभी तक 45 मामलों की पुष्टि हुई है औऱ तीन की मौत हुई है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery