मध्य प्रदेश: लॉकडाउन फेज-2 का 18वां दिन / लॉकडाउन के तीसरे चरण की तैयारी के लिए प्रदेश सरकार की बैठक आज, किस जिले में क्या रियायत मिलती है, इसी पर सबकी नजर
Sat, May 2, 2020 4:55 PM
- बैठक में योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा, ग्रीन जोन के सभी 24 जिलों को अंदर से पूरी तरह से खोल दिया जाएगा
- इंदौर और भोपाल जैसे सबसे संक्रमित जिलों की स्थिति अभी साफ नहीं, इन दोनों जिलों में ज्यादा छूट नहीं मिलेगी
भोपाल. लॉकडाउन फेज-2 के 2 दिन बाकी हैं। इसी के साथ फेज-3 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नई गाइडलाइन जारी कर दी। प्रदेश में इसका स्वरूप कैसा होगा, इसकी रूपरेखा बनाई जा रही है। आज रात तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसकी घोषणा कर सकते हैं। फेज-2 के आखिरी सप्ताह से मिली राहत से आम लोगों को सुविधा हुई है। हर जरूरत का सामान आसानी से उपलब्ध है। अन्य प्रदेशों में फंसे मजदूर भी घरों तक पहुंचने लगे हैं। इधर, बीते दो दिन से प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। शुक्रवार देर रात तक 2761 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 147 की मौत हो चुकी है।
देशभर में लॉकडाउन दो हफ्ते बढ़ने के बाद प्रदेश सरकार ने 4 मई से सख्ती और शर्तों के साथ आधे प्रदेश को खोलने की योजना तैयार कर ली है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य मंत्रियों के साथ प्रदेश में रेड जोन के 9 जिले, ऑरेंज जोन के 19 और ग्रीन जोन के 24 जिलों को खोलने पर चर्चा की। इन जिलों के प्रशासन का फीडबैक लिया। अधिकारियों ने छूट की संभावनाओं को प्रस्तावित किया। आज होने वाली बैठक में इस योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में तय हुआ है कि ग्रीन जोन के सभी 24 जिलों को भीतर से पूरी तरह से खोल दिया जाएगा, जबकि ऑरेंज जोन में छूट बढ़ाई जाएगी। वहीं, रेड जोन के भोपाल-इंदौर समेत बाकी जिलों में शादी समारोहों की छूट मिल सकती है। इसमें लड़का-लड़की के साथ 5 से 10 परिजन शामिल हो सकेंगे। कंटेनमेंट क्षेत्रों को छोड़कर बाकी में इलेक्टॉनिक सामानों की होम डिलीवरी की जा सकेगी।

राजधानी भोपाल में कोरोना से बचाव के लिए सेना का एक जवान साइकिल से निकला और चौराहों पर उन्होंने लोगों से घर में रहने अपील की।
नासिक से भोपाल लौटे 345 मजदूर, 1 लाख अभी भी फंसे
लॉकडाउन में फंसे लोगों की घर वापसी के लिए रेलवे ने 6 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। इनमें नासिक रोड स्टेशन से 6 डिब्बों की ट्रेन 345 मजदूरों को लेकर आज सुबह भोपाल आई। जिन लोगों के पास पैसे नहीं थे, उनके टिकट जिला प्रशासन ने खरीदे। मप्र सरकार दूसरे राज्यों में फंसे प्रदेश के करीब 40 हजार मजदूरों को बसों के जरिए ले आई है। अब 6 राज्यों में फंसे एक लाख छह हजार मजदूरों को वह ट्रेन के जरिए वापस लाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को रेल मंत्री से बात कर 80 से 100 ट्रेनें मांगेंगे और रूट तय करेंगे।

राज्य मंत्रालय में कामकाज शुरू हो गया है। कर्मचारियों को स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। कर्मचारियों का रोज डाटा अपडेट हो रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- इंदौर: शुक्रवार को कोरोना के 28 नए मरीज मिले। पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1545 हो गई। कुल 507 सैंपल में 453 निगेटिव आए। दो मरीजों की मौत भी हुई। अब तक 74 लोगों की जान जा चुकी है। इधर, शहर अब लॉकडाउन फेज-3 के लिए तैयार है। इसके लिए प्रशासन ने तीन बिंदुओं सैंपलिंग, टेस्टिंग और सख्ती को फोकस कर रणनीति बनाई है, जिस पर शनिवार से ही अमल शुरू होगा। संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी के मुताबिक, हर दिन औसत 400 सैंपल ले रहे हैं, उन्हें बढ़ाकर 500 करेंगे। इसमें कंटेनमेंट एरिया के सामान्य लोग के सैंपल भी रहेंगे। कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि अब कोरोना कंट्रोल में आ रहा है। उधर, सेंट्रल जेल के मुख्य द्वार पर ड्यूटी करने वाले प्रहरी की गुरुवार रात पॉजिटिव रिपोर्ट आई। अब तक जेल से जुड़े 32 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें चार प्रहरी शामिल हैं। 68 वर्षीय एक कोरोना संदिग्ध कैदी की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई।
- इंदौर में 21 दिन की नवजात बच्ची भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गई। यह इतनी कम उम्र की इंदौर में और संभवत: मप्र में भी पहली मरीज है। उसे चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पिता एमवायएच के ब्लड बैंक में लैब टेक्नीशियन हैं और कुछ दिन पहले वे भी पॉजिटिव हो गए थे। इसके बाद प्रशासन ने उनकी पत्नी, नवजात और मां की जांच करवाई। इसमें बच्चे और उनकी मां में संक्रमण की पुष्टि हुई, पत्नी की तबीयत ठीक है। लैब टेक्नीशियन ने बताया कि वे ड्यूटी के दौरान दूसरे साथी से संक्रमित हुए थे। समस्या ये है कि कोविड पीड़ित बच्चों के लिए उपचार की अलग व्यवस्था नहीं है। उनकी पत्नी चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंची तो वहां राशि जमा करवाने को कहा। कलेक्टर तक मामला पहुंचा तो रेडक्रॉस से कुछ राशि दी गई।
- भोपाल: शुक्रवार को कोरोना के 8 नए केस मिले। इसमें पांच केस मंगलवारा और तीन जहांगीराबाद क्षेत्र के हैं। जबकि चिरायु अस्पताल से 34 मरीज डिस्चार्ज हो गए। यहां देर रात तक 533 संक्रमित हो गए। सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि डिस्चार्ज मरीजों में 3 और 9 दिन की दो नवजात बच्चियों समेत एक 79 साल के बुजुर्ग भी शामिल हैं। प्रदेश में यह पहला मौका है जब इतनी कम उम्र की बच्चियों ने कोरोनावायरस को मात दी।
- बुरहानपुर: विधायक के बड़े भाई समेत 17 कोरोना पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों में 14 वे लोग हैं जो संक्रमित पूर्व पार्षद मोइनुद्दीन भैयालाल के सीधे संपर्क में आए थे। इसके अलावा कोरोना से दम तोड़ने वाली महिला यहां संक्रमित मिले विधायक सुरेंद्रसिंह शेरा के बड़े भाई राजेंद्रसिंह के घर के पास रहती थी। सबसे बड़ी बात यह है कि महिला ने 29 अप्रैल को दम तोड़ा और उसकी पॉजिटिव रिपोर्ट 1 मई को आई। संदिग्धों की सैंपलिंग के बाद भी उनकी निगरानी नहीं रखी गई। यही कारण रहा कि एक दिन में ही 17 पॉजिटिव मरीज सामने आए।
- इंदौर: नाइजीरिया के कानो शहर में कोरोना से बिगड़ रहे हालातों के बीच 700 से अधिक भारतीय वहां फंसे हैं। इनमें इंदौर के तीन युवा अंकित खंडेलवाल, अंजली राजपूत और देवेंद्र जैन ने वहां से निकलने के लिए प्रधानमंत्री से मदद मांगी है। अंकित ने बताया कि आठ दिन में ही यहां 219 मरीज हो गए। गुरुवार को 80 केस नए मिले। इसके बाद सरकार ने भारतीयों के लिए अलग आइसोलेशन सेंटर बनाया है, लेकिन उसकी हालत बहुत खराब है।

रायसेन में बाजार खुलने से लोग जरूरी सामान खरीदने लगे हैं। लेकिन, सामान घर तक पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में एक युवक कूलर कंधे पर रखकर घर ले गया।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमितों की संख्या 2715 : इंदौर 1515, भोपाल 526, उज्जैन 147, जबलपुर 87, खरगोन 73, धार 49, खंडवा 46, रायसेन 57, होशंगाबाद 35, बड़वानी 26, देवास 26, रतलाम में 16, मुरैना 14, विदिशा 13, आगर मालवा 12, मंदसौर 24, शाजापुर 7, सागर और छिंदवाड़ा 5-5, ग्वालियर 5, श्योपुर 4, हरदा-अलीराजपुर-शहडोल में 3-3, रीवा-शिवपुरी और टीकमगढ़ में 2-2, बैतूल, डिंडोरी, बुरहानपुर, अशोकनगर एक-एक संक्रमित मिला। अन्य राज्य के 2 मरीज हैं।
- अब तक 145 की मौत: इंदौर 72, उज्जैन 25, भोपाल 15, खरगोन और देवास में 7-7, खंडवा 6, होशंगाबाद में 3, रायसेन और मंदसौर 2-2, धार, जबलपुर, आगर मालवा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर में एक-एक की मौत हो गई।
- स्वस्थ्य हुए 524 मरीज: इंदौर 177, भोपाल 183, मुरैना और विदिशा 13-13, खरगोन 22, खंडवा 31, बड़वानी 18, होशंगाबाद 17, जबलपुर 7, उज्जैन 5, देवास में 7, शाजापुर 6, ग्वालियर 2, श्योपुर 4, छिंदवाड़ा और शिवपुरी 2-2, रायसेन और सागर में एक-एक मरीज स्वस्थ हुआ।
Comment Now