मुंबई. लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे बॉलीवुड स्टार ऋषि कपूर का गुरुवार सुबह 8:45 बजे मुंबई में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज मरीन लाइंस के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर किया जाएगा। बताया जा रहा है कि एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती ऋषि के पास अंतिम समय में उनकी पत्नी नीतू और बेटे रणबीर कपूर मौजूद थे। अंतिम सांस लेने से पहले ऋषि ने रणबीर से अपने बेड पर बैठने को कहा था। उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी दिल्ली में हैं, लेकिन गृह मंत्रालय से उन्हें मुंबई जाने की मंजूरी मिल गई है।
इस बीच, ऋषि के निधन की खबर मिलते ही अभिनेत्री आलिया भट्ट हॉस्पिटल पहुंची हैं। वे यहां रात को भी आई थीं। हॉस्पिटल में फिलहाल कपूर खानदान से जुड़े कुछ करीबी लोग ही मौजूद हैं। उधर, श्यमशान घाट में पंडित पहुंच गए हैं और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रिद्धिमा चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली से पहुंचेंगी। उनके आने के बाद ही अंतिम यात्रा शुरू होगी।
ऋषि कपूर को देखने अभिनेत्री आलिया भट्ट रात को ही एचएन रिलायंस अस्पताल पहुंची थीं।
ऋषि के परिवार का अनुरोध- लॉकडाउन में कानून का पालन करें
लॉकडाउन की गाइडलाइन के तहत अंतिम संस्कार में अधिक से अधिक 20 लोग शामिल हो सकते हैं। बुधवार को अभिनेता इरफान खान के अंतिम संस्कार में भी सिर्फ 20 लोगों को ही कब्रिस्तान में जाने की मंजूरी मिली थी। ऋषि के परिवार की तरफ से जारी हुए स्टेटमेंट में भी लोगों से कानून का पालन करने का आग्रह किया गया है।
Comment Now