रायपुर/अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ में मंगलवार को एक और व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। नया संक्रमण का मामला सूरजपुर जिले में सामने आया है। यह सरगुजा संभाग का पहला मामला है। बताया जा रहा है कि 58 साल का व्यक्ति महाराष्ट्र से अपने घर झारखंड जा रहा था। इसे एहतियात के तौर पर प्रतापपुर में बनाए गए क्वारैंटाइन सेंटर में आइसोलेट किया गया था। प्रदेश में अब संक्रमितों का आंकड़ा 38 पर पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के गढ़वा जिले के 58 वर्षीय वृद्ध महाराष्ट्र में मजदूरी करता है। कुछ समय पहले उसे राजनांदगांव की सीमा पर पकड़ा और फिर सूरजपुर के प्रतापपुर में बनाए गए आइसोलेशन कैंप में भेजा गया था। इस कैंप में 106 अन्य मजदूरों को भी रखा गया है। इन मजदूरों के सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
इनमें से वृद्ध की मंगलवार को आई रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। उसे अंबिकापुर में बनाए गए कोरोना अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इन मजदूरों के क्वारैंटाइन में 14 दिन पूरे हो गए थे और उन्हें घर भेजने की तैयारी थी। उससे पहले ही यह रिपोर्ट आ गई। फिलहाल सभी मजदूर अब निगरानी में हैं।
कोरबा के कटघोरा की दो महिलाएं हुई एम्स से डिस्चार्ज
वहीं दूसरी ओर सुबह रायपुर एम्स से दो और संक्रमितों के ठीक होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों महिलाएं कोरबा के कटघोरा की हैं। इसके बाद प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 4 हो गई है। जबकि 34 लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। अब तक सबसे ज्यादा संक्रमण के 28 केस कोरबा से ही सामने आए हैं। हालांकि पिछले 10 दिनों से वहां कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
Comment Now