रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर में सोमवार को पिकअप पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 9 घायल हो गए। सभी मजदूर पश्चिम बंगाल जाने के लिए निकले थे। घायलों को उपचार के लिए आरंग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने पिकअप जब्त कर ली है। हादसा परागांव के पास नेशनल हाईवे पर हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी 10 मजदूर नागपुर में काम करते थे। लॉकडाउन के दौरान सभी पैदल ही घर जाने के लिए निकले थे। इन मजदूरों ने करीब 283 किमी की दूरी पैदल ही तय कर ली थी। तभी रानी टोल प्लाजा के पास सब्जी ले जाने वाले एक पिकअप चालक से इन लोगों ने लिफ्ट ले ली। अभी ये लोग वहां से करीब 7 किमी दूर ही निकले थे।
इसी दौरान पारागांव के पास तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 24 वर्षीय जहीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 9 मजदूर घायल हो गए हैं, इसमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को आरंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे प्रारंभिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। ये सभी नागपुर के निर्माणाधींन एम्स में मजदूरी करते थे।
Comment Now