उज्जैन. उज्जैन में साेमवार काे एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हुआ। रविवार देर रात जारी रिपोर्ट में 14 नए मामले सामने आए हैं। इसे मिलाकर अब उज्जैन में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर जहां 119 हो गया है। वहीं मृतकों की संख्या 17 तक पहुंच गई है। जो मामले सामने आए हैं वे उज्जैन शहर के साथ ही आसपास के तहसीलों के हैं। इस बीच राहतभरी बात यह है कि जो पॉजिटिव मिले हैं वे या तो क्वारैंटाइन हैं या फिर कंटेनमेंट क्षेत्र के हैं। इसके पहले उज्जैन में रविवार को आई रिपोर्ट में तीन मरीज और पॉजिटिव मिले हैं। इनमें तोपखाना क्षेत्र के 65 साल के बुजुर्ग, नागदा का युवक, उसकी मां उम्र 40 साल तथा कमरी मार्ग के 69 साल के वृद्ध हैं। दो मरीजों के सैंपल भेजे गए हैं। वहीं, दो कोरोना मरीजों की मौत हुई। 94 रिपोर्ट निगेटिव आई है।
सांई विहार और बंगाल कॉलोनी क्षेत्र कंटेनमेंट एरिया घोषित
प्रशासन ने नए शहर की सांई विहार काॅलोनी और बंगाली कॉलोनी को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया। यहां एक-एक कोराना पॉजिटिव मिले। इसके अलावा कामदारपुरा को भी कंटेनमेंट एरिया घोषित किया है। इन क्षेत्रों को सील कर लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। बंगाली कॉलोनी में संजीव नंदी से 15 बंगाली कॉलोनी के मकान कंटेनमेंट क्षेत्र में रहेंगे।
लाॅकडाउन का पालन नहीं करने पर लगाया जुर्माना
लाॅकडाउन में डेयरी खोलकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर निगम ने जुर्माना लगाया। दानीगेट पर अमृत डेयरी पर सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं करने पर पांच हजार रुपए, मास्क नहीं पहनने, अनावश्यक घूमने वालों पर छह हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसी प्रकार मेडिकल शाॅप पर सोशल डिस्टेंस के लिए जरूरी सर्कल नहीं पाए जाने पर 11000 रुपए का जुर्माना लगाया। इसके अलावा नीलगंगा हरि फाटक चौराहा क्वारैंटाइन एरिया में बिना मास्क पहने घूमने और लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 15 व्यक्तियों पर 5200 रुपए का जुर्माना लगाया।
अब चैरिटेबल भी यलो अस्पताल
प्रशासन ने चैरिटेबल को यलो अस्पताल घोषित कर दिया। यलो अस्पताल में कंटेनमेंट एरिया के लोग जाकर इलाज करवा सकते हैं। ग्रीन और यलो अस्पताल में इलाज की निगरानी के लिए अपर कलेक्टर विदिशा मुखर्जी को सक्षम अधिकारी नियुक्त किया है।
रेड श्रेणी के दो अस्पताल - यहां कोरोना पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों का इलाज
यलो श्रेणी के 3 अस्पताल - यहां पॉजिटिव के परिजन और संपर्क में आए लोगों का इलाज
ग्रीन श्रेणी के 12 अस्पताल - यहां नॉन फ्लू ओपीडी और क्रॉनिक पेशेंट और कोरोना को छोड़कर सभी मरीजों का इलाज
Comment Now