Wednesday, 4th June 2025

छत्तीसगढ़ : लॉकडाउन फेज-2 का 12वां दिन / लॉकडाउन में पर्यटन के जरिए रोजगार देने की तैयारी में सरकार; आगरा से भिलाई आए बीएसएफ जवानों में कोरोना के लक्षण

Sun, Apr 26, 2020 5:54 PM

 

  • सरकार ने कहा- वॉटर और एडवेंचर टूरिज्म विकसित किया जाएगा, स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा
  • गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू बोले- 5 दिन में पीडब्ल्यूडी के 104 काम शुरू कर दिए गए
  • प्रदेश की सीमाएं खोलने पर 27 अप्रैल को प्रधानमंत्री से चर्चा के बाद फैसला लेगी सरकार
 

रायपुर. लॉकडाउन के बीच राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। केंद्र से जारी गाइडलाइन के बाद पीडब्ल्यूडी के 104 काम शुरू किए गए हैं। इनमें 40 सड़क, 42 भवन और 22 सेतु निर्माण के कार्य शामिल हैं। इधर, लॉकडाउन के दौरान स्थानीय लोगों को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी ओर आगरा से भिलाई आए बीएसएफ जवानों में कोरोना के लक्षण मिले हैं। इसके बाद उन्हें क्वारैंटाइन किया गया है। 

प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमण के 37 संक्रमित मरीज मिले। इनमें 32 ठीक हो चुके हैं। सिर्फ 5 एक्टिव केस हैं। अब तक कोरबा जिले से 28, रायपुर 6 और दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर से एक-एक संक्रमित मिला।

ये जवान छुट्‌टी में घर से आगरा लौटे थे। भिलाई स्टील प्लांट के माइनिंग क्षेत्र अंतागढ़ और रावघाट में बीएसएफ के सभी जवान तैनात हैं। बीएसपी प्रशासन ने इनको नक्सलियों से मोर्चा लेने के लिए बुलाया है। मूल रूप से सभी की ड्यूटी माइनिंग क्षेत्र में ही रहती है। बीएसपी प्रशासन, नक्सली गतिविधियों को इन्हीं की मदद से रोकता है।

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने बताया कि 27 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद ही जिलों की सीमाएं खोलने के बारे में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमाएं बंद हैं, ऐसे में प्रदेश के अंदर ही पर्यटन विकसित किया जा रहा है। इसके तहत चयनित किए गए स्थानों पर वॉटर और एडवेंचर टूरिज्म को लेकर काम हो रहा है। इसमें स्थानीय स्तर पर ही प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। 

मंदिरों की देखरेख के लिए अलग डायरेक्ट्रेट

  • वॉटर और एडवेंचर टूरिज्म के लिए मुरूमसिल्ली डैम धमतरी, हसदेव बागो डैम सतरंगा कोरबा, खुटाघाट रतनपुर, गंगरेल धमतरी, सरोधा डैम कबीरधाम, समोधा बैराज रायपुर, कोडार डैम रायपुर, मलानिया (गौरेला) और दुधावा कांकेर का चयन किया गया है। 
  • प्रदेश की मंदिरों की व्यवस्थाओं और आर्थिक गतिविधियों पर निगरानी के लिए डायरेक्ट्रेट की स्थापना होगी। इसके लिए दाे करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मंदिरों के जीर्णोंद्धार, मरम्मत, रखरखाव और धार्मिक स्थलों पर धर्मशाला निर्माण के लिए 2.39 करोड़ रूपए का अनुदान दिया गया।
  • लॉकडाउन का पालन कराने प्रदेश में 72 हजार पुलिस बल तैनात किए गए हैं। कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए 1316 एफआईआर, 1110 गिरफ्तारी, 2020 वाहन जब्ती समेत 97 लाख 94 हजार 595 रुपए वाहनों के चालान से जुर्माना वसूला गया।
  • जेलों में कैदियों के बीच फिजिकल डिस्टेंसिंग बनी रहे, इसके लिए 5 केन्द्रीय जेल, 20 जिला जेल और 8 उप जेलों से 2368 बंदियों को रिहा किया गया है।  

कोरोना अपडेट्स

भिलाई : आगरा से भिलाई आए बीएसएफ के 14 जवानों ने चिंता बढ़ा दी हैं। प्राथमिक जांच में 2 जवानों में कोरोना लक्षण मिले हैं। इसके बाद जवानों को धमधा स्थित आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। बाकी को सेक्टर-4 के क्वारैंटाइन सेंटर भेजा गया। सभी जवान छुट्टी पर अपने-अपने घर गए थे। वापसी में लॉकडाउन की घोषणा हो गई, जिससे वे फंस गए। सबको आगरा में एकत्रित होने को कहा गया और वहीं से सरकारी वाहन से एक साथ भिलाई लाया गया है।

यह तस्वीर भिलाई की है। यहां बाजार खुले हैं, लेकिन सख्ती भी है। प्रशासन की ओर से दुकानें खोलने की अनुमति मिलने के बाद दुकानदार तो बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी खरीदारों का पता नहीं है। 

रायपुर : सीजीएमएससी के गाेदाम में 30 हजार पीसीआर और 25 हजार रैपिड किट पहुंच गई हैं। रैपिड किट से मौके पर हो सकेगी रेंडम जांच की जाएगी। इसमें रिपोर्ट आधे घंटे में आएगी और संदिग्ध मरीजों का पता चलेगा। जबकि पीसीआर किट नेहरू मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज स्थित वायरोलॉजी लैब भेजी जाएगी। एक रैपिड किट की कीमत 377 रुपए है, जबकि दूसरे राज्यों ने यही किट 650 से 700 किट खरीदी है। अभी 50 हजार किट और आनी है। 

ये तस्वीर बिलासपुर की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घुटकू में एक और परिवार को क्वारैंटाइन किया है। युवक का सब्जीवालों के साथ आना जाना था। गांव में अब पहले से 43 परिवार क्वारेंटाइन हो गए हैं।

बिलासपुर : जिले में रविवार को पूर्ण लॉकडाउन है। इस दौरान कोई भी बाजार, दुकानें नहीं खुलेंगी। केवल मेडिकल स्टोर, मिल्क पार्लर और पेट्रोल पंप खुलेंगे। जिला प्रशासन ने  प्रत्येक रविवार व बुधवार को संपूर्ण लॉकडाउन करने का आदेश दिया है। किराना, सब्जी समेत सभी दुकानें बंद रहेंगी। कुदुदंड में होम क्वारेंटाइन से भागे परिवार का सीपत में पता चला है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वहीं पर क्वारैंटाइन कराया जा रहा है। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery