लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस का असर तेजी से फैलता जा रहा है। वाराणसी में सात पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शनिवार देर शाम बीएचयू से 95 सैंपल की रिपोर्ट आई, इनमें 87 निगेटिव हैं। एक अन्य पॉजिटिव है। 7 पुलिसकर्मियों में 1 उपनिरीक्षक, 3 हेड कांस्टेबल, 3 कांस्टेबल शामिल हैं। ये सभी सिगरा थाने की नगर निगम चौकी पर तैनात हैं। बताया गया कि सबसे पहले चौकी इंचार्ज (उप निरीक्षक) को खांसी और बुखार के लक्षण थे। इसके बाद संपर्क में रहने से चौकी के कुछ और पुलिस कर्मी चपेट में आ गए । ये सभी एक साथ चौकी के ही बैरक में रहते हैं।
प्रदेश में बीते 24 घंटे में 177 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। अब तक कुल 1793 संक्रमित हो गए। इनमें 1505 एक्टिव केस हैं। 27 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 1040 जमाती पॉजिटिव पाए गए।
झांसी: लॉकडाउन के बीच महाराष्ट्र में फंसे यूपी के लाखों प्रवासी मजदूर वाहनों में छिपकर घर लौट रहे हैं। हैरत की बात है कि यह लोग 2 स्टेट पार करके रविवार सुबह झांसी तक पहुंच गए। रास्ते में कई बार पुलिस चेकिंग मिली, लेकिन आगे जाने दिया। लंबा सफर तय करने के बाद जब वे एमपी-यूपी बॉर्डर पर पहुंचे तो झांसी पुलिस ने उन्हें वापस लौटा दिया। बताया गया कि एक ट्रक और डीसीएम में कुल 44 लोग झांसी पहुंचे थे। चार दिन के सफर में एमपी और महाराष्ट्र में पुलिस ने इन्हें नहीं रोका। मजदूरों ने बताया कि वे लोग दिन में रुकते थे। केवल रात में ही सफर करते थे।
महाराष्ट्र से झांसी आए मजदूरों को रविवार सुबह वापस लौटा दिया गया। यह सभी लोग अलग-अलग गाड़ियों से पांच दिन में झांसी से पहुंचे थे।
आगरा: जिले में शनिवार को ताजगंज की 65 साल की महिला की मौत हो गई। वह एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। सांस की बीमारी थी। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि महिला कोरोना संक्रमित थी। यह नौवीं मौत है। उधर, शनिवार को दूधिया और सब्जी विक्रेता समेत 23 और संक्रमित मिलने से जिले में कुल 371 केस हो गए। इस बीच आगरा में लॉकडाउन के दौरान लोग गाड़ियों से बाहर निकल रहे हैं। यहां के हालात दिनोंदिन खराब होते जा रहे हैं।
आगरा में लॉकडाउन के दौरान भी लोग बेवजह गाड़ियों से बाहर निकल रहे हैं। ये लोग पुलिस की सख्ती के बावजूद मानने को तैयार नहीं हैं।
मुजफ्फरनगर: जनपद में जानसठ इलाके के कवाल गांव की मस्जिद में क्वारैंटाइन किए गए दिल्ली के दो जमाती कोरोना संक्रमित पाए गए। खतौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विक्रम सैनी इसी गांव के रहने वाले हैं। गांव को चारों तरफ से सील कर दिया गया। सभी रास्तों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया।
अक्षय तृतीया के दौरान वाराणसी के घाटों पर स्नान के लिए यूं तो काफी भीड़ लगी रहती है लेकिन रविवार को यहां सन्नाटा पसरा रहा। लॉकडाउन की वजह से घाटों पर एकदम वीरानी छाई रही।
Comment Now