जयपुर. राजस्थान में संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 2000 तक पहुंच गया। शुक्रवार सुबह 36 नए केस सामने आए। इनमें सबसे ज्याद कोटा में 18, जयपुर में 13, झालावाड़ में 4 और भरतपुर में एक संक्रमित मिला। उधर, जयपुर में 75 साल के एक बुजुर्ग की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले के जमवारामगढ़ के रहने वाले बुजुर्ग को 13 अप्रैल को जयपुर के सवाईमान सिंह हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उनकी पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी। आशंका होने पर डॉक्टरों ने दोबारा सैंपल जांच के लिए भेजे। रिपोर्ट से पहले 22 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। 23 अप्रैल की रात आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में यह संक्रमण से 29वीं मौत है।
राजस्थान में 50 दिनों में कोरोना संक्रमण ने 2000 तक पहुंच गया है। राज्य में पहला केस 3 मार्च को जयपुर में सामने आया था। इसके बाद 1 अप्रैल को आंकड़ा 120 पर पहुंच गया। फिर तेजी से बढ़ते हुए 14 अप्रैल को प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1005 तक पहुंच गई। वहीं शुक्रवार को यह आंकड़ा 2000 तक पहुंच गया।
बुजुर्ग की पहले निगेटिव और फिर पॉजिटिव रिपोर्ट से बढ़ाई टेंशन
दरअसल, ग्रामीणों का दावा है कि जयुर के जमवारामगढ़ के रहने वाले जिस बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसके अंतिम संस्कार में करीब 300 लोग शामिल हुए थे। वहीं, प्रशासन का दावा है कि बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में 20 लोग ही शामिल हुए थे। फिलहाल, प्रशासन ने मृतक के परिवार के 30 लोगों को क्वारैंटाइन किया है। सीमाओं को सील कर गांव को सैनिटाइज किया जा रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में कौन-कौन शामिल हुआ था।
कोटा: कोरोना संक्रमित मां ने जन्मा स्वस्थ बच्चा
कोटा मेडिकल कॉलेज के कोरोना आइसोलेशन वार्ड में इन दिनों एक नन्हा मेहमान भी है। इस नवजात की मां कोरोना संक्रमित है। डॉक्टरों ने सीजेरियन कराया है। यह राजस्थान में किसी कोरोना संक्रमित महिला के सीजेरियन का पहला मामला है। मां पॉजिटिव है, इसलिए बेटे को अलग रखा हुआ है। लेकिन नवजात को बाकायदा एक अलग कमरा दिया है। इसके साथ परिवार की दो महिलाओं को भी रहने की अनुमति मिली हुई है।
कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में जन्मा बच्चा।
गहलोत बोले- कोटा में पढ़ रहे छात्र अब लौटने लगे, प्रवासियों को लाने की कोशिश जारी
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि कोटा में पढ़ रहे छात्र अपने घरों के लिए लौटने लगे। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे प्रवासी राजस्थानी कामगारों, मजदूरों, कोचिंग विद्यार्थियों की सकुशल घर वापसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रवासी राजस्थानी श्रमिकों, छोटे दुकानदार संकट के इस समय घर लौटना चाहते हैं। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पांच राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 18 हजार स्टूडेंट्स कोटा से अपने-अपने घर पहुंच चुके हैं। शनिवार को हिमाचल प्रदेश के 100, राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के 500 बच्चे बसों के जरिए तथा 300 बच्चे अपने निजी साधनों से घर जाएंगे। लॉकडाउन की घोषणा के बाद से ही कोटा में लगभग 40 हजार कोचिंग विद्यार्थी फंस गए थे।
कोटा में बिहार के छात्रों घर वापसीके लिए अनशन शुरू किया।
राजस्थान: नागौर का बासनी सुपर रेड जोन बना, सीकर में एक दिन तीन केस आए
जयपुर: यहां कोरोना के कारण शहर के 28 थाना इलाकों में कर्फ्यू चल रहा है। बुधवार को पॉजिटिव मिलने के कारण आमेर, खो नागोरियान, मालपुरा गेट, ट्रांसपोर्ट नगर व प्रताप नगर इलाके में चिह्नित एरिया में कर्फ्यू लगा दिया गया। वहीं इस दौरान 251 वाहन जब्त किए गए। धारा 144 के उल्लंघन में अब तक 433 लोग गिरफ्तार हो चुके। आपदा प्रबंधन और राजस्थान एपिडेमिक डिजीज एक्ट के 126 मामले दर्ज। लॉकडाउन के उल्लंघन करने पर जयपुर पुलिस ने अब तक 13608 वाहन जब्त किए हैं।
जोधपुर: शहर में गुरुवार को 21 नए मरीज सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 300 को पार कर 308 पहुंच गई है। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के अनुसार 18 मरीज उदयमंदिर क्षेत्र के हैं। इसके अलावा दो पॉजिटिव मंडोर क्षेत्र तथा एक घंटाघर का है। इनके अलावा बाड़मेर का एक पुरुष भी पॉजिटिव आया। वहीं एम्स में भी एक ईरान से लौटा भारतीय पॉजिटिव आया है। स्वस्थ होने पर एम्स में भर्ती ईरानियों में से 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। वहीं एमडीएमएच से भी दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है।
सीकर: एक साथ तीन कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। यहां लक्ष्मणगढ़ के रहने वाले एक बुजुर्ग की गुरुवार रात जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बुजुर्ग की बुधवार रात मौत हो गई थी। इसके अलावा तीन दिन पहले पॉजिटिव मिली नवलगढ़ की महिला की बहू की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सीकर शहर के ईदगाह इलाके में 8 माह की गर्भवती 26 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव मिली हैं। महिला 16 अप्रैल को जिले की सीमा सील होने के बावजूद पांच साल की बेटी के साथ जयपुर से सीकर आई थी।
नागौर: यहां के बासनी गांव में कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के बाद प्रशासन ने इस क्षेत्र को सुपर रेड जोन घोषित किया है। यहां केवल 700 मीटर दायरे में ही सभी 82 रोगी सामने आ चुके हैं। यहां पर मरीजों की संख्या जयपुर के रामगंज की जैसे लगातार बढ़ती जा रही है।
यह तस्वीर जयुपर की है। शहर में कोरोना संक्रमण के 755 मामले सामने आ चुके हैं। शहर में 28 थाना इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
राजस्थान: जयपुर में संक्रमितों का आंकड़ा 755 पहुंचा
Comment Now