कांकेर. लाॅकडाउन में भाजपा मंडल अध्यक्ष व महामंत्री को सरेआम शराब पीते पकड़ा गया। जब पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो धमकी देने के साथ ही हमला कर दिया। थाना प्रभारी को गड्ढे में धकेल दिया। विवाद बढ़ा तो पुलिस ने अध्यक्ष और महामंत्री समेत एक शराब विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया। एक दिन पहले भी पखांजूर में अफसर को सरकारी कार्यालय में शराब पीते गिरफ्तार किया गया था।
कोरोना संक्रमण के चलते देश में लॉकडाउन होने के बावजूद पखांजूर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामल मंडल, बांदे मंडल महामंत्री उत्तम देवनाथ और महुआ शराब विक्रेता विप्लव राम शनिवार रात पखांजूर स्थित शासकीय वीर गेंदसिंह महाविद्यालय के सामने एप्रोच रोड पर कार खड़ी कर महफिल जमा कर बैठे थे। इसी दौरान रात 9.30 बजे पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी इस ओर पहुंची और उन्हें पकड़ लिया। तीनों को जेल भेज दिया गया।
अन्य भाजपा नेता मामला न बनाने हाथ जोड़ते रहे
थाना लाने के बाद भी नशे में धुत मंडल अध्यक्ष लगातार पुलिस वालों को धमकी देता रहा। खबर सोशल मीडिया के माध्यम से नगर में फैल गई। कुछ स्थानीय भाजपा नेता बीच बचाव करने उतर गए। मामला दर्ज नहीं करने पुलिस से मिन्नतें करते रहे। पुलिस के सामने इन भाजपा नेताओं की भी नहीं चली और मामला दर्ज किया गया।
तीनों के खिलाफ मामला दर्ज : पखांजूर थाना प्रभारी पीडी चंद्रा ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।
Comment Now