जयपुर. देशव्यापी लॉकडाउन के फेज-2 का आज पांचवां दिन है। राजस्थान में रविवार को भी 44 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इसमें सबसे ज्यादा जोधपुर में 27 पॉजिटिव मिले। वहीं भरतपुर में 8, झालावाड़, जयपुर और कोटा में 2-2 संक्रमित मिले। इसके अलावा जैसलमेर, हनुमानगढ़ और नागौर में एक-एक पॉजिटिव मिला। राज्य में अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1395 पहुंच गया है। वहीं, शनिवार को जयपुर में संक्रमण से पांच लोगों की मौत हुई। इसे मिलाकर अब तक संक्रमण से राज्य में 22 लोगों की जान जा चुकी है।
देश के गोदाम भरे, केंद्र जरूरतमंदाें को फ्री में गेहूं दे: गहलोत
राजस्थान में कोरोना ट्रेंड: 1351 मरीजों में 40 साल तक के 826 लोग
प्रदेश में कल यानी शनिवार रात तक मिले 1351 पॉजिटिव केस में 62% लोग 40 साल तक की उम्र के हैं। प्रदेश में 60 साल से ज्यादा उम्र के संक्रमितों का प्रतिशत कुल मरीजों का 10.88% ही है। इससे साफ है कि राजस्थान में बुजुर्ग बहुत कम संक्रमित हुए और युवा वर्ग ज्यादा चपेट में आया। 70 साल से ज्यादा की महिलाएं 1351 मरीजों में से सिर्फ 7 ही पॉजिटिव पाई गईं, यह कुल मरीजों का केवल 2.73% है। करीब 23% मरीज अधेड़ उम्र के हैं, जो 40 से 59 साल तक की उम्र के हैं।
यह तस्वीर धौलपुर की रविवार की है। यहां की बजरिया रोड पर खरीदारी करने के लिए लोगों भी भीड़ लग गई। सोशल डिस्टेंसिंग जैसी चीज यहां नजर नहीं आई।
जयपुर: एसएमएस हॉस्पिटल की एक महिला डॉक्टर संक्रमित
यह तस्वीर जयपुर के परकोटे की है। यहां लोगों ने लिख दिया- हमारी गलियों में न आएं। परकोटा इलाका जयपुर में कोरोना का एपिसेंटर बना हुआ है। (फोटो- मनोज श्रेष्ठ)
भरतपुर: यहां रविवार सुबह 8 नए पॉजिटिव केस सामने आए। वहीं पिछले 24 घंटों की यहां 50 नए पॉजिटिव केस आ चुके हैं। इनमें 49 बयाना कस्बे और एक ही मोहल्ले के हैं। शहर क्षेत्र में एक 7 साल का बच्चा भी पॉजिटिव मिला है। जिले में अब संक्रमण के 93 केस हो गए हैं। इनमें 86 केस अकेले बयाना कस्बे के हैं।
नागौर: यह जिला भी कोरोना वायरस महामारी से घिर चुका है। रविवार सुबह यहां एक नया पॉजिटिव केस सामने आया। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 32 पहुंच गई। इससे पहले शनिवार को एक ही दिन में 17 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इनमें 16 मरीज कोरोना के हॉटस्पॉट बासनी बेलिमा गांव के हैं। पॉजिटिव मरीजों में तीन और सात साल का बच्चा और 10 साल की बच्ची भी शामिल है।
जोधपुर: यहां रविवार को 27 नए पॉजिटिव केस मिले। इसके बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या 253 (इसमें 46 ईरान से आए) हो गई है। संक्रमितों में एक रेजिडेंट डॉक्टर और होमगार्ड का एक जवान भी है। इससे पहले शनिवार को 26 नए मरीज मिले थे। राजस्थान सरकार के लिए जयपुर के बाद सबसे बड़ी चिंता जोधपुर बन गया है।
सीकर: चंडीगढ़ के पंचकूला में छह जमाती पाॅजिटिव मिले। ये सभी जमाती छह दिन तक सीकर में रहे थे और सैकड़ों लोग से मिले थे। पंचकूला स्वास्थ्य विभाग ने सीकर प्रशासन को इसकी सूचना दी है। इसके बाद सीकर में प्रशासन इन जमातियों की कॉट्रैक्ट हिस्ट्री का पता कर रहा है। यह भी पता चला है कि सीकर से जमात के बाद रेवाड़ी पहुंचे और ट्रेन के जरिए दिल्ली होते हुए पंचकूला पहुंचे थे।
झुंझुनू: काेराेना संक्रमण का सामना कर रहे जिले से अच्छी खबर आई। जिले के 36 काेराेना पाॅजिटिव मिले मरीजाें में से 4 पाॅजिटिव केस निगेटिव हाे गए है। अब तक 21 पाॅजिटिव केस निगेटिव हाे चुके है। अब केवल 15 पाॅजिटिव केस का इलाज चल रहा है।
कोटा: 7 हजार से ज्यादा छात्र निकले, लेकिन अभी भी हजारों फंसे
कोटा शहर में फंसे कोचिंग छात्रों को लेने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 252 बसें कोटा भेजी । यहां यूपी के 7 हजार 500 छात्र हैं, जिन्हें बसों से उनके घरों के लिए भेजा गया। राजस्थान और यूपी सरकार ने गुरुवार को यह फैसला लिया था। छात्रों के लिए शुक्रवार को 102 बसें झांसी और 150 बसें आगरा से रवाना हुईं थी। जिसके बाद शनिवार रात तक कोटा से बसों को रवाना किया गया।हालांकि, अभी यहां बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों के छात्र फंसे हुए हैं।
यह तस्वीर कोटा की है। यहां फंसे उत्तर प्रदेश के छात्रों के लिए सरकार ने इंतजाम करके इन्हें झांसी और आगरा पहुंचाया है। इसके बाद छात्रों को अपने-अपने जिलों में भेजा जाएगा। यह शनिवार को घर जाने की जल्दी में छात्र सोशल डिस्टेंसिंग भूल गए।
राजस्थान: जयपुर में संक्रमितों का आंकड़ा 500 पार निकला
Comment Now