छत्तीसगढ़ : लॉकडाउन फेज-2 का तीसरा दिन / हॉट स्पॉट कटघोरा में 3 नए केस मिले; रायपुर में बिल विवाद की वजह से एक होटल ने एम्स के डॉक्टर्स को बाहर निकाला
Fri, Apr 17, 2020 5:47 PM
- होटल में कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे एम्स के 8 डॉक्टर्स के रहने की व्यवस्था की गई थी
- होटल प्रबंधन का राज्य सरकार के साथ बिल को लेकर विवाद हुआ था
रायपुर. लॉकडाउन फेज-2 के तीसरे दिन शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के हॉटस्पॉट कटघोरा में तीन पॉजिटिव केस मिले। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। इसके साथ प्रदेश में मरीजों की संख्या 36 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा 27 केेस अकेले कटघोरा के हैं। रायपुर के 5, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और कोरबा में एक-एक मरीज मिले हैं।
गुरुवार दोपहर ही 6 लोगों को स्वस्थ होने के बाद एम्स से छुट्टी दे दी गई। डिस्चार्ज होने वालों में चार पुरुष और दो महिलाएं हैं। सभी को 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन पर भेज दिया गया है। पिछले 24 घंटे में 10 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब एम्स में कुल 13 मरीजों का इलाज चलेगा। गुरुवार की रात पॉजिटिव मिले तीनों मरीजों को शुक्रवार की सुबह एम्स लाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार तीनों मरीज होम क्वारेंटाइन में रखे गए थे। चार दिन पहले उनके स्वाब का सैंपल जांच के लिए एम्स लाया गया था।
एम्स के डॉक्टर्स को होटल ने निकाला
- रायपुर के टाटीबंध स्थित एक होटल ने बिल विवाद की वजह से एम्स के डॉक्टर्स को निकाल दिया। इस होटल को डॉक्टर्स के लिए क्वारैंटाइन सेंटर बनाया गया था। इनको एक दूसरे होटल में क्वारैंटाइन किया गया है। बाकी स्टाफ को एम्स के गेस्ट हाउस में क्वारैंटाइन पर भेजा है। एम्स के डायरेक्टर डॉ. नितिन एम नागरकर ने बताया कि होटल प्रबंधन ने यह फैसला बिल विवाद की वजह से लिया।
- जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के 19 डॉक्टर और बायोकेमेस्ट्री विभाग के 5 स्टाफ ने क्वारैंटाइन सेंटर में काम करने से इनकार कर दिया। इस संबंध में डीएमई (डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन) डॉ. एसएल आदिले को मेल भेजा है। मेकॉज के डीन यूएस पैंकरा ने सभी डाॅक्टर्स को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।

यह फोटो बस्तर के दंतेवाड़ा के नकुलनार में साप्ताहिक बाजार का है। प्रशासन की मनाही के बाद भी बाजार खोला गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया है। बस्तर जिला कोरोना मुक्त है।
कोरोना अपडेट्स
- बिलासपुर: सिम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हो गई। गुरुवार को एक और मरीज को संदेह होने पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अभी तक 396 सैंपल में से 367 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
- भिलाई: ट्विनसिटी के खुर्सीपार जोन-2 में में 31 मार्च तक एक पॉजीटिव मरीज मिलने के कारण हॉट स्पॉट माना जा रहा था। एम्स में उपचार के बाद वह संक्रमण मुक्त हो गया। फरीदनगर, हुडको, बीएसपी एरिया में सेक्टर-1, 4 व 6, 10, नेहरू नगर, स्मृतिनगर रिसाली और दुर्ग के पद्मनाभपुर में 350 से ज्यादा लोग विदेशों से लौटने के कारण ऑरेंज जोन माना जा रहा है। इन इलाकों में क्वारैंटाइन हुए सिर्फ 90 लोग ही रह गए हैं।
- रायगढ़: लॉकडाउन में सख्ती के बावजूद ओडिशा से 8 और नागपुर से 4 लोग शहर पहुंच गए। एमसीएच हॉस्पिटल लाए गए इन लोगों ने डाॅक्टर्स को चिंता में डाल दिया। डाॅक्टर्स ने कहा, इस तरह संक्रमित क्षेत्र से अचानक लोग अस्पताल आएंगे तो संक्रमण का खतरा बढ़ेगा। 14 से 16 अप्रैल तक 50 लोग दूसरे राज्यों से जिले या शहर में घुसे हैं। 21 अप्रैल से कुछ छूट की उम्मीद से प्रशासन ने जिले की सीमाएं सील कराईं हैं।

लॉकडाउन के दौरान लोगों के अलग-अलग जगहों से पहुंचने का सिलसिला जारी है। रायगढ़ में ओडिशा से पैदल चलकर लैलूंगा के मजदूर गुरुवार को पहुंचे। प्रशासन ने इन्हें आइसोलेशन सेंटर भेज दिया है।
Comment Now