Friday, 23rd May 2025

कोरोना दुनिया में LIVE / अब 1 लाख 26 हजार मौतें: दूसरे विश्व युद्ध में लड़ने वाले 99 वर्षीय सैनिक ने कोरोनो को मात दी; फ्रांस ने चीनी राजदूत को समन भेजा

Wed, Apr 15, 2020 5:25 PM

 

  • 99 साल के सैनिक इर्मांडो पिवेटा ने दूसरे विश्व युद्ध में ब्राजील की ओर से अफ्रीका में जंग लड़ा था

  • चीनी दूतावास के वेबसाइट पर लिखे लेख में कोरोना संकट को लेकर यूरोप की आलोचना की गई थी 

  • दुनियाभर में महामारी से 19 लाख 98 हजार संक्रमित हैं, जबकि 4 लाख 78 हजार 659 स्वस्थ हुए

 

वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 19 लाख 97 हजार 906 लोग संक्रमित हो चुके हैं। एक लाख 26 हजार 604 की मौत हो चुकी है। राहत की बात ये कि इसी दौरान चार लाख 78 हजार 557 मरीज स्वस्थ भी हुए। उधर, दूसरे विश्व युद्ध में लड़ने वाले 99 साल के सैनिक इर्मांडो पिवेटा मंगलवार को कोरोना संक्रमण से ठीक हो गए। पिवेटा ने ब्राजील की थल सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के तौर पर सेवाएं दी हैं। उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध में ब्राजील की ओर से अफ्रीका में जंग लड़ा था। उन्हें ब्रासिलिया स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आठ दिन के इलाज के बाद जब वे हरे रंग का आर्मी कैप पहनकर बाहर निकले तो उन्हें ट्रंपेट बजाकर बधाई दी गई। वहीं, फ्रांस के विदेश मंत्री ने चीनी दूतावास के राजदूत को एक लेख में यूरोप की आलोचना करने के लिए समन भेजा है। 

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 6 लाख 13 हजार 886 26 हजार 047 38 हजार 820
स्पेन 1 लाख 74 हजार 060 18 हजार 255 67 हजार 504
इटली  1 लाख 62 हजार 488 21 हजार 067  37 हजार 130
फ्रांस 1 लाख 43 हजार 303  15 हजार 729 28 हजार 805
जर्मनी 1 लाख 31 हजार 359 3 हजार 294 68 हजार 200
ब्रिटेन 93 हजार 873 12 हजार 107 उपलब्ध नहीं
चीन 82 हजार 249 3 हजार 341 77 हजार 738
ईरान 74 हजार 877 4 हजार 663 48 हजार 129
तुर्की  65 हजार 111 1 हजार 403 4 हजार 789
बेल्जियम 31 हजार 119 4 हजार 157 6 हजार 858

स्रोत: https://www.worldometers.info/coronavirus/

अमेरिका: ट्रम्प ने डब्ल्यूएचओ का फंड रोका

अमेरिका में 24 घंटे में दो हजार 407 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में मौतों का आंकड़ा 26 हजार 47 हो गया है। यहां संक्रमण के 26 हजार 945 नए मामले सामने आए हैं। देश में संक्रमितों की संख्या छह लाख 13 हजार 886 हो गई है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की फंडिंग रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर संगठन ने बुनियादी स्तर पर काम किया होता तो दुनियाभर में कम जान जाती। ट्रम्प ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में कहा, ‘‘आज मैं अपने प्रशासन को डब्ल्यूएचओ की फंडिंग रोकने का निर्देश दे रहा हूं। कोरोना को लेकर डब्ल्यूएचओ की भूमिका की समीक्षा की जाएगी। अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना चार से पांच हजार डॉलर की वित्तीय सहायता प्रदान करता है।’’

  • उन्होंने संगठन पर कोरोना को लेकर गलत प्रबंधन करने और प्रसार को छुपाने का भी आरोप लगया। उन्होंने कहा- डब्ल्यूएचओ पूरी तरह से चीन परस्त है। कोरोना को लेकर उन्होंने हमेशा चीन का साथ दिया है।
  • उन्होंने कहा- क्या डब्ल्यूएचओ ने चीन में वास्तविक स्थिति का आंकलन करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों को भेजा। क्या चीन की पारदर्शिता की कमी को दूर करने के लिए अपना काम किया था? इसका प्रकोप बहुत कम होता और निश्चित रूप से मौतें कम होती। हजारों लोगों की मौत और वैश्विक अर्थव्यस्था को होने वाली क्षति को टाला जा सकता था।
  • अमेरिका की नौसेना ने कहा- उसके शिप मर्सी अस्पताल के पांच सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। नौसेना ने बताया कि इन लोगों के संपर्क में आने वले लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। सेना ने कहा, “इसके कारण शिप पर होने वाले मरीजों के इलाज पर असर नहीं पड़ेगा।”

ब्रिटेन: 300 सालों में मंदी के सबसे बुरे दौर से गुजर सकता है देश
बजट पर नजर रखने वाले संस्था ने चेतावनी दी है कि अगर कोरोनावायरस के कारण लॉकडाउन गर्मियों तक रहता है तो ब्रिटेन 300 सालों में सबसे बुरे मंदी का सामना कर सकता है। ऑफिस फॉर बजट रिस्पॉन्सिबिलिटी (ओबीआर) ने कहा कि देश में बेरोजगारी 13 लाख से 34 लाख तक बढ़ सकती है। काम करने वाले 10 में से एक व्यक्ति बेरोजगार होगा। अप्रैल और जून के बीच अर्थव्यवस्था में 35% की कमी हो सकती है। यहां अब तक महामारी से 12 हजार 107 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 93 हजार 873 संक्रमित हैं।

लंदन के पिकाडिली सर्कस पर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले वर्कर्स के लिए मैसेज लिखा विज्ञापन लगाया गया है।

इटली: एक दिन में 602 मौतें
इटली में पिछले दो दिनों में मौतों की संख्या में थोड़ी वृद्धि हुई है। यहां 24 घंटे में 602 लोगों की जान गई है। यहां सोमवार को 566 और रविवार को 431 न दम तोड़ा था। देश में अब तक 21 हजार 67 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं यहां एक लाख 62 हजार 488 लोग संक्रमित हैं।

इटली के एक सुपरमार्केट में जाने से पहले कस्टमर का तापमान जांचता कर्मी। यहां अब तक 21 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

फ्रांस: चीन के राजदूत को समन
रायटर्स के मुताबिक, फ्रांस के विदेश मंत्री ने पेरिस स्थित चीनी दूतावास के राजदूत को समन भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी दूतावास के वेबसाइट पर लगातार दूसरा लेख प्रकाशित किया गया, जिसमें कोरोना संकट को लेकर यूरोप की आलोचना की गई है। विदेश मंत्री ज्यां-इव ली ने कहा कि चीनी दूतावास के प्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक रूप से इस तरह की टिप्पणी द्विपक्षीय संबंधों की बुनियाद के खिलाफ है। प्रकाशित लेख में कहा गया था कि पश्चिमी देशों ने अपने बुजुर्गों को नर्सिंग होम में मरने के लिए छोड़ दिया था। चीन की ओर से यह लेख तब प्रकाशित किया गया जब फ्रांस ने चीन से लाखों मास्क मंगवाने का फैसला किया था। फ्रांस में महामारी से अब तक 15 हजार 729 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं यहां एक लाख 43 हजार 303 संक्रमित हैं।

फ्रांस: पेरिस में एक महिला रेस्तरां से खाना पैक कराती। देश में अब तक 15 हजार 729 लोगों की मौत हो चुकी है

स्पेन: अब तक 18 हजार 255 लोगों की जान गई
स्पेन में मंगलवार को 499 लोगों की मौत हुई है और तीन हजार 961 संक्रमित हुए हैं। यहां अब तक 18 हजार 255 जान गई है। वहीं, एक लाख 74 हजार संक्रमित हैं। स्पेन अमेरिका के बाद दूसरा देश है, जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं।

स्पेन: मैड्रिड में स्वास्थ्यकर्मी रेमन वाई सैजल अस्पताल की फार्मेसी लैब में मेडिसिन पाउच तैयार कर रही हैं। यहां सोमवार से लॉकडाउन प्रतिबंधों में कुछ ढील दी गई है।

ईरान: 98 नई मौतें
ईरान में मंगलवार को 98 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक चार हजार 683 जान जा चुकी है। वहीं, कोरोना से 74 हजार 877 लोग संक्रमित हैं। यहां 24 घंटे में संक्रमण के 1,574 नए मामले सामने आए हैं। 

ब्राजील: रियो डी जनेरिया के गवर्नर कोरोना पॉजिटिव

ब्राजील के रियो डी जनेरिया प्रांत के गवर्नर विल्सन विजेल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे अब वह सेल्फ आइसोलेशन में काम करेंगे। विल्सन ने मंगलवार को ट्वीट किया, “शुक्रवार को कमजोरी महसूस होने पर मैंने कोरोना टेस्ट के लिए कहा। आज जांच के नतीजे आ गए हैं और यह पॉजिटिव है।”

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बुखार, सुखी खांसी और थकान जैसे बीमारी के कई लक्षण हैं। लेकिन, अब मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और डॉक्टरों के परामर्श का पालन करते हुए सेल्फ आइसोलेशन में रहकर काम करूंगा।” उन्होंने कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए लोगों से घरों में रहने और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे एहतियात का पालन करने की अपील की है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery