Friday, 6th June 2025

छत्तीसगढ़ : लॉकडाउन का 12वां दिन / एम्स से 3 और कोरोना निगेटिव की छुट्‌टी; रायपुर में आज सिर्फ दूध, दवा और पेट्रोल मिलेगा, राशन दुकानें पूरे दिन खुलेंगी

Mon, Apr 6, 2020 1:15 AM

 

  • कोरोनावायरस के संक्रमण और दुकानों पर भीड़ के चलते सरकार ने जारी किए आदेश
  • रायपुर में दोपहर एक बजे के बाद निकलने पर एफआईआर दर्ज हो सकती है, पुलिस सख्त 

 

रायपुर. कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए किए लॉकडाउन का लोग तमाम कोशिशों के बावजूद पालन नहीं कर रहे हैं। पकड़े जाने पर लोग कई तरह के बहाने भी बना रहे हैं। इसे देखते हुए अब पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। रायपुर में रविवार से 48 घंटे के लिए कर्फ्यू जैसे नियम लागू होंगे। राज्य सरकार ने पूरे दिन सरकारी राशन की दुकानें खोलने के आदेश दिए हैं। इन सबके बीच रविवार सुबह एक अच्छी खबर भी आई। एम्स में कोरोना की फाइनल रिपोर्ट निगेटिव आने पर तीन और मरीजों की छुट्टी कर दी गई। तीनों ही रायपुर के रहने वाले हैं। अब तक 7 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।

लोगों ने कहा- दीये जलाकर एकता दिखाएं, सीएम बोले- ये ठीक नहीं

भिलाई के बख्शी परिवार ने इस तरह से तैयारी की है। मोदी के आह्वान के बाद दो दिन से यह परिवार रोज दीये जला रहा है।

छत्तीसगढ़ में दीये जलाने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह खुशी मनाने का समय नहीं है, लेकिन एकता दिखाने का जरूर है। ये एक माध्यम है। कुछ जिलों में हिंदू संगठन भी लोगों को इसके लिए जागरूक कर रहे हैं। कुछ जिलों में लोगों ने इसे सही नहीं माना। उनका कहना है कि दीये जलना सही नहीं है। मदद और अन्य जरूरत की चीजें जरूरी हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी दीये जलाने को गलत बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली खुशियों में मनाई जाती है। जब देश में लोग मर रहे हों, डर का वातावरण हो तो यह सब करना ठीक नहीं है। 

रायपुर के तीन और मरीज ठीक होकर घर लौटे

एम्स से डिस्चार्ज किए गए तीनों मरीज रायपुर के डीडीनगर, बैरनबाजार और देवेंद्रनगर के हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। प्रदेश में अब कोरोना पॉजिटिव 3 लोगों का ही इलाज चल रहा है। 

प्रदेश में अब तक 10 मामले सामने आए

प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव के अब तक 10 मामले सामने आए। इनमें से 7 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। कोरोना संक्रमण की इस लड़ाई में रायपुर के रामनगर में रहने वाले 68 साल के बुजुर्ग, पहली पॉजिटिव युवती के बाद अब तीन और लोग घर लौटे हैं। अब रायपुर का कोई व्यक्ति पॉजिटिव नहीं है। वहीं सऊदी अरब से लौटे भिलाई के युवक और बिलासपुर की महिला को भी अस्पताल से छुट्‌टी मिल चुकी है। 

सबसे पहले रायपुर में 19 मार्च को सामने आया था पहला मामला

  • 19 मार्च : रायपुर की समता कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय युवती पॉजिटिव मिली। वह लंदन से लौटी थी। 
  • 25 मार्च : 2 मामले सामने आए। पहला राजनांदगांव में और दूसरा रायपुर में ही। राजनांदगांव के भरकापारा निवासी 30 वर्षीय युवक थाईलैंड से घूमकर लौटा था। वहीं, रायपुर के सुभाष स्टेडियम इलाके की रहने 30 वर्षीया युवती लंदन से लौटी थी। जानकारी छिपाने पर युवती पर एफआईआर दर्ज की गई।
  • 26 मार्च : 3 नए केस बिलासपुर, रायपुर और भिलाई में सामने आ गए। बिलासपुर के रामालाइफ में 64 वर्षीया महिला का सैंपल पॉजिटिव आया। महिला दुबई से लौटी थी और अपनी जानकारी छिपाई। भिलाई जोन सेक्टर 2 के खुर्सीपारा का रहने वाला युवक भी दुबई से लौटा। उसमें भी पॉजिटिव की पुष्टि हुई। जबकि रायपुर के रामनगर में 60 वर्षीय वृद्ध पॉजिटिव मिले। उनकी राज्य या विदेश यात्रा की कोई हिस्ट्री नहीं थी। 
  • 28 मार्च : रायपुर के ही देवेंद्र नगर में 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। वह भी यूके से ही लौटा था। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
  • 30 मार्च : कोरबा में भी एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया। यह युवक भी यूके से लौटा था। 
  • 31 मार्च : रायपुर के ही रोहणीपुर में एक युवती पॉजिटिव मिली। उसकी भी ट्रेवेल हिस्ट्री लंदन की है
  • 4 अप्रैल : कोरबा में तब्लीगी जमात से आए हुए 16 वर्षीया एक किशोर पॉजिटिव मिला।

एक दुकान दो से तीन स्थानों पर राशन देगी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राशन दुकानों में लोगों की भीड़ देखते हुए राशन सामान पूरे दिन देने के आदेश दिए हैं। इसके लिए सभी जिला कलेक्टरों को पत्र लिखा गया है। इसके मुताबिक, दुकानों को पूरे महीने खुला रखा जाए। राशन लेने आने वालों के लिए सारी जानकारी दुकान के बाहर ही चस्पा हो। इसमें दुकान खुलने, बंद होने का समय, दर, पात्रता, खाद्यान्न के प्रकार की जानकारी दी जाए। दुकानों के अंदर और बाहर 2 से 3 स्थानों पर राशन का वितरण हो। 

सावधानी बरते जाने के लिए गाइडलाइन भी जारी 
लोगों के बीच एक मीटर की दूरी रखें। इसके लिए जमीन में गोल या चौकोर निशान बनाए जाएं। चेहरे को ढकने के लिए सामान्य सर्जिकल मास्क-रुमाल का उपयोग, ईपीओएस डिवाइस (टैबलेट) पर प्रत्येक बाॅयोमीट्रिक सत्यापन के पहले साबुन से हाथ धोएं। इसके लिए अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का भी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सैनिटाइजर और मास्क सभी दुकानों में उपलब्ध कराने को कहा है। 
दोपहर में सड़क पर घूमते मिले तो गिरफ्तारी 

लॉकडाउन के दौरान रायपुर में सड़क पर घूमते मिले युवकों को पुलिस ने दंडबैठक और अन्य तरह की सजा दी।

रायपुर पुलिस ने दोपहर एक बजे के बाद घर से बाहर निकलने पर पूरी तरह से रोक लगा दी। इसके लिए शनिवार देर शाम से ही पुलिस फोर्स सब जगह तैनात कर दी गई है। पुलिस ने सभी जगह फ्लैगमार्च किया। जो नहीं मान रहे थे, उनको अलग-अलग तरह से सजा भी दी। शहर में कर्फ्यू जैसे हालात कर दिए गए हैं। यह फिलहाल 48 घंटों तक लागू रहेगा। इस दौरान कोई सड़क पर घूमता हुआ मिला ताे उसकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। 

बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने की मुख्यमंत्री की तारीफ
बाॅलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ की। कोरोना संक्रमण की महामारी के बीच मुख्यमंत्री के कार्याें को देखते हुए स्वरा भास्कर ने लिखा है कि वे कमजोर तबके और हाशिए पर रहने वाले लोगों की चिंता बेहतर तरीके से कर रहे हैं। इसको लेकर वे काफी सक्रिय हो हैं। दरअसल, कोरोना संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बहुत से ऐसे कदम उठाए हैं, जो कारगर साबित हुए हैं। 

प्रदेश में 70 हजार 456 लोग होम क्वारैंटाइन में, घरों के बाहर पोस्टर लगाए
स्वास्थ्य सचिव निहारिका बारिक सिंह ने होम क्वारैंटाइन में रखे गए लोगों से नियम का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 28 दिनों में अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय यात्रा से छत्तीसगढ़ आए लोगों को होम क्वारैंटाइन में रखे जाने का आदेश दिया गया है। प्रदेश में ऐसे 70 हजार 456 लोग हैं। इनके घरों के बाहर पोस्टर भी लगाए गए हैं, लेकिन कई लोग उसे हटा दे रहे हैं। इस पर सख्ती से ध्यान देने की जरूरत है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery