Friday, 23rd May 2025

कोरोना विदेश में LIVE / 42 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई: अमेरिका में मौतों का आंकड़ा 4 हजार के पार, 24 घंटे में 811 लोगों ने दम तोड़ा

Wed, Apr 1, 2020 4:42 PM

 

  • राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को कहा- अमेरिकियों के लिए अगले दो हफ्ते बेहद दर्दभरे रहने वाले हैं
  • संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख गुटेरेस ने कहा- हम संयुक्त राष्ट्र के 75 साल के इतिहास में पहली बार वैश्विक स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहे

 

वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोनावायरस से आठ लाख 58 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अब तक 42 हजार 322 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख 78 हजार 101 व्यक्ति स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका में एक दिन में 811 लोगों की जान गई है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, यहां अब तक चार हजार 76 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक लाख 89 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकियों के लिए अगले दो हफ्ते बेहद दर्दभरे रहने वाले हैं। इसके बाद यहां स्थिति बेहतर होगी।

कोरोना पर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि कोरोनावायरस दुनिया के सामने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ी चुनौती है। महामारी को रोकने के लिए दुनियाभर के देशों को ज्यादा मजबूत और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। इसकी वजह से सामाजिक और आर्थिक तबाही हुई है। हम यूएन के 75 साल के इतिहास में पहली बार सबसे बड़े वैश्विक स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहे हैं।

अमेरिका: ट्रम्प बोले- मुश्किल दौर के लिए तैयार रहें
ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में डेली ब्रीफिंग के दौरान कहा, ‘‘मैं चाहता हूं हर अमेरिकी आने वाले मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहे। यह देश के लिए परीक्षा की घड़ी है। पहले हमने कभी ऐसे संकट का सामना नहीं किया। संक्रमितों की संख्या कम करने के लिए उनके प्रति एकजुटता और प्रेम दिखाने की जरूरत है। यह जीवन और मौत का मामला है।’’ बाद में ट्रम्प ने दो हफ्ते को तीन हफ्ते तक बढ़ा दिया। देश में और एक महीने सोशल डिस्टेंसिंग की जा सकती है। व्हाइट हाउस के अधिकारी डेबोराह बीरक्स ने मंगलवार को कहा, “हमारे देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक से दो लाख तक हो सकती है। हमें विश्वास और उम्मीद है कि बीमारी से निपटने के लिए हम हर दिन और बेहतर कर सकते हैं।”

अमेरिका: न्यूयॉर्क का ब्रूकलिन हॉस्पिटल सेंटर।

इटली: मौतों का आंकड़ा 12 हजार के पार
worldometers.info के मुताबिक, इटली में एक दिन में 837 लोगों की मौत हुई है और चार हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक 12 हजार 428 लोगों की जान जा चुकी है। यहां एक लाख पांच हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। मंगलवार रात हेल्थ एजेंसी ने बताया कि 66 डॉक्टरों की कोरोना से मौत हो चुकी है। कुछ दिन पहले यह आंकड़ा 43 बताया गया था। कुल मिलाकर 8,956 हेल्थ केयर वर्कर संक्रमित हैं।

संक्रमण से हुई मौतों के कारण इटली के क्वीरीनेल प्रेसिडेंशियल पैलेस पर लगा फ्लैग फ्लैग आधा झुकाया गया।

स्पेन: एक दिन में 748 लोगों की मौत
स्पेन में मंगलवार को 748 लोगों की मौत हुई। यहां एक दिन पहले 913 लोग मारे गए थे। देश में अब तक आठ हजार 464 लोग जान गंवा चुके हैं। यहां 95 हजार 913 लोग संक्रमित हैं। यहां लॉकडाउन का तीसरा हफ्ता चल रहा है। नेशनल हेल्थ इमरजेंसी के चीफ फर्नांडो सिमॉन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

पेरु के एयरपोर्ट पर फंसी स्पेन की इसाबेल और उनका 11 महीने का बेटा। उन्हें और अन्य लोगों को स्पेन भेजा जा रहा। 

चीन: कोई केस नहीं, केवल 5 मौतें
चीन में मंगलवार को संक्रमण का एक भी मामला दर्ज नहीं किया गया। यहां केवल पांच लोगों की मौत हुई। चीन में स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। कोरोनावायरस के एपिसेंटर रहे वुहान में अभी भी आंशिक रूप से लॉकडाउन है। हालांकि, ट्रेन और उड़ान सेवा शुरू कर दी गई है। 8 अप्रैल को लॉकडाउन यहां से पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

चीन का वुहान शहर। संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद यहां धीरे-धीरे लॉकडाउन खत्म हो रहा है। 

द. अफ्रीका: भारतीय मूल की वायरोलॉजिस्ट की मौत

दक्षिण अफ्रीका में वायरोलॉजिस्ट गीता राम जी की कोरोनावायरस से मंगलवार को मौत हो गई। वह देश में इस महामारी मरने वाली पहली भारतीय हैं। द. अफ्रीका में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 1353 लोग संक्रमित हैं। 64 वर्षीय रामजी एक हफ्ते पहले ही लंदन से लौटी थीं, उस समय उनमें कोरोना के कोई लक्षण नजर नहीं आए थे।

वायरोलॉजिस्ट गीता राम जी कुछ दिनों पहले लंदन से लौटी थीं।

ऑस्ट्रेलिया: 60 न्यूजपेपर की प्रिंटिंग बंद
ऑस्ट्रेलिया में कोरोनावायरस से दस हजार 180 लोग संक्रमित हैं, जबकि 128 लोगों की मौत हो चुकी है। रूपर्ट मर्डोक के ऑस्ट्रेलियाई प्रमुख मीडिया समूह न्यूज कॉर्प ने बुधवार को घोषणा की कि वह लगभग 60 क्षेत्रीय समाचार पत्रों को छापना बंद कर देगा। क्योंकि कोरोना की वजह से विज्ञापन नहीं मिल रहा और मीडिया समूह को नुकसान हो रहा है। न्यूज कॉर्प ने कहा कि न्यू साउथ वेल्स, विक्टोरिया, क्वींसलैंड और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के राज्यों में प्रिंटिंग बंद हो जाएगा और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर काम होते रहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बीच (समुद्र-तट) बंद।

पाकिस्तान: पंजाब और सिंध में ज्यादा मामले

पाकिस्तान में पंजाब (708) और सिंध प्रांत (676) सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। देश में अब तक दो हजार सात केस सामने आ चुके हैं। मंगलवार को पंजाब में 18 नए मामले मिले। वहीं, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 148 और इस्लामाबाद में 58 केस सामने आए हैं। यहां 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान: क्वेटा में राशन लेने के लिए बैठे लोग।

टॉप 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश

कितने संक्रमित

कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 1,89,510 4,076 7,109
इटली 1,05,792 12,428 15,729
स्पेन 95,923 8,464 19,259
चीन 81,518 3,305 76,052
जर्मनी 71,808 775 16,100
फ्रांस 52,128 3,523 9,444
ईरान

44,605

2,898 14,656
ब्रिटेन 25,150 1,789 135
स्विट्जरलैंड 16,605 433 1,823
तुर्की 13,531 214 243

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery