Monday, 9th June 2025

लॉकडाउन / दिल्ली से मुरैना आ रहे युवक की आगरा में मौत, यूपी-बिहार के लिए निकले परिवारों ने कहा- रुके तो भूख से मर जाएंगे

Sun, Mar 29, 2020 6:00 PM

 

  • मानवीय पहलू: रास्ते में बीमार पड़ रहे, दवा तो दूर खाना भी नहीं मिल पा रहा
  • वैज्ञानिक पहलू: सैकड़ों किमी लंबे सफर में ही कोरोना संक्रमण की आशंका

 

भोपाल.  जहां काम करते थे, वे फैक्ट्रियां बंद हो गईं। जहां रहते थे वो घर छोड़ना पड़ा। गुलजार के शब्दों में कहे तो उनकी मढ़ी-गढ़ी और मीठे कुएं सब औंधे हो गए। एक ही रास्ता बचा घर का। जिसको जो साधन मिला, निकल पड़ा। काेई मीलों चला और मारा गया। किसी ने 350 किलोमीटर चलकर ठिकाना पा लिया। फिर भी कोरोना के कारण पलायन जारी है। ऐसा ही नजारा देखने को मिला मध्यप्रदेश में कई शहरों में, जहां अपने घरों को पलायन करते बड़ी तादाद में मजदूर देखे गए। कोई दिल्ली से चलकर मुरैना पैदल आया तो कोई परिवार अहमदाबाद से झाबुआ बस से पहुंचा। वहीं, मध्य प्रदेश में रह रहे उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग वापस जाते दिखे।

दिल्ली से मुरैना के लिए पैदल चला, आगरा में मौत 

मुरैना में शुक्रवार काे दिल्ली से पैदल मुरैना (अंबाह) के बड़फरा गांव के लिए निकले 39 साल के रणवीर सिंह की आगरा के सिकंदरा के पास मौत हो गई। होटल में काम करने वाला रणवीर शुक्रवार दोपहर 3 बजे साथियों के साथ निकला था। शाम 6 बजे उसने अंबाह में ब्याही अपनी बहन को फोन पर कहा- मैं फरीदाबाद आ गया हूं। जल्द ही घर पहुंच जाऊंगा। शनिवार सुबह पांच बजे उसका फिर बहन के पास फाेन आया। उसने कहा कि मेरी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हाे रही है। गला सूख रहा है और पेट में दर्द हो रहा है। आगरा पहुंचने के बाद उसके साथी आगे निकल गए और सुबह 6.30 बजे सिकंदरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे उसकी मौत हो गई।

दिल्ली से पैदल मुरैना (अंबाह) के बड़फरा गांव के लिए निकले 39 साल के रणवीर सिंह की आगरा के सिकंदरा के पास मौत हो गई।

अहमदाबाद से बस में झाबुआ पहुंचे, वहां से पैदल-पैदल गुना 

गुना से अहमदाबाद में काम करने पहुंचे 28 लोग तीन दिन तक 350 किमी पैदल चलकर शनिवार को पहुंचे वापस। अशाेकनगर जा रहे अरविंद लोधी, कृष्णपाल यादव, राम दयाल लोधी, बाल कृष्णनन, महाराज सिंह ने बताया कि मालिक ने पाइप फैक्ट्री बंद कर दी और पैसे भी नहीं दिए। जैसे-तैसे एक बस में बैठकर झाबुआ तक पहुंचे। उसके बाद से पैदल चल रहे हैं। रास्ते में किसी खाना दिया तो खा लिया। दो दिन भूखे ही चलते रहे।

गुजरात से 350 किमी पैदल चलकर आए लोग।

अहमदाबाद और सूरत से 100 ऑटो में मप्र लौट रहे 150 लोग 

अहमदाबाद और सूरत से 150 से ज्यादा लोग 100 ऑटो में सफर कर मुरैना और ग्वालियर लौट रहे हैं। ये सभी साथ चल रहे हैं। मुरैना निवासी चंद्रभान सिंह तोमर ने बताया कि वे शिवपुरी पहुंच गए हैं। यहां से ग्वालियर और मुरैना नजदीक पड़ता है, वहां जल्द पहुंच जाएंगे। चंद्रभान सिंह ने बताया कि शुक्रवार को इंदौर पहुंचे तो पीछे से आ रही पुलिस गाड़ी ने ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे उसके बेटे का सिर फूट गया। बेटे की हालत अभी ठीक है।

गुजरात में काम करने वाले ऑटो से मध्य प्रदेश लौट रहे हैं।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery