वॉशिंगटन. दुनिया के सभी 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में हैं। रविवार सुबह तक 6 लाख 63 हजार 541 संक्रमितों की पुष्टि हुई। 30,873 लोग जान गंवा चुके हैं। इसी दौरान एक लाख 42 हजार 175 स्वस्थ भी हुए। यूरोप में मौतौं का आंकड़ा 20 हजार से ज्यादा हो गया है। उधर, स्पेन की राजकुमारी मारिया टेरेसा की 26 मार्च को पेरिस में मौत हो गई। वह 86 साल की थीं। मारिया की मौत की जानकारी उनके भाई और ड्यूक ऑफ अरेंज्यूज सिक्सटो एनरिक डी बोरबोन ने फेसबुक पर दी। दुनियाभर में किसी भी शाही परिवार के सदस्य की यह पहली मौत है। राजकुमारी मारिया परिवार की कैडेट शाखा, बॉर्न-परमा के घर की सदस्य थीं।
वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी ग्रेगॉयर कोरोनावायरस से ठीक हो गई हैं। उन्होंने शनिवार को इसकी जानकारी दीं। ट्रूडो के ऑफिस ने 12 मार्च को उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की थी। वे लंदन से वापस आने के बाद संक्रमित हुई थीं। इसके बाद प्रधानमंत्री, उनकी पत्नी और पूरे परिवार को आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया था। कनाडा में अब तक 5,655 लोग संक्रमित हैं, जबकि 60 की मौत हो चुकी है।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और उनकी पत्नी सोफी ग्रेगॉयर।
अमेरिका: न्यूयॉर्क और उसके पड़ोसी राज्यों को क्वारैंटाइन नहीं किया जाएगा
अमेरिका में संक्रमितों की संख्या एक लाख 23 हजार से ज्यादा हो गई है। 2,221 लोगों की मौत हुई है। देश में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले न्यूयॉर्क से सामने आए हैं। यहां 53 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं, जबकि 782 लोगों की मौत हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार देर रात कहा कि न्यूयॉर्क और उसके पड़ोसी राज्यों को क्वारैंटाइन नहीं किया जाएगा। कोरोनावायरस के प्रसार के बीच न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टिकट के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की जाएगी। वे थोड़े समय से इन राज्यों को क्वारैंटाइन करने पर विचार कर रहे थे। व्हाटइट हाउस के कोरोनावायरस टास्क फोर्स की सिफारिश और न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टिकट के गवर्नरों से बातचीत के बाद मैंने कुछ दिनों के लिए इन जगहों पर सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी करने के लिए कहा है।’’
कोरोनावायरस के कारण न्यूयॉर्क स्थित चाइना टाउन खाली हुआ।
इटली: 3 अप्रैल को लॉकडाउन खत्म हो रहा
यूरोप में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देश इटली है। शनिवार को यहां 889 लोग मारे गए। अब तक दस हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 92,472 लोग संक्रमित हैं। सरकार ने यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा दिया था। देश के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में कैद है। इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे लॉकडाउन की समय सीमा और बढ़ा सकते हैं।
इटली के बोन शहर में स्थित यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में कोरोना मरीज को इलाज के लिए जाते चिकित्सक।
स्पेन: अब तक करीब 6 हजार लोगों की मौत
स्पेन यूरोप का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। यहां अब तक 5982 लोगों की मौत हुई है, जबकि 73,235 व्यक्ति संक्रमित हैं। यहां भी सरकार ने 11 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा दिया है। चीन ने शनिवार को स्पेन को 12 लाख मास्क दिए हैं।
स्पेन के बुर्गोस शहर में एक ड्राइवर की जांच करता स्वास्थ्यकर्मी।
फ्रांस: 15 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया गया
जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, फ्रांस में अब तक 2314 लोगों की मौत हुई है। 38 हजार 105 नागरिक संक्रमित हैं। स्वास्थ्य मंत्री ओलीवियर वेरान ने शनिवार को कहा कि फ्रांस ने एक अरब से ज्यादा फेस मास्क का आदेश दिया है। हाल में हर हफ्ते देश में 40 करोड़ मास्क का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन से भी मास्क मंगाया जाएगा।
फ्रांस में एफिल टावर पर फ्रेंच में थैंकयू लिखकर मेडिकल स्टाफ का आभार जाताया गया।
न्यूजीलैंड: कोरोनावायरस से पहली मौत
न्यूजीलैंड में शनिवार को कोरोनावायरस से संक्रमित 70 साल की एक महिला की मौत हो गई। देश में महामारी से यह पहली मौत है। रविवार को यहां 63 नए मामले सामने आए। यहां संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 514 है। प्रधानमत्री जेंसिडा अर्डर्न ने महिला की मौत पर दुखा जताया और कहा कि हम सबको इससे मिलकर लड़ना है। यहां बुधवार आधी रात से चार हफ्तों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
न्यूजीलैंड का क्राइस्टचर्च शहर। देश को 28 दिन तक लॉकडाउन किया गया है।
तुर्की: 7,402 मामले, 108 लोगों की मौत
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, तुर्की के हेल्थ मिनिस्टर फहार्टिन कोका ने शनिवार रात ट्वीट किया- तुर्की में कोरोनावायरस से संक्रमण की पुष्टि के कुल 7,402 मामले सामने आ चुके हैं। अभी शनिवार तक कुल 7,641 टेस्ट किए जा चुके हैं। 108 लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्की में कोविड-19 संक्रमण का पहला मामला 11 मार्च को सामने आया था।
इस्तानबुल में मेट्रो स्टेशन पर मास्क पहनी महिला।
मिस्र: राष्ट्रपति सिसी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस ने चर्चा की
राष्ट्रपति सिसी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अल नाहयान के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान वायरस के प्रसार को रोकने और उससे लड़ने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। मिस्र में 576 लोग संक्रमित हैं, जबकि 36 लोगों की मौत हो चुकी है।
Comment Now