लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन का आज 5वां दिन है। राज्य में रहने वाले अधिकतर लोग घरों के बाहर लक्ष्मण रेखा बनाकर लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। लेकिन, दिल्ली से आई भीड़ ने लॉकडाउन के मायने ही बदलकर रख दिए। लखनऊ के चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे पर हजारों की भीड़ देखी गई। यहां न यात्रियों की कोई जांच हुई, न ही उनका कोई रिकॉर्ड बनाया गया। जिला प्रशासन ने 200 से अधिक बसों का इंतजाम इन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया। उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के भीतर 14 नए मरीज सामने आए। अब तक प्रदेश में 65 संक्रमित पाए गए।
अनिवार्य क्वारैंटाइन कराया जाए: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- 3 दिनों में अन्य राज्यों से एक लाख लोग प्रदेश में आए। इन सभी लोगों के नाम, पता, फोन नंबर की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए। इन सभी को सर्विलांस पर रखते हुए इनका अनिवार्य क्वारैंटाइन कराया जाए। सीएम ने नोएडा में संक्रमण के केस बढ़ने पर स्वास्थ्य और स्वच्छता को मजबूत करने के निर्देश दिए। इधर, प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा- जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि जिला मुख्यालयों पर पहुंच रहे कामगारों के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। गांव पहुंचने पर इनकी सूची बनाई जाए और जिन्हें आइसोलेट या क्वारैंटाइन करने की जरूरत है, उन्हें किया जाए।
योगी ने कहा- जो लोग अन्य राज्यों से आएं, उन्हें क्वारैंटाइन किया जाए।
नोएडा: एक कंपनी पर केस दर्ज
गौतमबुद्धनगर (नोएडा-ग्रेटरनोएडा) में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 हो चुकी। शनिवार को यहां 9 नए केस सामने आए थे। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भार्गव ने सीज फायर कंपनी पर महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया। आरोप है कि कंपनी में विदेश से आए व्यक्तियों के कारण जिले के विभिन्न सेक्टरों में संक्रमण फैला। इस कंपनी के 13 लोग पॉजिटिव पाए गए। यह एफआईआर एक्सप्रेस-वे नोएडा थाने में दर्ज हुई।
झांसी: सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं
झांसी में लॉकडान है। लेकिन, यहां सुबह सब्जी मंडी, राशन की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। लोग सड़कों पर बेवजह घूमते देखे जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस-प्रशासन इस तरह के लोगों को सबक सिखाने की बात कर रहा है।
झांसी की सब्जी मंडी में शनिवार को भीड़ देखी गई। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया।
वाराणसी: मंडी में आम लोगों के प्रवेश रोक
लाॅकडाउन में सख्ती के बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। शनिवार रात को बस चलने की अफवाह के बाद अचानक भीड़ रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ पड़ी। मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को अलग-अलग जगहों पर शिफ्ट किया। रविवार को पूर्वांचल की सबसे बड़ी किराना मंडी विशेश्वरगंज में पुलिस ने आम जनता की प्रवेश पर रोक लगा दिया। शिवपुर के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव को सील कर दिया गया। परिवार वालों का सैंपल लेकर बीएचयू जांच को भेजा गया।
वाराणसी में बस अड्डे पर लगी लोगों की भीड़।
13 शहरों तक फैला संक्रमण
22 दिनों में 65 संक्रमित व्यक्ति सामने आए हैं। शनिवार को 133 संदिग्धों को राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। अब तक यूपी के 2283 संदिग्धों की जांच कराई जा चुकी है। इनमें 2171 जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 52 की रिपोर्ट आना बाकी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक 14 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
शहर | संक्रमित मरीज |
नोएडा | 27 |
आगरा | 10 |
लखनऊ | 8 |
गाजियाबाद | 5 |
मेरठ | 5 |
पीलीभीत | 2 |
वाराणसी | 2 |
लखीमपुर खीरी, बागपत, मुरादाबाद, कानपुर, जौनपुर और शामली में एक-एक मरीज |
6 |
कुल | 65 |
लखनऊ में अयोध्या रोड पर कामता पुलिस चौकी के पास रोडवेज में बैठने का प्रयास करता युवक।
मीटर रीडिंग का काम स्थगित
कोरोनावायरस महामारी के चलते उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने अप्रैल माह में मीटर रीडिंग का काम स्थगित कर दिया गया है। यह सभी बिल 3 माह के औसत उपभोग के आधार पर बनाया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पंजीकृत हैं, उन्हें यह बिल एसएमएस के जरिए और जिनके ईमेल एड्रेस पंजीकृत हैं, उन्हें ईमेल से भेजे जाएंगे। पावर कॉर्पोरेशन के निदेशक वाणिज्य एके श्रीवास्तव ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं।
Comment Now