Friday, 6th June 2025

बिलासपुर : लॉकडाउन का चौथा दिन / जरूरतमंदों को आज से निगम देगा मुफ्त राशन; पुलिस ने शुरू की सेल्फी विद क्वेरेंटाइन

Sat, Mar 28, 2020 6:35 PM

 

  • काम बंद होने से खाली हुए मजदूर लगाए जाएंगे राशन बांटने के काम में
  • संक्रमण को लेकर अफवाह फैलाने वाले दो और लोगों पर एफआईआर

 

बिलासपुर. कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने और लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम शनिवार से लोगों को मुफ्त राशन बांटेगा। इसके लिए काम बंद होने से खाली हुए मजदूरों को लगाया जाएगा। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक फोन कर सुविधा ली जा सकती है। पुलिस ने जहां सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, वहीं लोगों को जागरूक करने के लिए सेल्फी विद क्वेरेंटाइन शुरू की है। 

जोन कार्यालय से बंटेंगे खाद्य सामग्री के पैकेट

देर रात नगर निगम की टीम ने गरीबों को बांटे राशन के पैकेट।

नगर निगम सीमा में दिहाड़ी मजदूर और ऐसे परिवार, व्यक्ति जो लाॅकडाउन होने के कारण मजदूरी नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें खाद्य सामग्री के पैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक पैकेट में 5 किलो चावल, एक किलो आटा, एक किलो दाल, एक किलो नमक और आधा किलो तेल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए अधीक्षण अभियंता सुधीर गुप्ता को नोडल अधिकारी (9993596555), अनुपम तिवारी कार्यपालन अभियंता (9993596615), सोमशेखर विश्वकर्मा सहायक अभियंता (8358003000), विकास पात्रे उप अभियंता (8269357465), रमनदीप छाबड़ा (9893508114) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 


ब्लोअर मिक्सर मशीन: घंटे भर में 10 किमी में छिड़काव
निगम प्रशासन ने आधुनिक ब्लोअर मिक्सर मशीन मंगाई है। यह 1 घंटे में करीब 10 किमी क्षेत्र को संक्रमणरहित करने की क्षमता रखता है। शुक्रवार को नेहरू चौक से लेकर गांधी चौक तक मशीन से संक्रमणरहित किया गया। मशीन 12 कर्मचारियों के कार्य को अकेले ही तेजी से कर सकता है। इस मशीन के माध्यम से शहर भर को तेजी से संक्रमणरहित करने का कार्य किया जाएगा।

परिवार के साथ बिताए जा रहे पलों की फोटो पुलिस को भेजिए
लोगों को जागरुक करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सेल्फी विद क्वेरेंटाइन (Selfie_wid_Qurantine) नाम से एक अनोखी पहल की है। इसमें लोग परिवार के साथ घर पर रहकर बिताए गए पलों की सेल्फी इस नंबर 9479264100 पर पुलिस को भेज कर उनका मनोबल बढ़ा सकते हैं। इस पहल पर कुछ लोगों ने पुलिस के प्रति अपना समर्थ और प्यार दिखाते हुए सेल्फी भेजी है। इसमें धिति वेलफेयर फाउंडेशन पुलिस को सहयोग प्रदान कर रही है।

बैकुंठपुर : अंडर ग्राउंड माइंस व श्रमिकों को किया जा रहा सेनेटाइज

बैकुंठपुर में संचालित अंडर ग्राउंड माइंस में जाने वाले श्रमिकों को किया जा रहा है सैनेटाइज।

बैकुंठपुर में संचालित अंडर ग्राउंड माइंस को श्रमिको के काम करने के लिए सेनिटाइज किया गया। देश की ऊर्जा जरूरत को पूरा करने बैकुंठपुर के अंतर्गत संचालित विभिन्न खदानों में 4800 श्रमिक कार्य कर रहे हैं।जबकि पूरे जिले के चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत 15 अंडरग्राउंड व ओपनकास्ट माइंस में करीब 15 हजार से अधिक श्रमिक कार्यरत हैं।  बैकुंठपुर जीएम एस. नागचरी ने बताया कि सभी श्रमिको को मास्क और सेनिटाइजर भी उपलब्ध कराने के साथ बाहर से आने वाले लोगों पर भी नजर रख रहे हैं। निजी कोल माइंस जैमको कम्पनी में साऊथ अफ्रीका से दो एक्सपर्ट अधिकारी आए हैं, उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। 


कोरिया : एसईसीएल की खदानों में प्रोडक्शन चालू
एसईसीएल की खदानों में प्रोडक्शन चालू होने के साथ मालगाड़ी से कोयला डिस्पैच और रोड सेल शुरू कर दिया गया है। अन्य राज्यों और जिले से कोयला लेने  के लिए ट्रक चिरमिरी ओपन कास्ट पहुंच रहे हैं। वहीं सामानों की होम डिलीवरी के लिए मनेंद्रगढ़ विधायक और चिरमिरी महापौर ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं, लेकिन जिला प्रशासन या नगर निगम की ओर से इसकी सुविधा नहीं शुरू की गई है।

मुंगेली : लोरमी में बिना अनुमति पेट्रोल-डीजल देने पर रोक
जिले में भी एहतियातन कार्रवाई की जा रही है। सख्त कदम उठाते हुए प्रशासन अब बेवजह घर से बाहर निकले वालों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। लोरमी में एसडीएम रुचि शर्मा ने बिना अनुमति के पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी है। पेट्रोल पंप संचालकों को भी ये निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही बेवजह गाड़ी दौड़ाने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery