Monday, 9th June 2025

मध्य प्रदेश: लाॅकडाउन का चौथा दिन / 24 घंटे में 7 कोरोना पॉजिटिव; कमलनाथ सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेताओं ने खुद को होम आईलोसेट किया, भोपाल में पत्रकार पर केस

Sat, Mar 28, 2020 6:28 PM

 

  • मध्य प्रदेश में अब तक कोरोना के 33 मामले, 2 की मौत, भोपाल में 3 केस आने के बाद क्षेत्र को कैंटोनमेंट (निषेध) बनाया  
  • जबलपुर में 5 दिन से कर्फ्यू लगा है, लोग घरों में कैद, यहां दुबई से लौटे सराफा कारोबारी के संपर्क में आए थे 450 लोग  
  • रायसेन में विदेश यात्रा कर लौटे 1500 से ज्यादा लोग होम क्वॉरैंटाइन, प्रशासन इनकी निगरानी कर रहा

 

भोपाल. मध्य प्रदेश में 24 घंटे के अंदर 7 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें इंदौर 4, जबलपुर 2 और भोपाल में एक केस मिला। अब तक प्रदेश में 33 केस हो गए। शनिवार को खबर सामने आ रही कि 20 मार्च को कमलनाथ की पत्रकार वार्ता में शामिल होने वाले कुछ पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेताओं ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। यहां एक पत्रकार की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद कुछ अफसरों ने भी खुद को होम आइसोलेट किया है। भोपाल में पुलिस ने पत्रकार केके सक्सेना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जबलपुर में एक केस को छोड़कर बाकी सभी 7 पॉजिटिव सराफा व्यापारी से जुड़े हैं। इधर, इंदौर में 4 दिन के अंदर 19 केस सामने आने से सरकार बेहद सतर्क हो गई। यहां पर आईएएस अफसरों की एक विशेष टीम भेजी गई। इसमें विवेक अग्रवाल, मनीष सिंह और अविनाश लवानिया शामिल हैं। इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने 10वीं और 12वीं छोड़कर बाकी सभी कक्षाओं में जनरल प्रमोशन देने का निर्णल लिया है।

पूर्व मंत्री सचिन यादव ने ट्वीट किया-

 

जीतू पटवारी ने कहा कि सबको सावधानी बरतनी चाहिए। मैं परिवार के साथ भोपाल में स्थित घर पर हूं। बेंगलुरु से लौटने के बाद टेस्ट कराया था। शोभा ओझा ने इंदौर में खुद को क्वारैंटाइन कर लिया। उन्होंने कहा- सभी लोग ऐहतियात बरते रहे हैं। दिग्विजय सिंह इस समय घर पर हैं। उन्होंने लोगों से मिलना-जुलना बंद कर दिया है। 

जबलपुर: अब तक 8 पॉजिटिव केस, संक्रमित व्यापारी 450 लोगों के संपर्क में आया
जबलपुर में 2 और लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा सतर्कता से कदम उठा रहा है। यह दोनों मरीज संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं और 4 दिन से आइसोलेशन में थे। अब जबलपुर में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। सराफा व्यापारी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के अनुसार, व्यापारी दुबई से लौटने के बाद करीब 450 लोगों के संपर्क में आया। 

जबलपुर में 5 दिन से कर्फ्यू लगा है। ऐसे में लोग घरों में बंद हैं। 

इंदौर: अब तक 19 केस, 2 की मौत हो चुकी
शुक्रवार देर रात इंदौर में 4 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इससे पहले एक उज्जैन और एक इंदौर निवासी की मौत हो चुकी है। इंदौर में जहां पर भी कोरोना पॉजिटिव केस आ रहे हैं, उन स्थानों को कैंटोनमेंट (निषेध) किया जा रहा है। यहां के 2 किलोमीटर क्षेत्र में आने-जाने की पाबंदी लगा दी गई है। 

भोपाल: टीवी एक्ट्रेस के घर के बाहर नो विजिट का बोर्ड लगा
टीवी एक्ट्रेस दिव्यंका त्रिपाठी के चूना भट्टी स्थित मायके में घर के बाहर  ‘कोविड-19 डू नॉट विजिट’ का नोटिस चस्पा किया गया है। दिव्यंका के भाई ऐश्वर्य हाल में विदेश की यात्रा करके लौटे हैं। पोस्टर के बारे में परिजन का कहना था कि यह जिला प्रशासन की अच्छी पहल है। जहां एक ओर इस तरह के पोस्टर लगाए जाने का लोग विरोध कर रहे हैं, वहीं हमें इस बात की तसल्ली है कि जिला प्रशासन विदेश से लौटने वालों पर नजर रखे हैं। भोपाल के पत्रकार केके सक्सेना पर श्यामला हिल्स थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। सक्सेना और उनकी लंदन से लौटी बेटी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इसके साथ ही सेमरा चांदबड़ इलाके में रहने वाला रेलवे गार्ड भी कोरोना पॉजिटिव मिला। इन दोनों ही एड्रेस के आसपास एक किलोमीटर के इलाके को कैंटोनमेंट कर दिया गया है। यहां पर किसी के भी आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। भोपाल में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 93 लोगों पर केस दर्ज किए गए। शनिवार को भोपाल में नगर निगम की गाड़ियां 380 रूटों पर वाहनों से घर-घर जाकर सब्जियां बेचेंगी। लेकिन, इसके लिए भी नगर निगम ने गाइड लाइन जारी की है। सब्जी सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगी जो गाइडलाइन का पालन करेंगे।

कहां कितने कोरोना पॉजिटिव मिले 

शहर कोरोना  पॉजिटिव 
जबलपुर  8
इंदौर  19
भोपाल  3
शिवपुरी  2
ग्वालियर  1

रायसेन: अब किराने की दुकानें नहीं खुलेंगी, होम डिलीवरी शुरू होगी
पूरे जिले में 1565 यात्रियों को होम क्वारेंटाइन किया गया है। इनमें सांची 38, गैरतगंज 98, बेगमगंज 30, सिलवानी 651, उदयपुरा 142, बरेली 81 और ओबेदुल्लागंज में 525 शामिल हैं। सभी व्यक्ति स्वस्थ्य हैं। 7 लोगों के सैंपल भोपाल के एम्स भेजे गए, जिनकी निगेटिव रिपोर्ट आई। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने बताया कि शुक्रवार को किराने की दुकानें खोलने की छूट दी गई थी। अब दुकानें नहीं खुलेंगी। किराने की होम डिलीवरी शुरू कराई जाएगी। रोज की तरह ही सब्जी और दूध की आपूर्ति होती रहेगी।

शिवपुरी में अस्पताल पहुंचे मरीज भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। 

राजगढ़: 2 संदिग्ध की आज जांच रिपोर्ट आएगी, जिले में प्रशासन सख्त
माचलपुर और सुठालिया क्षेत्र में 2 लोगों को कोरोनावायरस के संक्रमण का संदिग्ध माना गया, इनकी जांच रिपोर्ट एम्स भोपाल भेजी गई। यह रिपोर्ट शनिवार शाम तक आएगी। दोनों को जिला अस्पताल में क्वारैंटाइन किया गया। इधर, शहर समेत जिलेभर में पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सभी बड़े शहर और कस्बों में किराना, सब्जी, दूध और दवाओं के लिए एक समय निश्चित कर दिया गया। उपभोक्ताओं को अब उसी आधार पर जरूरत के सामान उपलब्ध हो सकेंगे। नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। 


गुना: लॉकडाउन से परेशानी बढ़ी, दूध वालों को अब 4 घंटे की छूट, आटा चक्कियां भी खुलेंगी
लॉकडाउन को सख्ती से लागू कराए जाने के बाद कई उलटे असर सामने आए। अब शासन ने कुछ बदलाव लागू किए हैं। आवश्यक सेवाओं के राज्य मुख्य समन्वयक आईसीपी केशरी ने कलेक्टर और एसपी को निर्देश जारी किए हैं। पहला- गांव या डेयरियों से शहर में दूध लेकर आने वालों को सुबह 6 से 10 बजे तक अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जाए। दूसरा- सभी आटा चक्कियों को निर्धारित समयावधि में खुला रखा जाए। जिससे आटे की कमी न हो। 

भिंड में सुबह सब्जी मंडी खुली तो सब्जियां भरकर भागे लोग। 

अशोकनगर: जिले में सिर्फ 1 ही वेंटिलेटर, हालात बिगड़े तो संभालना मुश्किल
जिले में गंभीर मरीजों के लिए सिर्फ 1 ही वेंटिलेटर की सुविधा है। शुक्र है कि अभी जिले में कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला, लेकिन अगर हालात बिगड़े तो क्या स्थिति होगी? चंदेरी विधायक ने चंदेरी अस्पताल में एक वेंटिलेटर के लिए 7 लाख 20 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की। इससे यहां गंभीर मरीजों के लिए वेंटिलेटर की सुविधा मिल पाएगी। वहीं, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज को रेस्क्यू करने की जिम्मेदारी अब पुलिस ने ली है। पुलिस की 50 सदस्यीय डिजास्टर टीम मरीज को पकड़कर अस्पताल पहुंचाने और भर्ती कराने के लिए तैयार है। टीम को सुरक्षा कवच से लैस किया है। 

छतरपुर: बाहर निकलने पर मुर्गा बनाकर उठक-बैठक करवाई जा रही

लॉकडाउन के बाद लोगों के निकलने पर पूरी तरह से रोक लगी है। इस बीच अगर कोई निकलता भी है तो पुलिस उसके साथ सख्ती कर रही है। छतरपुर के डाकखाना चौराहा, जिला अस्पताल चौराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही है। यहां पर बाहर निकलने वाले लोगों पर चालानी कार्रवाई की। मुर्गा बनाकर उठक-बैठक कराई जा रही है और डंडों से पिटाई भी हो रही है। 

बैतूल में कोरोना से लड़ने के लिए चमत्कार पर भरोसा। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का कोई पालन नहीं। 

सिंगरौली : किसानों को फसल काटने की अनुमति दी

लॉकडाउन होने के बाद किसानों की पकी फसलें खड़ी हैं। इनकी कटाई में आ रही मुसीबतों को देखते हुए पुलिस किसानों की मदद कर रही है। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में कई किसान फसल नहीं काट पा रहे थे, ऐसे में पुलिस ने उन्हें फसल काटने के लिए अनुमति दे दी। इस दौरान ग्रामीणों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा। किसानों ने  शनिवार सुबह से सोशल डिस्टेंसिंग काे ध्यान रखते हुए 2 से 3 मीटर की दूरी पर फसल काटना शुरू किया।

भिंड: एएसआई ने कोरोना से सुरक्षा के लिए गीत बनाया

जिले में पदस्थ एएसआई संतोष अवस्थी ने कोरोना से सुरक्षा के लिए गीत बनाया है। ये गीत सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा। लोग गीत की तारीफ भी कर रहे हैं। शनिवार को शहर में सुबह की अनिवार्य छूट दी गई, इसमें किराना की दुकानों और सब्जी फल मंडी में भीड़ तो जमा हुई, लेकिन लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया। 

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery